वर्ल्ड
फेमस कॉमेडियन कपिल शर्मा ने अभी हाल ही में कनाडा में अपने कैफे कैप्स कैफ़े का उद्घाटन किया था. खबर है कि बुधवार रात को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे स्थित इस कैफ़े में गोलीबारी हुई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैफ़े पर कई राउंड गोलियां चलाई गयीं हैं.
मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के नए रेस्टोरेंट, कैप्स कैफे, पर बुधवार रात, यानी 9 जुलाई को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गोलीबारी हुई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैफ़े पर कई राउंड गोलियां चलाई गयीं हैं. ध्यान रहे कि खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत सिंह लाडी ने गोलीबारी की ज़िम्मेदारी ली है. हालांकि अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
बताते चलें कि कैप्स कैफे नामक यह कैफ़े,कपिल शर्मा का रेस्टोरेंट उद्योग में पहला कदम है और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ भी इस उद्यम से जुड़ी हैं. कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में स्थित इस कैफ़े का कुछ दिन पहले ही उद्घाटन हुआ था.
बुधवार रात का एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक व्यक्ति कार में बैठकर कैफ़े की खिड़की पर लगातार कम से कम नौ गोलियां चलाता हुआ दिखाई दे रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि लाडी आतंकवाद-रोधी एजेंसी एनआईए के मोस्ट वांटेड आतंकवादियों में से एक है और बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि उसने हास्य कलाकार के एक पूर्व बयान से आहत होकर गोलीबारी का आदेश दिया था.
गोलीबारी के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच जारी है. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर उर्फ विकास बग्गा की हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी हरजीत सिंह लाडी की तलाश में है. विहिप नेता की अप्रैल 2024 में पंजाब के रूपनगर जिले में उनकी दुकान पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
पिछले महीने एक रिपोर्ट में, कनाडा की शीर्ष खुफिया एजेंसी, कैनेडियन सिक्योरिटी इंटेलिजेंस सर्विस ने कहा था कि खालिस्तानी आतंकवादी भारत के खिलाफ हिंसा की योजना बना रहे हैं. एजेंसी ने कहा, 'खालिस्तानी चरमपंथी कनाडा को मुख्य रूप से भारत में हिंसा को बढ़ावा देने, धन जुटाने या योजना बनाने के लिए अपने अड्डे के रूप में इस्तेमाल करते रहे हैं.'
भारत वर्षों से कनाडा में सक्रिय खालिस्तानी आतंकवादियों पर चिंता जताता रहा है और यह भी शिकायत करता रहा है कि देश ने इस खतरे से निपटने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए हैं.