ट्रेंडिंग
लोगों ने मिलकर रस्सी की मदद से यशोदा को कुएं से बाहर खींचा लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी.
डीएनए हिंदी: मध्य प्रदेश से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या केवल इसलिए कर डाली क्योंकि वह समय पर खाना नहीं बना पाई थी. इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला को अधमरी हालत में कुएं में फेंक दिया. मौके पर मौजूद आरोपी की बेटी ने अपने मामा को फोन लगाकर घटना की जानकारी दी. इसके बाद लोगों ने रस्सी की सहायता से महिला के शव को कुएं से बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, मामला देवास के हाटपिपलिया का है. यहां वार्ड नंबर-4 निवासी यशोदा रोज की तरह ही घर के कामों में लगी हुई थी. इस दौरान महिला का पति दिनेश माली घर पहुंचा और खाने को लेकर सवाल-जवाब करने लगा. इसपर यशोदा ने उसे कुछ समय इंतजार करने के लिए कह दिया क्योंकि वह घर के अन्य कामों में व्यस्त थी. यह सुनकर दिनेश भड़क गया और गुस्से में आकर पास पड़ी कपड़े धोने की मोगरी से यशोदा के सिर पर वार करने लगा. दिनेश के वार से यशोदा के सिर पर गंभीर चोटें आईं.
ये भी पढ़ें- OMG! 23 साल से इस लड़की ने नहीं खाया खाना, केवल चिप्स और सैंडविच खाकर है जिंदा
इस बीच पास खड़ी बच्ची ने अपनी मां को बचाने की कोशिश की लेकिन बेरहम ने उसे भी नहीं बक्शा. दिनेश ने अपनी बेटी पर भी मोगरी से वार किया. इसके बाद उसने यशोदा को अधमरी हालत में कुएं में धकेल दिया. आनन-फानन में बच्ची ने अपने मामा को फोन पर घटना के बारे में बताया तो वे बिना देरी किए अपनी बहन को बचाने पहुंच गए. लोगों ने मिलकर रस्सी की मदद से यशोदा को कुएं से बाहर खींचा लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुकी थी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि आईपीसी की धारा 302, 294, 323 और 201 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे कि कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढ़ें- OMG! 19 साल के लड़के को 76 साल की बुजुर्ग से हुआ प्यार, लोग बोले- 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं...'
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों पर अलग नज़रिया, फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.