दुनिया
Iran-Israel War Updates: इजरायल ने ईरान के खिलाफ शुक्रवार को युद्ध की शुरुआत की थी, जिसमें ईरानी सेना के आला अफसर और वैज्ञानिक मारे गए थे. इसके बाद ईरान ने शुक्रवार रात और शनिवार सुबह हमलों की बौछार की है. डिफेंस सिस्टम के बहुत सारी मिसाइल मार देने के बाद भी कई इजरायली शहरों में नुकसान हुआ है.
Iran-Israel War Updates: ईरान और इजरायल के बीच यु्द्ध शनिवार को बेहद तेज हो गया है. दोनों ने एक-दूसरे के ठिकानों पर ताजा एयर स्ट्राइक करते हुए जमकर नुकसान पहुंचाया है. ईरान ने शनिवार सुबह इजरायल पर करीब 100 मिसाइल दागी थी, जिसके कुछ ही घंटे बाद उसने दोबारा मिसाइलों की बौछार कर दी. इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरानी मिसाइलों को आउटर स्पेस में ही नष्ट किया है. इसके बावजूद कुछ ईरानी मिसाइलों ने राजधानी तेल अवीव समेत कई इजरायली शहरों में तबाही मचाई है, जिसमें एक महिला समेत दो लोगों की मौत होने और दर्जनों लोगों के घायल होने की खबर है. ईरानी मिसाइल ने इजरायल डिफेंस फोर्स (Israel Defence Force) के हेडक्वार्टर को भी निशाना बनाया है. इजरायली सेना के हेडक्वार्टर में इससे कितना नुकसान हुआ है? इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है.
रिहाइशी इलाकों पर गिरी ईरान की मिसाइलें
इजरायली इमरजेंसी सर्विस की मेगन डेविड एडम ने बताया कि शनिवार को ईरानी मिसाइल हमले के दौरान एक रिहाइशी इलाका निशाना बना है, जिससे दो लोगों की मौत हो गई है. इनमें तटीय इलाके रामत जेन में 60 वर्षीय महिला और सेंट्रल इजरायल के रिशॉन लेजियॉन इलाके में 45 वर्षीय पुरुष शामिल है. इसके अलावा 19 अन्य लोग इस हमले में घायल हुए हैं. महिला की मौत आसमान में ईरानी मिसाइल को नष्ट करने के बाद गिरे टुकड़े की चपेट में आने से हुई है.
43 लोग रात में हुए हमलों के दौरान घायल
इजरायल के शीबा मेडिकल सेंटर ने शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात के दौरान ईरानी मिसाइल हमलों के कारण घायल हुए 43 लोगों के आने की जानकारी दी है. इनमें से 23 को मेडिकल ट्रीटमेंट देने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल में पूरी रात एयर रेड सायरन बजते रहे हैं. इनमें तेल अवीव और येरूसलम भी शामिल हैं. ईरानी मिसाइलों की चपेट में आने से बचने के लिए इजरायली नागरिक पूरी रात शेल्टर्स में छिपे रहे. इस दौरान इजरायल का आसमान किसी शादी की आतिशबाजी जैसा नजर आया, जब ईरानी मिसाइलों को रोकने के लिए इजरायली इंटरसेप्टर्स आसमान में उनसे टकराती रहीं.
इजरायली हमलों में 78 ईरानियों की मौत का दावा
इससे पहले इजरायल के शुक्रवार को शुरू किए गए ऑपरेशन राइजिंग लॉयन के तहत ईरान में 100 ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की गई. यूएन में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावनी ने UNSC को बताया कि इजरायली हमले में टॉप ईरानी सैन्य अफसरों सहित 78 आम लोगों की मौत हुई है, जबकि 320 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
इजरायली पीएम और रक्षा मंत्री बंकर में पहुंचे
Wion की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान-इजरायल के बीच युद्ध तेज होने के बाद इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने रक्षा मंत्री (Israel Katz) के साथ बंकर में चले गए हैं. अब बंकर से ही इजरायल की सरकार का संचालन होगा.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.