दुनिया
मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यह जानकारी दी है.
डीएनए हिंदी: तमाम कोशिशों के बावजूद रूस यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) थमने का नाम नहीं ले रहा है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इजरायल के पीएम नफ्ताली बेनेट से मध्यस्थता करने का आग्रह किया है. जेलेंस्की यरूशलम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए तैयार हैं. इस बीच भारत के विदेश मंत्रालय ने अहम निर्णय लिया है.
मंत्रालय का कहना है यूक्रेन में तेजी से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के साथ ही पश्चिमी भागों में हमलों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास को पोलैंड में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया जाएगा. मंत्रालय यूक्रेन की स्थिति पर लगातार नजर रखेगा और आगे की घटनाओं की स्थिति का मूल्यांकन करेगा.
In view of the rapidly deteriorating security situation in Ukraine, including attacks in the western parts of the country, it has been decided that the Indian Embassy in Ukraine will be temporarily relocated in Poland.
— Arindam Bagchi (@MEAIndia) March 13, 2022
Press Release➡️ https://t.co/tVkxNSDJmN
मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्विटर के जरिए यह जानकारी दी. उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन गंगा के तहत विदेश मंत्रालय ने भारतीय लोगों को देश सुरक्षित वापस लाने में बड़ी भूमिका निभाई है.
अभी क्या है स्थिति?
रूस की ओर से यूक्रेन पर लगातार बमबारी जारी है. रूस ने रविवार को दक्षिणी यूक्रेनी शहर मायकोलायिव पर हमला तेज कर दिया. राजधानी कीव और अन्य शहरों के बाहरी इलाके में हमले तेज किए गए. मायकोलायिव पर हवाई हमले में नौ लोग मारे गए. क्षेत्रीय गवर्नर विटाली किम ने एक ऑनलाइन बयान में यह जानकारी दी. गवर्नर के कार्यालय के अनुसार, मारियुपोल में घेराबंदी के दौरान 1,500 से अधिक लोग मारे गए हैं. स्थिति यह है कि गोलाबारी की वजह से मृतकों को कब्र भी नसीब नहीं हो पा रही है.
1300 से ज्यादा सैनिक शहीद
यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन पर रूसी आक्रमण शुरू होने के बाद से लगभग 1,300 यूक्रेनी सैनिक शहीद हो गए हैं. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वलोडिमिर जेलेंस्की पश्चिमी देशों से शांति वार्ता में सक्रिय होने का आग्रह किया. उन्होंने यूक्रेन और रूस के बीच मध्यस्थता के लिए इजरायल के प्रधान मंत्री नफ्ताली बेनेट के प्रयासों की तारीफ की.
यूक्रेन के विदेश मंत्रालय द्वारा दिन में जारी एक डेटा शीट के अनुसार, यूक्रेन ने लगभग 12,000 रूसी सैनिकों को मार गिराया. 1205 बख्तरबंद वाहनों, 58 विमानों, 83 हेलीकॉप्टरों, 362 टैंकों, 585 वाहनों और 135 तोपखानों को नष्ट कर दिया है.