Advertisement

Iran-Israel War में यूएस की एंट्री? ट्रंप ने अपनी सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई, कहा- तेहरान तत्काल खाली करें सभी, पढ़ें 5 पॉइंट्स

Iran-Israel War Updates: ईरान और इजरायल के बीच छिड़े संघर्ष में अब तक अमेरिका पर्दे के पीछे से इजरायली सेना की मदद कर रहा है, लेकिन यूएस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अब कुछ और ही संकेत दिए हैं. आइए जानते हैं इस बारे में ताजा अपडेट्स.

Latest News
Iran-Israel War में यूएस की एंट्री? ट्रंप ने अपनी सुरक्षा परिषद की बैठक बुलाई, कहा- तेहरान तत्काल खाली करें सभी, पढ़ें 5 पॉइंट्स
Add DNA as a Preferred Source

Iran-Israel War: ईरान और इजरायल के बीच छिड़ा संघर्ष खतरनाक मोड़ ले रहा है. एकतरफ इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी सेना के जीत के करीब होने का ऐलान कर दिया है. दूसरी तरफ, ईरान ने इजरायल की राजधानी तेल अवीव का 3D ब्लू प्रिंट जारी करके निर्णायक हमला करने का साफ इशारा कर दिया है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा काम किया है, जिससे अब इस युद्ध में अमेरिका के सीधे तौर पर शामिल होने के संकेत मिल रहे हैं. ट्रंप ने ईरान की राजधानी तेहरान की जनता से तत्काल शहर खाली करने की अपील की है. साथ ही अपने सबसे ताकतवर युद्धपोत को खाड़ी देशों की तरफ रवाना कर दिया है. इसके अलावा ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (USNSC) की इमरजेंसी मीटिंग भी बुला ली है, जिसके लिए वे कनाडा में G7 समिट को बीच में ही छोड़कर वापस लौट रहे हैं. हालांकि उनके प्रवक्ता ने मीडिया से कहा है कि अमेरिका इस युद्ध में हिस्सेदारी नहीं कर रहा है. इस बारे में जो भी संभावनाएं जताई जा रही हैं. वो पूरी तरह गलत हैं.

चलिए आपको 5 पॉइंट्स में इस बारे में पूरा अपडेट बताते हैं-

1. ट्रंप बोले- तेहरान खाली करें लोग, ईरान का परमाणु डील से हटना मूर्खता
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जी-7 समिट (G7 Summit) से पहले ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर के साथ बैठक की. इसके बाद उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा,'मैं जिस समझौते पर साइन करने के लिए कहा था, ईरान को वो करना चाहिए था. कितनी शर्म की बात है, लोग मारे जा रहे हैं. साफ कहता हूं कि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता है. मैंने यह बार-बार कहा है. सभी को तेहरान तुरंत खाली कर देना चाहिए.' इससे पहले स्टार्मर के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने कहा था कि मैंने ईरान को परमाणु समझौते के लिए 60 दिन का समय दिया था. मुझे लगता था कि एक डील होगी, लेकिन ईरान का इसे साइन ना करना मूर्खता है. 61वें दिन आपने देखा है क्या हुआ है. इजरायल बढ़िया कर रहा है.

Trump

2. ट्रंप ने USS निमित्ज को पश्चिम एशिया रवाना किया, NSC बैठक बुलाई
अब तक पर्दे के पीछे से इजरायल की मदद कर रहे अमेरिका ने ईरान के खिलाफ सीधे युद्धक्षेत्र में उतरने का इशारा कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना के सबसे ताकतवर युद्धपोत USS निमित्ज को पश्चिम एशिया में खाड़ी देशों की तरफ रवाना किया है. यह युद्धपोत वियतनाम इलाके में चीन के खिलाफ तैनात था. इसके अलावा Fox News ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि ट्रंप G7 समिट से जल्दी वापस लौट रहे हैं और उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है. साथ ही NSC का सिचुएशन रूम तैयार रखने को कहा है. बता दें कि सिचुएशन रूम अमेरिका में तब एक्टिव किया जाता है, जब युद्ध, आतंकी हमले या किसी अन्य ग्लोबल क्राइसिस की हालत होती है. यह एक हाई सिक्योरिटी कमांड सेंटर है. रिपोर्ट में कहा गया है कि NSC को दिए निर्देश से लग रहा है कि ट्रंप को हालात गंभीर दिख रहे हैं, जिसमें ईरान को लेकर तत्काल कोई फैसला लेना पड़ सकता है.

3. अमेरिकी राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने कही ये बात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंपके प्रवक्ता एलेक्स फिफर ने ईरान पर हमले में शामिल होने की खबरों को गलत बताया है. उन्होंने कहा,'अमेरिका ईरान में किसी सैन्य कार्रवाईआ में भाग नहीं ले रहा है. हमारी सेनाएं केवल अपने सैनिकों और अपने हितों की हिफाजत के लिए तैयार हैं. हमलों में शामिल होने को लेकर आ रही खबरें गलत हैं.' अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी फिफर की ही बात दोहराई है.

4. ईरान ने इजरायली राजधानी के ब्लू प्रिंट से बनाया दबाव
ईरान ने इजरायली हमलों के बीच उसकी राजधानी तेल अवीव का ब्लू प्रिंट जारी कर दिया है. इस ब्लू प्रिंट में तेल अवीव में मौजूद अहम बिल्डिंग्स से लेकर वॉर कमांड सेंटर तक दिखाया गया है. रक्षा विशेषज्ञ इसे ईरान की तरफ से इजरायल पर मनोवैज्ञानिक दबाव बढ़ाने की कवायद मान रहे हैं तो कुछ विशेषज्ञों ने इसे निर्णायक लड़ाई की चेतावनी बताया है. हालांकि ईरान की तरफ से इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है.

5. इजरायली हमलों ने दहला रखा है पूरा ईरान
इजरायल की तरफ से ईरान पर लगातार हमले जारी हैं. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी सेनाओं के जीत के करीब होने का ऐलान किया है. उन्होंने साफ कहा है कि ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता अयातुल्लाह खामेनई पर हमले के साथ युद्ध खत्म हो जाएगा. लगातार 5वें दिन हुए हमलों में अब तक 225 से ज्यादा ईरानी नागरिक मारे जा चुके हैं, जबकि 1,400 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. इजरायली फाइटर जेट्स और मिसाइलों को हमलों से ईरानी राजधानी तेहरान पूरी तरह खंडहरों का शहर दिखने लगी है. सोमवार देर रात भी इजरायल ने ईरान पर कई एयर स्ट्राइक की हैं, जिनमें कुद्स फोर्स और ईरानी सेना से जुड़ी बिल्डिंग्स के निशाना बनने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. ईरानी न्यूज एजेंसी नूर ने ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा तबरिज शहर के पास इजरायल का चौथा F-35 स्टील्थ फाइटर जेट मार गिराने का दावा किया है, लेकिन इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने इस दावे को फर्जी बताकर खारिज कर दिया है.  उधर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इजरायल को चेतावनी दी है कि ईरान की धार्मिक सरकार को गिराने की कोशिश या उसके सर्वोच्च नेता को मारना बड़ी गलती होगी. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से G7 समिट में पेश सीजफायर प्रस्ताव की तारीफ की है.

अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगलफेसबुकxइंस्टाग्रामयूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.

Read More
Advertisement
Advertisement
Advertisement