दुनिया
व्हाइट हाउस की सबसे युवा प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने पद छोड़ने का ऐलान किया है. वह अमेरिका राष्ट्रपति ट्रंप की सबसे करीबी मानी जाती हैं. उनके पद छोड़ने की जानकारी ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सबसे करीबी माने जाने वाली कैरोलिन लेविट उनका साथ छोड़ने वाली हैं. मौजूदा समय में वह व्हाइट हाउस की सबसे युवा प्रेस सेक्रेटरी हैं. वह इस महीने के लास्ट में अपने पद से इस्तीफा देंगी. राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार को यह जानकारी दी और कहा कि वह सीनियर एडवाइजर बनी रहेंगी. आइए जानते हैं कि कैरोलिन के इस्तीफे के पीछे क्या कारण है.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में कहा कि हमारी शानदार व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी और मेरे सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक कैरोलिन लेविट इस महीने के आखिर में अपने पद से इस्तीफा देंगी. आगे उन्होंने कहा कि वह इसलिए रिजाइन कर रही हैं कि वह अपने छोटे बच्चों और परिवार के साथ ज्यादा समय बिता सकें. ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि कैरोलिन अब मेरी मुख्य बाहरी सलाहकारों में से एक होंगी.
कैरोलिन लेविट की उम्र 28 साल है. वह अमेरिकी राष्ट्रपति की अब तक की सबसे युवा मुख्य प्रवक्ता हैं. वह ट्रंप की कट्टर समर्थक रही हैं. उन्होंने अक्सर तीखी बहस वाली प्रेस ब्रीफिंग में बहुत अच्छे और आक्रामक ढंग से अपनी बात रखी है. वह पिछले डेढ़ साल से वॉइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी के पद पर काम कर रही हैं. कैरोलिन ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी थी.
लेविट न्यू हैम्पशायर की रहने वाली हैं और उनका परिवार रोमन कैथोलिक है. उन्होंने सॉफ्टबॉल स्कॉलरशिप पर सेंट एंसेल्म कॉलेज से पढ़ाई की. उन्होंने 2019 में पॉलिटिक्स और कम्युनिकेशन में B.A की डिग्री के साथ ग्रेजुएशन पूरा किया.
लेविट ने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में काम करना शुरू किया था, जहां वह कॉरेस्पोंडेंस ऑफिस से लोगों को चिट्ठियां लिखती थीं. बाद में वह असिस्टेंट प्रेस सेक्रेटरी बनीं. 2020 के चुनाव में जो बाइडन से ट्रंप की हार के बाद, लेविट ने भी बिना किसी सबूत के बड़े पैमाने पर वोटिंग में धोखाधड़ी का आरोप लगाने में ट्रंप का साथ दिया.
2021 में व्हाइट हाउस छोड़ने के बाद, वह न्यूयॉर्क की रिपब्लिकन नेता एलिस स्टेफनिक के लिए कम्युनिकेशन डायरेक्टर बनीं. 2022 में लेविट ने न्यू हैम्पशायर के पहले कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से U.S हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सीट के लिए चुनाव लड़ने के मकसद से अपना पद छोड़ दिया, लेकिन आम चुनाव में वह मौजूदा डेमोक्रेटिक नेता क्रिस पापास से हार गईं थीं.
2023 में लेविट की सगाई रियल एस्टेट डेवलपर निकोलस रिचिओ से हुई, जो उनसे 32 साल बड़े हैं. उनकी शादी जनवरी 2025 में हुई. इस साल उनको एक बेटी हुई, जिसका नाम विवियाना रिचिओ रखा है. उनका एक बेटा भी है, जिसका नाम निकोलस रॉबर्ट रिचिओ है.
लेविट का इस्तीफा देने का ऐलान ऐसे समय में हुआ है, जब ट्रंप की लोकप्रियता लगातार गिर रही है. वहीं नवंबर में होने वाले मध्यावधि कांग्रेसी चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को हार का खतरा भी है. लेविट ने एक्स पर किए गए अपनी पोस्ट में कहा कि मैं राष्ट्रपति की आभारी हूं कि उन्होंने मुझे व्हाइट हाउस के पोडियम से उनकी ओर से बोलने का खास सम्मान दिया.