दुनिया
Axiom-4 Mission Launch Updates: भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) उस मिशन के पायलट हैं, जो इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन जा रहा है. इस मिशन का लॉन्च चौथी बार स्थगित किया गया है.
Axiom-4 Mission Launch Updates: भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) का अंतरिक्ष यान आज (11 जून) भी उड़ान नहीं भर पाएगा. Axiom-4 Mission को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (International Space Station) के लिए अंतरिक्ष तक लेकर जाने वाले स्पेसएक्स फॉल्कन-9 रॉकेट (SpaceX Falcon-9 Rocket) में एक बड़ी लीकेज पाई गई है, जिसके चलते बुधवार को मिशन लॉन्च स्थगित कर दिया गया है. इससे पहले मंगलवार को भी यह मिशन खराब मौसम के कारण उड़ान नहीं भर सका था. यह चौथा मौका है, जब इस मिशन की उड़ान को स्थगित किया गया है. दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी स्पेसएक्स के रॉकेट में जो लीकेज मिली है, उससे उड़ान के दौरान विस्फोट होने और शुभांशु शुक्ला समेत सभी एस्ट्रोनॉट्स की जान जाने का खतरा था. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि अब यह मिशन कब तक उड़ान भरेगा, क्योंकि रॉकेट की लीकेज ठीक होने में कुछ समय लगने की बात कही जा रही है.
स्पेसएक्स ने बताई है मिशन टलने को लेकर ये बात
जानकारी के मुताबिक, स्पेसएक्स फॉल्कन-9 रॉकेट में लीक सामने आने पर इंजीनियरों ने उसे ठीक करने के लिए समय मांगा है, जिसके बाद मिशन लॉन्च स्थगित करने का निर्णय लिया गया है. स्पेसएक्स ने एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में बताया कि एएक्स-4 का स्पेस स्टेशन के लिए फॉल्कन-9 से लॉन्च कल से स्टैंडिंग डाउन रहेगा. यह फैसला स्पेसएक्स टीमों को LOx (लिक्विड ऑक्सीजन) लीक की रिपेयरिंग के लिए अतिरिक्त समय देने के लिए किया गया है. यह लीक पोस्ट स्टेटिक फायर बूस्टर इंस्पेक्शन के दौरान सामने आई थीं. एक बार रिपेयरिंग पूरी हो जाएगी और जरूरी रेंज क्षमता हासिल हो जाएगी तो हम नई लॉन्च डेट शेयर करेंगे. इससे पहले मंगलवार को लॉन्च से एक दिन पहले स्पेसएक्स, NASA और Axiom Space के वैज्ञानिक फ्लोरिडा में कैनेडी स्पेस सेंटर पर मौसम पर करीबी नजर बनाए हुए थे, लेकिन लीक की खबर आने के बाद लॉन्च को टालने का फैसला किया गया.
प्री-लॉन्च प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी दी थी रॉकेट में दिक्कत की जानकारी
स्पेसएक्स के वाइस प्रेसिडेंट विलियम गेरस्टेनमायर ने प्री-लॉन्च प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी रॉकेट में दिक्कत की बात स्वीकार की थी. उन्होंने कहा था कि इंजीनियरों ने फॉल्कन-9 रॉकेट में कुछ स्नैग्स ठीक किए हैं, जो स्टेटिक फायर टेस्ट में सामने आए थे और बूस्टर्स के पोस्ट फ्लाइट रिफर्बिशमेंट के दौरान छूट गए थे. उन्होंने कहा था कि इंजीनियरों ने एक लॉक में लीक तलाश की है, जो इससे पहले आखिरी मिशन में रॉकेट की एंट्री के दौरान बूस्टर पर दिखाई दी थी. यह लीकेज रिफर्बिशमेंट के दौरान पूरी तरह ठीक नहीं हो पाई थी.
10 जून को भी टल गई थी उड़ान
इससे पहले सोमवार को ISRO चेयरमैन वी. नारायणन ने बताया था कि Axiom-4 मिशन का भारतीय गगनयात्री के साथ लॉन्च 10 जून को स्थगित कर दिया गया है. अब यह उड़ान 11 जून को होगी. उन्होंने इसके लिए खराब मौसम को जिम्मेदार बताया था. यह मिशन असल में 29 मई को लॉन्च होना था, लेकिन कुछ कारणों से पहले इसे स्थगित करके 8 जून और फिर 10 जून कर दिया गया था. इस मिशन में 14 दिन तक एक्सिओम-4 के यात्री इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर रहेंगे. इनमें भारतीय पायलट शुभांशु शुक्ला के अलावा अमेरिकी कमांडर पैगी व्हिटसन, हंगरी के टिगोर कापू और पोलैंड के एस. उजांस्की-विस्नियावस्की शामिल हैं. इस उड़ान के साथ ही शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष में जाने वाले कैप्टन राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय बन जाएंगे.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.