वर्ल्ड
कुछ दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच एक बड़ी ट्रेड डील होने वाली है. अब उन्होंने कहा है कि डील फाइनल नहीं हो पाई है.
India-US Trade Deal: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत के साथ व्यापार समझौते को अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है. ट्रंप ने एक बार फिर इस बात पर जोर दिया कि भारत किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक शुल्क लगाता है. ट्रंप ने मंगलवार को स्कॉटलैंड से वॉशिंगटन लौटते समय ‘एयरफोर्स वन’ विमान में पत्रकारों के साथ बातचीत में यह बात कही. इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच बहुत बड़ी डील होने के संकेत दिए थे. ट्रंप ने चीन के साथ डील का ऐलान करते हुए कहा था कि आने वाले समय में भारत के साथ अमेरिका बड़ी ट्रेड डील करेगा.
ट्रंप ने इस बात के संकेत भी दिए हैं कि अमेरिका भारत पर 20 से 25 प्रतिशत का भारी-भरकम टैरिफ लगा सकता है. जब उनसे इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे भी ऐसा लगता है.’’ हालांकि, ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने व्यापार के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष को रुकवाया. पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए ट्रंप ने कहा, "उन्होंने मेरे अनुरोध पर पाकिस्तान के साथ ‘युद्ध’ समाप्त कर दिया और यह बहुत अच्छा था. पाकिस्तान ने भी... हमने कई, कई बेहतरीन समझौते किए जिनमें हाल में कंबोडिया के साथ हुआ समझौता भी शामिल है."
भारत और मालदीव के रिश्तों में आई नई गर्माहट, पीएम मोदी ने दी 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति पर जोर
भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर अगली बातचीत के लिए अमेरिकी दल 25 अगस्त को भारत आएगा. इससे पहले दोनों देश डिप्लोमैटिक चैनलों के जरिए व्यापार समझौते के मतभेदों को दूर करने में लगे हुए है. ट्रंप ने भारत (26 प्रतिशत) सहित कई देशों पर लगाए गए शुल्क को एक अगस्त तक के लिए निलंबित कर दिया था.
राहुल गांधी ने 29 जुलाई को लोकसभा में कहा कि डोनाल्ड ट्रंप 29 बार ये दोहरा चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच जंग रुकवाई थी. राहुल गांधी ने पीएम मोदी को चैलेंज दिया कि अगर ट्रंप का दावा गलत है तो पीएम मोदी को सदन में ये बताना चाहिए कि डोनाल्ड ट्रंप झूठ बोल रहे हैं. इसके जवाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे तौर पर ट्रंप का नाम नहीं लिया. लेकिन सदन में बताया कि दुनिया के किसी भी नेता ने भारत को युद्ध रोकने के लिए नहीं कहा था.
देश-दुनिया की ताज़ा खबरों Latest News पर अलग नज़रिया, अब हिंदी में Hindi News पढ़ने के लिए फ़ॉलो करें डीएनए हिंदी को गूगल, फ़ेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर.