टेक-ऑटो
'रोड एक्सीडेंट इन इंडिया 2021' की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल मारे गए कुल 19,811 कार सवारों में से 16,397 लोगों ने सीटबेल्ट नहीं लगाया था.
डीएनए हिंदीः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी की कार का मंगलवार को एक्सीडेंट हो गया था. यह एक्सीडेंट तब हुआ जब प्रह्लाद मोदी अपने बेटे, बहू और पोते के साथ यात्रा कर रहे थे. फिलहाल सभी लोगों का मैसूर में इलाज चल रहा है और प्रह्लाद मोदी और उनका परिवार ठीक है. इस एक्सीडेंट के बारे में बात करते हुए प्रह्लाद मोदी ने बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने सीट बेल्ट पहन रखा था और एक्सीडेंट होते ही एयरबैग खुल गए जिससे दुर्घटना का असर कम पड़ा.
प्रह्लाद मोदी और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर सूझ-बूझ ने उनकी जान बचा दी. लेकिन क्या आपको पता है कि सीटबेल्ट न पहनने से भारत में हर साल कितने कार सवारों की जान जाती है. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय द्वारा 'रोड एक्सीडेंट इन इंडिया 2021' की रिपोर्ट के अनुसार 2021 में पूरे भारत में दुर्घटनाओं में मारे गए प्रत्येक कार सवारों (लगभग 83%) में से कम से कम आठ ने सीटबेल्ट नहीं लगाया था.
'रोड एक्सीडेंट इन इंडिया 2021' की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल मारे गए कुल 19,811 कार सवारों में से 16,397 लोगों ने सीटबेल्ट नहीं लगाया था. सीट बेल्ट न लगाने वाले 16,397 लोगों में से 8,438 ड्राइवर और 7,965 यात्री थे. राज्यों की अगर बात की जाए तो सीटबेल्ट न पहनने के कारण उत्तर प्रदेश में कार एक्सीडेंट में सबसे अधिक (3,863) मौतें हुईं. इसके बाद मध्य प्रदेश में कुल 1,737 और राजस्थान में 1,370 लोगों की जाने गईं.
सीटबेल्ट और हेलमेट पहनने से बच सकती है जान
डब्ल्यूएचओ के डेटा के अनुसार, सीट बेल्ट का उपयोग गंभीर दुर्घटना-संबंधी चोटों और मौतों को आधे से कम कर सकता है. वहीं ठीक से बंधे हुए पूरे चेहरे को ढंकने वाले हेलमेट का उपयोग करने से दोपहिया सवारों की घातक चोटों को 64 प्रतिशत तक और मस्तिष्क की चोटों को 74% तक कम किया जा सकता है.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.