वर्ल्ड
Russia Ukraine Conflict: यूक्रेन पर रूस के तेज होते हवाई हमलों के बीच राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कड़े वैश्विक प्रतिबंधों की अपील की है. उन्होंने बताया कि सिर्फ एक रात में ही 167 रूसी हमले नाकाम किए गए.
Russia Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध अब और भी खतरनाक होता जा रहा है. यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने जानकारी दी है कि हाल ही में रूस ने एक ही रात में यूक्रेन पर भारी हवाई हमला किया, जिसमें ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया. लेकिन यूक्रेन की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने 167 रूसी हमलों को नाकाम कर दिया. जेलेंस्की ने अपनी सेना की तारीफ करते हुए कहा कि वे देश के आसमान की बहादुरी से रक्षा कर रहे हैं.
जेलेंस्की ने बताया कि शनिवार की रात रूस ने यूक्रेन पर 183 हमलावर ड्रोन और 11 तरह की मिसाइलें दागी. इनमें ‘किंजल’ जैसी खतरनाक बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें भी शामिल थीं. इस हमले में मुख्य निशाना पोल्टावा क्षेत्र था, खासकर क्रेमेंचुक शहर. यह सिर्फ एक रात की बात है, जबकि पूरे जून महीने में अब तक रूस ने करीब 2,800 ड्रोन, 3,000 हवाई बम और 140 मिसाइलें इस्तेमाल की हैं.
जेलेंस्की ने कहा कि रूस चार सालों से लगातार इस तरह के हमले कर रहा है और अब हमलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. उन्होंने अमेरिका, यूरोपीय संघ और जी-7 देशों से अपील की कि वे अब सख्त और असरदार प्रतिबंध लगाएं. उनका कहना है कि केवल बयानों से युद्ध नहीं रुकेगा, बल्कि रूस के बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सीधा निशाना बनाना होगा.
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि रूस प्रतिबंधों को टालने की चालें चल रहा है, जिन पर लगाम लगाना जरूरी है. यदि दुनिया अब भी चुप रही तो यह संघर्ष और लंबा खिंच सकता है. इसलिए वैश्विक नेताओं को अब निर्णायक कार्रवाई करनी होगी.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.