Advertisement

मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप का यू-टर्न; पुतिन से डील के बाद रूसी डीजल पर रोक हटी, तुरंत होगी 3 लाख टन की सप्लाई

ईंधन कीमतों पर दबाव घटाने के लिए अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने रूसी डीजल के आयात पर लगी पाबंदियों को 7 अप्रैल 2027 तक के लिए हटा दिया है. यह छूट पुतिन और ट्रंप के बीच सहमति बनने के तुरंत बाद जारी की गई.

Latest News
मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप का यू-टर्न; पुतिन से डील के बाद रूसी डीजल पर रोक हटी, तुरंत होगी 3 लाख टन की सप्लाई

ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका में डीजल के दाम 70% तक बढ़ चुके हैं, Photo- IANS

Add DNA as a Preferred Source

जिस रूस पर अमेरिका ने जंग के चलते कई तरह की पाबंदियां लगाई थीं, अब उसी से वह लाखों टन डीजल खरीदने जा रहा है. अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन से सीधी बातचीत करके डीजल मंगाने का फैसला किया है. अमेरिका के भीतर तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और आने वाले चुनावों को देखते हुए सरकार पर दाम घटाने का भारी दबाव है.

ट्रंप और पुतिन के बीच क्या बात हुई?

ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा कि रूस के प्रेसिडेंट व्लादिमीर पुतिन के साथ बहुत ही कामयाब बातचीत हुई है. ट्रंप के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे चली इस बातचीत में रूस अब अमेरिकी और दुनिया के दूसरे बाजारों में तुरंत 3 लाख टन से ज्यादा डीजल भेजेगा. इसके बाद नवंबर में 5 लाख टन और फिर 10 लाख टन डीजल भेजने की बात कही गई है.   

उन्होंने यह भी कहा कि अगर रूस की तेल रिफाइनरियों में काम ठीक से चलता रहा तो वहां से आगे चलकर 30 लाख टन और डीजल मिल सकता है. पुतिन के दूत किरिल दिमित्रिएव ने भी दोनों देशों के बीच तेल के इस नए कारोबार का स्वागत किया है.

अमेरिका रूसी डीजल खरीदने पर क्यों मजबूर हुआ?

28 फरवरी को जब से अमेरिका और इजरायल ने ईरान के खिलाफ जंग छेड़ी है तब से दुनिया भर में तेल की भारी किल्लत हो गई है. अमेरिका में डीजल के दाम 70% तक उछल गए हैं और एक गैलन डीजल का औसत भाव 6.27 से 6.28 डॉलर तक पहुंच गया है.

डीजल सिर्फ गाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि खेतों के ट्रैक्टरों, माल ढोने वाले ट्रकों और सर्दियों में घरों को गर्म रखने के लिए बेहद जरूरी होता है. डीजल महंगा होते ही हर चीज के दाम बढ़ने लगे हैं. इसके साथ ही, अमेरिका में 3 नवंबर को संसद के चुनाव होने वाले हैं. अगर तेल के दाम नीचे नहीं आए तो ट्रंप की पार्टी के हाथ से संसद की कमान फिसलने का बड़ा खतरा है. इसलिए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी किसानों, पशुपालकों और ट्रक ड्राइवरों के लिए तेल सस्ता करना उनका सबसे बड़ा काम है.

अमेरिका ने रूस पर लगी पाबंदियां हटाईं

यूक्रेन में चल रही जंग की वजह से अमेरिका ने अक्टूबर 2025 में रूसी तेल कंपनियों पर सख्त पाबंदियां लगा दी थीं, ताकि रूस को जंग लड़ने के लिए पैसा न मिल सके. लेकिन अब ट्रंप और पुतिन के बीच फोन पर हुई बातचीत के कुछ ही मिनट बाद अमेरिका ने रूसी डीजल को लेकर अपने नियमों में ढील दे दी. अमेरिकी ट्रेजरी डिपार्टमेंट ने नए आदेश में रूसी डीजल को खरीदने, जहाजों के जरिए लाने और अमेरिका में मंगाने पर लगी रोक को 7 अप्रैल तक हटा दिया है. इसका मतलब है कि इस तारीख तक कंपनियां तय नियमों के तहत रूसी डीजल खरीदकर ला सकती हैं.

रूसी डीजल आने से तेल के दाम घट जाएंगे?

इस समझौते की खबर आते ही अमेरिकी बाजार में डीजल के दाम 5% गिरकर 4.64 डॉलर प्रति गैलन पर आ गए. हालांकि, जानकारों का कहना है कि इससे तेल सस्ता होने का असर ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगा. तेल बाजार के जानकार रोरी जॉन्स्टन के मुताबिक, रूस अब जितना डीजल भेजने की बात कर रहा है, वह जंग शुरू होने से पहले के मुकाबले काफी कम है. 

वहीं, एनर्जी के जानकार जिम मिचेल का कहना है कि इस सौदे से डीजल की कमी झेल रहे बाजार को कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन इससे परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं होगी. इसकी एक बड़ी वजह यूक्रेन के हवाई हमले हैं, जिनमें रूस की तेल साफ करने वाली कई फैक्ट्रियों को भारी नुकसान पहुंचा है. हालात ऐसे हैं कि रूस की आधे से ज्यादा तेल साफ करने की क्षमता ठप पड़ी है. ऐसे में रूस के लिए बड़ी मात्रा में डीजल बाहर भेजना आसान नहीं होगा.

ट्रंप के फैसले पर जेलेंस्की ने क्या कहा?

एक तरफ यूक्रेन के लोग अमेरिका में बैठकर रूस के साथ चल रही जंग को रोकने के लिए बातचीत कर रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने का ऐलान कर दिया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे रूस के पुतिन को फायदा होगा और जंग रोकने में मदद नहीं मिलेगी. उनका कहना है कि रूस तेल बेचकर मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल अपनी सेना को और मजबूत करने में कर सकता है, जिससे यूक्रेन पर हमले और बढ़ सकते हैं. ट्रंप की अपनी पार्टी के सांसद डॉन बेकन ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इस वक्त रूस पर और सख्ती करने की जरूरत थी, ताकि पुतिन पर जंग रोकने का दबाव बनाया जा सके, लेकिन तेल खरीदने के फैसले से रूस को और पैसा मिल सकता है.

G7 देशों ने डीजल पर क्या लिया फैसला?

व्हाइट हाउस के दबाव के बाद G7 देशों ने अपने इमरजेंसी स्टॉक से 10 करोड़ बैरल तेल निकालने पर सहमति दी है, ताकि तेल की कमी को दूर करने में मदद मिल सके. इसके साथ ही खेती में इस्तेमाल होने वाले लाल डीजल के इस्तेमाल की छूट भी बढ़ाई गई है, जिस पर टैक्स नहीं लगता. 

अब ट्रंप पुराने डिफेंस प्रोडक्शन एक्ट (DPA) का इस्तेमाल कर तेल कंपनियों पर काम तेज करने का दबाव बनाने की तैयारी कर रहे हैं. इस कानून के तहत सरकार तेल कंपनियों को पैसा और दूसरी मदद देकर अमेरिका में ही ज्यादा तेल बनाने के लिए बढ़ावा दे सकती है. हालांकि, तेल कंपनियों का मानना है कि नए कारखाने बनाने में पैसा लगाने के बजाय पहले से चल रहे कारखानों में तेल बनाने की ताकत बढ़ाना ज्यादा सही रहेगा.

Advertisement
Advertisement

Advertisement