दुनिया
ललित मोदी और विजय माल्या लंदन में एक भव्य पार्टी में साथ गाते नजर आए. विवादों से घिरे दोनों भगोड़े IPL से जुड़े रहे हैं और भारत में कई आर्थिक मामलों में आरोपी हैं.
लंदन में एक आलीशान समर पार्टी में भारत के दो चर्चित भगोड़े। ललित मोदी और विजय माल्या संगीत के सुरों में डूबे नजर आए. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में दोनों को फ्रैंक सिनात्रा का प्रसिद्ध गाना 'My Way' गाते हुए देखा गया. पार्टी ललित मोदी के लंदन स्थित आवास पर आयोजित की गई थी, जिसमें दुनिया भर से 300 से भी ज्यादा मेहमान शामिल हुए. यह वीडियो अब चर्चा और विवाद का विषय बन चुका है.
भारत के दो दिग्गज उद्योगपति और भगोड़े ललित मोदी और विजय माल्या एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह कोई कानूनी मामला नहीं, बल्कि एक भव्य पार्टी में उनका मस्तीभरा अंदाज है. लंदन में ललित मोदी के घर पर आयोजित एक निजी समर पार्टी में दोनों को कराओके सेशन के दौरान साथ गाते और हंसते देखा गया.
वीडियो खुद ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वह और विजय माल्या मिलकर फ्रैंक सिनात्रा का मशहूर गाना 'My Way' गा रहे हैं. आपको बता दें इस पार्टी में 310 से भी ज्यादा लोग शामिल थे, जिनमें कई मेहमान अलग-अलग देशों से आए थे. इस शानदार शाम में पूर्व आईपीएल RCB क्रिकेटर क्रिस गेल भी नजर आए, जिन्होंने एक इंस्टाग्राम स्टोरी में दोनों भगोड़ों के साथ फोटो साझा की और लिखा, 'We living it up. Thanks for a lovely evening.'
ललित मोदी ने पोस्ट में इस शाम को 'सबसे खास रातों में से एक' बताया और लिखा, 'उम्मीद है ये वीडियो इंटरनेट नहीं तोड़ेगा. विवादास्पद जरूर है, लेकिन मैं वही करता हूं सबसे अच्छा.'
यह भी पढ़ें: कौन हैं कमला बिसेसर? PM Modi ने क्यों कहा 'बिहार की बेटी', तोहफे में दी ये खास चीज
जहां एक तरफ यह वीडियो सोशल मीडिया पर हलचल मचा रहा है, वहीं दूसरी तरफ यह भारत की कानूनी एजेंसियों के प्रयासों पर भी सवाल खड़े करता है. आपको बता दें, ललित मोदी, IPL के पहले चेयरमैन रहे हैं. मोदी पर मनी लॉन्ड्रिंग और विदेशी मुद्रा कानूनों के उल्लंघन जैसे आरोप लगे हैं. वहीं, विजय माल्या को किंगफिशर एयरलाइंस के डूबने और बैंकों से हजारों करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामलों में भारत सरकार ने 'फरार आर्थिक अपराधी' घोषित कर रखा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.