दुनिया
Karachi Jailbreak Updates: कराची की मलीर जेल में सोमवार रात को कैदियों और अफसरों के बीच अचानक संघर्ष हो गया, जिसके बाद कैदियों ने अधिकारियों को बंधक बनाकर जेल पर कब्जा कर लिया. इसके बाद दीवार तोड़कर सैकड़ों कैदी फरार हो गए.
Karachi Jailbreak Updates: पाकिस्तान के कराची की जेल में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात सैकड़ों कैदी गेट तोड़कर फरार हो गए हैं. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कराची की मलीर जेल में दिन निकलने से कुछ घंटे पहले अचानक कैदियों और पुलिस अफसरों के बीच हिंसक संघर्ष छिड़ गया. कैदियों ने पुलिसकर्मियों के हथियार छीन लिए और उन्हें बंधक बना लिया. इसके बाद कैदी जेल का गेट तोड़कर फरार हो गए. हालांकि कराची पुलिस ने 20 से ज्यादा फरार कैदियों को दोबारा पकड़ लेने का दावा किया है, लेकिन बाकी बंदी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए आसपास के पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
जेल के करीब हुई जमकर गोलीबारी
पाकिस्तानी न्यूजपेपर द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को दिन निकलने से कुछ घंटे पहले कैदियों और जेल पुलिस के बीच संघर्ष शुरू हुआ. यह संघर्ष उस समय शुरू हुआ, जब कुछ कैदियों ने फरार होने की कोशिश की. पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद अन्य कैदी भी भड़क उठे और पुलिस पर हमला करते हुए उनके हथियार छीन लिए. इसके बाद कैदी जेल के गेट की तरफ दौड़े और उसे तोड़ दिया. गेट टूटने के बाद सैकड़ों कैदी एकसाथ बाहर भाग निकले. जेल पुलिस ने भागते हुए कैदियों पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में हथियारबंद कैदियों ने भी पुलिस कर्मियों पर फायरिंग की. जेल के करीब दोनों पक्षों में जमकर फायरिंग हुई. इस दौरान सैकड़ों कैदी भागने में सफल हो गए.
एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर
कैदियों के भागने के बाद जेल परिसर में एक पुलिसकर्मी लहूलुहान हालत में मिला है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. Samaa TV की रिपोर्ट के मुताबिक, माना जा रहा है कि इस पुलिसकर्मियों को कैदियों ने पीट-पीटकर उसकी जान लेने की कोशिश की है. जेल के अंदर और बाहर हुई गन फायरिंग के बाद आसपास के रिहाइशी इलाके में हंगामा मच गया है. लोगों ने डर के मारे अपने घरों के खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए हैं. पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया और फरार होने वाले कैदियों मंे से 20 को दोबारा दबोच लिया है. बाकी की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है.
हाइवे कर दिया है बंद, लोगों से की है संदिग्धों पर नजर रखने की अपील
मलीर जेल से सटे हुए नेशनल हाइवे को बंद कर दिया गया है. कराची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जेल के करीब के इलाके में बेबात ना घूमे और अपने आसपास नजर रखे. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दे. कराची पुलिस के अलावा पाकिस्तान रेंजर्स और अन्य अतिरिक्त पुलिस बलों को भी कैदियों की खोज में तैनात कर दिया गया है. जेल DIG हसन सहतो ने मीडिया से बताया कि पूरी जेल को सील कर दिया गया है. कुछ पुलिसकर्मियों के अलावा कुछ कैदी भी इस घटना में घायल हुए हैं. जेल के अंदर बचे हुए कैदियों पर काबू कर लिया गया है. फिलहाल कैदियों की गिनती की जा रही है ताकि भागने वाले कैदियों की सही संख्या की जानकारी मिल सके. सिंध के जेल मंत्री अली हसन जरदारी ने मलीर जेल से कैदियों के भागने के कारणों को लेकर अधिकारियों से डिटेल रिपोर्ट मांगी है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.