लेटेस्ट न्यूज
Lionel Messi Instagram: लियोनल मेसी के 402 मिलियन इंस्टा फॉलोअर्स हैं और वे Cristiano Ronaldo (518 मिलियन फॉलोअर्स) के बाद दूसरे नंबर पर हैं.
डीएनए हिंदी: Lionel Messi Fifa World Cup- अर्जेंटीना को 36 साल बाद फिर से फीफा वर्ल्ड चैंपियन (Fifa World Champion) बनाकर लियोनल मेसी ने (Lionel Messi) ने नया रिकॉर्ड कायम किया है. अपना 5वां फीफा वर्ल्ड कप (Fifa World Cup) खेल रहे मेसी की कैबिनेट में सैकड़ों ट्रॉफियां भरी पड़ी हैं, लेकिन यह इकलौती ट्रॉफी थी, जिसे उन्होंने सबसे ज्यादा मिस किया था. इसी कारण फाइनल में उन्होंने इस ट्रॉफी को हासिल करने के लिए अपना सबकुछ दांव पर झोंक दिया. मेसी ने फाइनल में दो गोल किए और उनकी टीम ने पेनाल्टी शूटआउट में फ्रांस को 4-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली. वर्ल्ड कप जीतने के बाद मेसी ने भावुक होकर अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया. इस पोस्ट ने भी अब नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है. मेसी का यह पोस्ट आज तक दुनिया में सबसे ज्यादा लाइक किया गया पोस्ट बन गया है.
58 मिलियन लोग लाइक कर चुके हैं अब तक
मेसी ने इंस्टाग्राम पर अपना फोटो शेयर किया था, जिसमें वो अपने हाथ में वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर उसे पूरे स्टेडियम को दिखाने के लिए ऊंचा उठा रहे हैं. इस फोटो के साथ मेसी ने अर्जेंटीना की लोकल लेंग्वेज में एक भावुक संदेश भी लिखा था, जिसमें उन्होंने अपने फैंस और फैमिली को याद किया था. यही पोस्ट जबरदस्त वायरल हुआ है.
इस पोस्ट को अब तक 58.5 मिलियन (5.85 करोड़) से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं, जबकि 16 लाख से ज्यादा लोगों ने इस पर कमेंट किया है. इस पोस्ट ने ही नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है.
पिछला रिकॉर्ड था The EGG के फोटो का
इससे पहले इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा लाइक की गई फोटो का रिकॉर्ड The EGG का था, जिसकी अंडे की फोटो को 56.2 मिलियन यूजर्स ने लाइक किया था. मेसी की पोस्ट ने 'World Record Egg' को पीछे छोड़ दिया है. मेसी की वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने वाली पोस्ट में एक नहीं कई फोटो हैं, जिसमें उनके अपने टीम साथियों के साथ रविवार को कतर के लुसैल स्टेडियम में वर्ल्ड कप जीतने के ऐतिहासिक लम्हे का जश्न मनाते हुए फोटो भी शामिल है.
मेसी ने सोमवार को ही पछाड़ दिया था रोनाल्डो को
मेसी ने सोमवार को ही सबसे ज्यादा लाइक की गई फोटो के मामले में अपने दोस्त व फुटबॉल मैदान पर सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) को पछाड़ दिया था. इस फोटो में मेसी और रोनाल्डो एक साथ चेस खेल रहे थे. एक क्लॉदिंग लेबल के एडवरटाइजमेंट कैंपेन के लिए क्लिक की गई यह फोटो करीब 43 मिलियन लोगों ने लाइक की थी.
सोशल मीडिया सेलिब्रेटिज में दूसरे नंबर पर हैं मेसी
इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाले सेलिब्रेटिज की लिस्ट में मेसी दूसरे नंबर पर हैं. उनके इंस्टाग्राम पर करीब 402 मिलियन फॉलोअर्स हैं. उनसे ज्यादा फॉलोअर्स रोनाल्डो के ही हैं, जिनके इंस्टा प्रोफाइल पर 518 मिलियन यूजर्स फॉलो का बटन दबा चुके हैं. मेसी के बाद तीसरा नंबर कैली जेनर (Kylie Jenner) का आता है, जिनके 375 मिलियन फॉलोअर्स हैं.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर