दुनिया
Belly Dancer Arrested: इटली की नागरिक बेली डांसर सोहिला तारेक हसन हगाग का इंस्टाग्राम चैनल लिंटा मार्टिनो के नाम से है. इस पर उनके बहुत सारे वीडियो पोस्ट किए गए हैं.
Egyptian Belly Dancer Arrest: मुस्लिम देश मिस्र ने एक बेली डांसर सोहिला तारेक हसन हगाग को काहिरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया है. सोहिला मिस्र में ही जन्मी हैं, लेकिन अब इटली की नागरिक हैं. उन पर अपने डांस वीडियो में उत्तेजित करने वाली टेक्नीक का उपयोग करने और ये वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने का आरोप है. सोहिला का इंस्टाग्राम चैनल लिंडा मार्टिनो (Linda Martino) के नाम से है, जिसे करीब 22 लाख फैंस फॉलो करते हैं. मिस्र के अधिकारियों द्वारा 22 जून को गिरफ्तार की गई सोहिला अपने इंस्टाग्राम वीडियो में बहुत कम कपड़े पहनती हैं. उन्होंने अपने इंस्टा हैंडल के बायो में भी खुद को 'जितना आप संभाल सकते हैं, उससे अधिक (More than you can handle)' परिभाषित किया हुआ है. मिस्र के अधिकारियों ने हगाग पर जानबूझकर 'अश्लील कपड़े' पहनकर अपने शरीर के संवेदनशील हिस्से दिखाते हुए सामाजिक नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है.
गिरफ्तारी के समय बरामद हुआ भारी कैश
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, काहिरा में बेली डांसर को अभियोजकों ने 'उत्तेजक टेक्नीक और भड़काऊ डांस' से अनैतिक कार्य करने का आरोपी बनाया है. गिरफ्तारी के समय सोहिला के पास भारी मात्रा में नकदी भी बरामद की गई है. काहिरा में इटली दूतावास ने मिस्र सरकार से उसकी रिहाई और उस तक राजनयिक पहुंच देने का आग्रह किया है.
दोहरी नागरिकता है सोहिला के पास
सोहिला के पास इटली की नागरिकता है, लेकिन मिस्र में जन्म होने के कारण वह यहां की भी नागरिक हैं. सोहिला कई साल पहले अपने इटैलियन पार्टनर से अलग होने के बाद मिस्र चली आई थीं. उन्होंने अपने जन्म वाले देश में सफल प्रोफेशनल डांसर के तौर पर खुद को स्थापित किया है.
पांच और बेली डांसर गिरफ्तार कर चुकी है मिस्र सरकार
इटली की मीडिया के मुताबिक, मिस्र ने हाल ही में नैतिक रूप से संदिग्ध माने जाने वाली हरकतों को लेकर कड़े नियम लागू किए हैं. राष्ट्रपति अब्देल फताह अल-सिसी की सरकार ने इसके बाद बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है. इस दौरान सोहिला से अलग कम से कम 5 बेली डांसर को ऐसे ही आरोपों में गिरफ्तार किया जा चुका है. द गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में डांसर समा अल-मसरी को भी यौन उत्तेजक इमेज ऑनलाइन शेयर करने का दोषी पाया गया था. उन्हें तीन साल कैद और 3 लाख मिस्री पाउंड की सजा सुनाई गई थी. हालांकि डांसर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया था और कहा था कि यह कंटेंट उनके फोन से चोरी करने के बाद बिना उनकी इजाजत के ऑनलाइन बांटा गया है. मानवाधिकार संगठन लगातार ऐसे मामलों की आलोचना कर रहे हैं और साल 2018 में पारित हुए साइबर कानून को अस्पष्ट बताते हैं.
दो सप्ताह और जेल में रह सकती हैं सोहिला
सोहिला की गिरफ्तारी 22 जून को हुई थी और वे करीब तीन सप्ताह से ज्यादा समय से जेल में बंद हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें अभी और दो सप्ताह तक जेल में रहना पड़ सकता है. मिस्र के साइबर कानून के मुताबिक, इंटरनेट पर अकाउंट चलाने वाला किसी भी शख्स को कानून तोड़ने का दोषी पाए जाने पर कम से कम दो साल कैद और 3 लाख मिस्री पाउंड के जुर्माने तक की सजा हो सकती है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.