वर्ल्ड
नाइजीरिया का नाइजर राज्य भीषण बाढ़ की मार झेल रहा है. बाढ़ को लेकर जो जानकारी आई है यदि उसपर यकीन करें तो मिलता है कि इससे अब तक 115 लोगों की मौत हो चुकी है.
नाइजीरिया सुर्खियों में हैं. मुल्क के नाइजर राज्य में आई भीषण बाढ़ ने जान जीवन अस्त व्यस्त किया है. हालात कैसे हैं इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चाहे वो मुख्य बाजार हों या फिर घर, दुकानें और सड़कें सभी जलमग्न हो गए हैं. बाढ़ को लेकर जो जानकारी आई है यदि उसपर यकीन करें तो मिलता है कि इससे अब तक 115 लोगों की मौत हो चुकी है.
समाचार एजेंसी एपी (AP) के मुताबिक नाइजर राज्य की राजधानी मिन्ना में स्थित इमरजेंसी ऑफिस के चीफ हुसैनी इसाह ने बताया कि अभी भी कई लोग खतरे में हैं और बचाव कार्य शुक्रवार को भी जारी है. इससे पहले मिली शुरुआती जानकारी में मरने वालों की संख्या 20 बताई गई थी, लेकिन हालात बिगड़ने के कारण यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है.
हुसैनी इसाह की मानें तो अब तक 115 शव बरामद किए गए हैं और मरने वालों की यह तादाद और अधिक बढ़ सकती है. बाढ़ को लेकर जो जानकारी आई है उसके मुताबिक मोक्वा में घंटों तक लगातार बारिश हुई जिसने हालात बेकाबू किये और नौबत बाढ़ की आ गई.
बारिश के चलते एक बांध भी टूट गया जिसने स्थिति और बद से बदतर कर दी. ध्यान रहे कि मोक्वा का शुमार उन कस्बों में है जो दक्षिण और उत्तर नाइजीरिया के व्यापारियों और किसानों के लिए व्यापार का मुख्य केंद्र है.
नाइजीरिया में बाढ़ कोई नई चीज नहीं है. गुजरे साल सितंबर में भी नाइजीरिया के पूर्वोत्तर हिस्से माडुगुरी में भारी बारिश और एक बांध टूटने से 30 लोगों की जान गई थी और लाखों लोग बेघर हो गए थे.
बहरहाल अधिकारियों की मानें तो राहत और बचाव जारी है और जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया जाएगा.