दुनिया
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पहलगाम आतंकी हमले पर पाकिस्तान को सख्त संदेश देते हुए कहा कि वह आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करे और भारत के साथ सहयोग करे, ताकि बड़ा संघर्ष टाला जा सके.
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई. इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस हमले को लेकर पाकिस्तान को सीधे शब्दों में नसीहत दी है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को जिम्मेदारी लेकर उन आतंकियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने चाहिए जो अक्सर उसकी जमीन से काम करते हैं. साथ ही उन्होंने भारत से अपील की कि वह जवाबी कार्रवाई में ऐसा रास्ता अपनाए जिससे कोई बड़ा क्षेत्रीय संघर्ष न हो. यह बयान उन्होंने एक अमेरिकी टीवी चैनल के साथ इंटरव्यू के दौरान दिया. इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात कर घटना पर शोक जताया था.
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए 26 लोगों की घटना के बाद भारत और अमेरिका के संबंधों में एकजुटता देखने को मिली है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस हमले को 'दुखद और अस्वीकार्य' बताया. उन्होंने पाकिस्तान से यह अपेक्षा जताई कि वह भारत के साथ मिलकर आतंकियों को पकड़ने में सहयोग करे.
वेंस ने कहा, 'हमारी उम्मीद है कि भारत इस हमले का जवाब संयमित रूप में दे ताकि कोई बड़ा क्षेत्रीय युद्ध न हो. पाकिस्तान को चाहिए कि वह जिम्मेदारी लेकर आतंकियों को खत्म करने में भारत की मदद करे, खासकर वे आतंकी जो उसकी धरती पर सक्रिय हैं. यह बयान वेंस ने उस वक्त दिया जब वह भारत की यात्रा पर अपने परिवार के साथ आए हुए थे और उसी दौरान यह हमला हुआ. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बातचीत कर गहरी संवेदना भी प्रकट की और कहा कि अमेरिका भारत के साथ खड़ा है.
भारत ने इस हमले के बाद पाकिस्तान पर कड़ा रुख अपनाया है. सिंधु जल संधि को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है और सभी पाकिस्तानी नागरिकों को देश से वापस भेज दिया गया है. सुरक्षा बलों द्वारा इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.