वर्ल्ड
राजा राम | Jun 21, 2025, 11:08 PM IST
1.ईरान का पलटवार

ईरान और इजरायल के बीच पिछले 9 दिनों से चल रही जंग ने अब बेहद खतरनाक मोड़ ले लिया है. जहां एक ओर इजरायल ने जंग की शुरुआत में ईरान के कई अहम ठिकानों को निशाना बनाया, वहीं अब ईरान ने भी पलटवार करना शुरू कर दिया है. ईरान ने अपने मिसाइल अर्सेनल से 'सेजील' नाम की स्टेज-2 बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च कर इजरायल के तेल अवीव शहर को झकझोर कर रख दिया.
2.बिना ज्यादा तैयारी के लॉन्च

ईरान की 'सेजील' मिसाइल कोई साधारण हथियार नहीं है. यह एक मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है जो सॉलिड फ्यूल से चलती है. इसका मतलब है कि इसे बहुत जल्दी और बिना ज्यादा तैयारी के लॉन्च किया जा सकता है.
3.मारक क्षमता 2000 से 2500 किलोमीटर

इस मिसाइल की मारक क्षमता 2000 से 2500 किलोमीटर तक मानी जाती है, जो ईरान से सीधे इजरायल को आसानी से निशाना बना सकती है. इसकी सबसे बड़ी ताकत यह है कि यह दुश्मन के रडार सिस्टम को चकमा देने में सक्षम है. यानी इसे इंटरसेप्ट करना या बीच में ही रोक पाना बेहद मुश्किल है.
4.एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में कामयाब

'सेजील' को इसकी खास मैनुवरेबिलिटी की वजह से 'डांसिंग मिसाइल' भी कहा जाता है. 59 फीट लंबी और 700 किलोग्राम पेलोड ले जाने वाली यह मिसाइल टार्गेट तक पहुंचते वक्त दिशा बदलने और घूमने की क्षमता रखती है, जिससे यह एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देकर आसानी से अपने टार्गेट को भेद सकती है.
5.दुनियाभर में चर्चा

आपको बता दें, ईरान ने इससे पहले भी Fattah-1 मिसाइल का इस्तेमाल कर तेल अवीव पर हमला किया था, जिसकी दुनियाभर में चर्चा हुई थी. लेकिन अब सेजील मिसाइल के इस्तेमाल ने साफ कर दिया है कि ईरान अपने मिसाइल सिस्टम को लगातार अपग्रेड कर रहा है.
6.'आयरन डोम' भी बेअसर

टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, हालिया हमले में ईरान ने जो मिसाइल इस्तेमाल की, वो कोई साधारण मिसाइल नहीं बल्कि एडवांस सेजील थी. इजरायल का शक्तिशाली एयर डिफेंस सिस्टम 'आयरन डोम' और 'एरो' भी इस मिसाइल को रोकने में विफल रहे. इस हमले के बाद मध्य-पूर्व में तनाव और गहरा गया है. सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ईरान ऐसे ही एडवांस मिसाइल हमले करता रहा तो यह संघर्ष एक बड़े युद्ध में बदल सकता है. फिलहाल दोनों देशों के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं.