दुनिया
अमेरिकी लेबर सेक्रेटरी कीथ सोंडरलिंग ने कहा कि इन कंपनियों ने 2009 से अब तक 30 लाख विदेशी कर्मचारियों के लिए आवेदन किया है, इसलिए अब इनके नए और रुके हुए आवेदनों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है.
अमेरिकी लेबर डिपार्टमेंट ने गुरुवार (08 अक्टूबर 2026) को भारत और दुनिया की 8 दिग्गज टेक कंपनियों को 'परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम' से सस्पेंड कर दिया है. इस प्रोग्राम के जरिए कंपनियां H-1B वीजा वाले कर्मचारियों के लिए ग्रीन कार्ड का प्रोसेस शुरू करती थीं.
अमेरिकी सरकार ने दुनिया की 8 सबसे बड़ी आईटी और आउटसोर्सिंग कंपनियों पर यह रोक लगाई है. इनमें भारत की प्रमुख आईटी कंपनियां Infosys, TCS, Wipro और HCL शामिल हैं. इनके अलावा Cognizant, Capgemini, Microsoft और Adobe पर भी कार्रवाई की गई है. इस फैसले का ऐलान अमेरिकी लेबर सेक्रेटरी कीथ सोंडरलिंग ने किया. इस दौरान उनके साथ अमेरिकी एंटी-फ्रॉड टास्क फोर्स के मुखिया और उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद थे. सोंडरलिंग ने साफ तौर पर कहा कि श्रम विभाग इन सभी दिग्गज कंपनियों को 'परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम' से हटा रहा है.
अमेरिका में जब कोई कंपनी किसी विदेशी कर्मचारी को हमेशा के लिए नौकरी पर रखना चाहती है तो उसके लिए ग्रीन कार्ड जरूरी होता है. इसके लिए सबसे पहले लेबर डिपार्टमेंट से एक खास मंजूरी लेनी पड़ती है। इसी कानूनी मंजूरी को परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) कहा जाता है.
आमतौर पर जो भारतीय लोग H-1B वीजा पर नौकरी करने अमेरिका जाते हैं, उनके लिए वहीं स्थायी रूप से रहने की इजाजत पाने का एक जरूरी कदम PERM होता है. इस नियम का मकसद यह पक्का करना होता है कि किसी विदेशी को नौकरी देने से अमेरिकी कामगारों का नुकसान न हो. इसके लिए कंपनी को पहले यह साबित करना पड़ता है कि:
इस फैसले का सीधा असर यह होगा कि इन 8 कंपनियों की तरफ से भेजे जाने वाला कोई भी आवेदन अब स्वीकार नहीं किया जाएगा. इसके अलावा, जो आवेदन पहले से जमा हैं और जिन पर फैसला आना बाकी था, उन पेंडिंग मामलों पर भी काम पूरी तरह रोक दिया गया है.
इसका सीधा मतलब यह हुआ कि जब तक यह रोक नहीं हटती, तब तक इन 8 कंपनियों में काम करने वाला कोई भी विदेशी या भारतीय कर्मचारी इन कंपनियों के जरिए ग्रीन कार्ड के लिए आगे नहीं बढ़ पाएगा. कंपनियों के लिए अपने कर्मचारियों को अमेरिका में हमेशा के लिए स्पॉन्सर करने का रास्ता फिलहाल बंद हो गया है.
अमेरिकी लेबर सेक्रेटरी कीथ सोंडरलिंग ने सरकारी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि साल 2009 से लेकर अब तक सिर्फ इन 8 कंपनियों ने ही करीब 30 लाख विदेशी कामगारों के लिए आवेदन किया. इस दौरान इन कंपनियों को 2 लाख 30 हजार से ज्यादा H-1B वीजा की मंजूरी मिली और 1 लाख से ज्यादा परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन दिए गए. सोंडरलिंग का कहना था कि इन कंपनियों की वजह से लाखों ऐसी नौकरियां विदेशी कामगारों के हाथों में चली गईं, जिन पर स्थानीय अमेरिकी कामगारों का हक बनता था.
अमेरिका के उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि H-1B वीजा के जरिए दूसरे देशों से नौकरी करने आने वाले लोगों को कई बार बंधुआ मजदूरों की तरह काम करना पड़ता है. उनका आरोप है कि कुछ विदेशी कंपनियां अमेरिकी लोगों को नौकरी से निकालकर उनकी जगह दूसरे देशों के लोगों को कम सैलरी पर काम देती हैं. वेंस ने यह भी कहा कि नियम के मुताबिक, कंपनियों को विदेशी लोगों को नौकरी देने से पहले स्थानीय अखबारों या दूसरे माध्यमों में नौकरी का विज्ञापन देना होता है. ऐसा इसलिए किया जाता है, ताकि पहले यह देखा जा सके कि उस काम के लिए कोई अमेरिकी व्यक्ति मिल सकता है या नहीं
भारत के विदेश मंत्रालय ने जेडी वेंस के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी बात गैर-जरूरी और अपमान करने वाली है. मंत्रालय ने आगे कहा कि अमेरिका में काम करने वाले भारतीय पेशेवर पढ़े-लिखे और अपने काम में माहिर हैं. वे वहां की कंपनियों, नई तकनीक और कारोबार को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं. अमेरिका ने भी दूसरे देशों से आए लोगों की मेहनत, नए काम शुरू करने की सोच और नई खोजों से तरक्की की है. ऐसे में भारतीयों के योगदान को नजरअंदाज करना सही नहीं है. इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना जो दर्दनाक ऐतिहासिक और औपनिवेशिक विरासत की याद दिलाती हो, बेहद आपत्तिजनक है. हम इस मुद्दे से जुड़े घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.
Statement on announcement made by the US Department of Labour ⬇️ 🔗 https://t.co/FZawXUTqcl https://t.co/67vMRyJ5EF
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) October 9, 2026
इस फैसले का यह मतलब बिल्कुल भी नहीं है कि इन कंपनियों में काम कर रहे भारतीय लोगों का H-1B वीजा तुरंत ही रद्द हो जाएगा. जो लोग पहले से वहां कानूनी तरीके से H-1B वीजा पर नौकरी कर रहे हैं वो कर सकते हैं. असली आफत तो उन लोगों पर आई है जो अपने H-1B वीजा के आधार पर ग्रीन कार्ड की लाइन में लगे थे. अगर कंपनी उनके लिए लेबर सर्टिफिकेशन ही हासिल नहीं कर पाएगी, तो उनका ग्रीन कार्ड का प्रोसेस बीच में ही लटक जाएगा.
Infosys, TCS, Wipro और HCL जैसी कंपनियों के कुल कारोबार का एक बहुत बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है. ये कंपनियां हर साल बड़ी तादाद में भारत से काबिल आईटी प्रोफेशनल्स को अमेरिकी प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए भेजती हैं.
अगर यह पाबंदी लंबे समय तक खिंचती है, तो कंपनियों के सामने दो बड़ी मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी:
1- टैलेंट को रोके रखना मुश्किल होगा: अगर किसी कर्मचारी को लगेगा कि कंपनी उसे लंबे समय तक अमेरिका में पक्का नहीं करा सकती, तो वह नौकरी छोड़ने का मन बना सकता है.
2- भर्ती और प्लानिंग पर असर: कंपनियों के लिए अमेरिका में नई भर्तियां करना और बड़े प्रोजेक्ट्स के लिए अपनी टीमों को वहां तैनात रखने की भविष्य की योजनाएं गड़बड़ा सकती हैं.