वर्ल्ड
राजा राम | Jun 17, 2025, 07:08 PM IST
1.जब महिलाएं थीं सबसे आजाद

1979 से पहले का ईरान एक आधुनिक सोच वाला देश था. उस दौर में राजा शाह मुहम्मद रजा पहलवी के शासन में महिलाओं को पूरी आजादी थी. वे पढ़ाई कर रही थीं, बड़े-बड़े पदों तक पहुंच रही थीं और उनका पहनावा भी पूरी तरह उनकी पसंद पर निर्भर था. सड़कों पर महिलाएं वेस्टर्न कपड़ों में दिखाई देती थीं, पार्टियों का आयोजन होता था और ईरान एक प्रगतिशील देश की छवि बना चुका था.
2.विरोध की लहर जिसने बदल दी देश की तस्वीर

शाह रजा पहलवी के फैसलों को लेकर देश में धीरे-धीरे असंतोष पनपने लगा. लोगों को लगने लगा कि ईरान अपने इस्लामी रास्ते से भटक गया है. ऐसे में अयातुल्लाह खामनेई के नेतृत्व में धार्मिक विद्रोह शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते एक क्रांति का रूप ले लिया. महिलाएं भी इस आंदोलन का हिस्सा बनीं, लेकिन आज उनमें से कई मानती हैं कि उन्होंने जो किया उसका पछतावा है.
3.इस्लामिक क्रांति के बाद बदली हवा

1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद शाह को परिवार सहित देश छोड़ना पड़ा. इसके बाद ईरान एक कट्टरपंथी इस्लामी देश बन गया. अब महिलाओं की आजादी पर पाबंदियां हैं, कपड़ों से लेकर शिक्षा तक में धार्मिक नियम लागू कर दिए गए हैं. शाह की आधुनिक सोच के उलट, अब वहां धर्म ही शासन का आधार बन गया है.
4.कौन हैं रजा पहलवी?

रजा पहलवी, शाह रजा पहलवी के बेटे और ईरान के पूर्व क्राउन प्रिंस हैं. उन्हें 1967 में महज 7 साल की उम्र में यह उपाधि दी गई थी. 1979 में उन्हें निर्वासन झेलना पड़ा और तब से वह ईरान नहीं लौट सके. अब वह ‘नेशनल काउंसिल ऑफ ईरान’ के ज़रिए देश में लोकतंत्र की वकालत कर रहे हैं.
5.सत्ता में वापसी की तैयारी

रजा पहलवी का कहना है कि यह बदलाव का सही समय है. उन्होंने हाल में दिए इंटरव्यू में कहा कि ईरान की मौजूदा सरकार अब कमजोर हो गई है और जनता में नई ऊर्जा है. वे मानते हैं कि अब धार्मिक शासन को हटाकर लोकतांत्रिक ढांचे की ओर बढ़ना जरूरी है, जहां लोग अपने नेता खुद चुन सकें.
6.इजरायल के खिलाफ कमजोरी उजागर

रजा पहलवी ने इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव पर भी खुलकर बात की. उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह लड़ाई ईरान के आम लोगों की नहीं है, बल्कि यह खामेनेई की जिद है. उन्होंने कहा कि इजराइल ने कभी ईरानी जनता को नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि ईरानी शासन की धमकियों का जवाब दिया है.
7.सेना से भी मिल रहा है समर्थन

रजा पहलवी ने दावा किया कि ईरान के अंदर से, खासकर सेना के कुछ हिस्सों से उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है. वे मानते हैं कि यह बदलाव की दिशा में एक बड़ा कदम है. उनका मानना है कि ईरानी लोग ही अब अपनी आजादी के लिए खुद खड़े होंगे.
8.क्या फिर लौटेगा पहलवी युग?

अब सवाल उठता है कि क्या ईरान एक बार फिर पहलवी शासन की ओर लौट सकता है? हालांकि रजा पहलवी खुद कहते हैं कि वे किसी भी पद की मांग नहीं कर रहे, लेकिन वे चाहते हैं कि देश में एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया शुरू हो. ईरानी जनता की यादों में आज भी वह दौर जिंदा है जब ईरान आजाद, खुला और आधुनिक हुआ करता था.