Advertisement

US आर्मी के पूर्व मेजर को गोली मारकर मौत की सजा, 'अल्लाह हू अकबर' चिल्लाकर कर डाली थी 13 लोगों की हत्या

निदाल हसन मलिक ने कोर्ट मार्शल में अंधाधुंध गोलीबारी की बात कबूल की थी. मलिक ने 2013 में कहा था कि वो अफगानिस्तान में अमेरिका के युद्ध का विरोधी था और तालिबान के समर्थन में उसने हमले को अंजाम दिया था.

Latest News
US आर्मी के पूर्व मेजर को गोली मारकर मौत की सजा, 'अल्लाह हू अकबर' चिल्लाकर कर डाली थी 13 लोगों की हत्या

फोर्ट हुड शूटिंग में 17 साल बाद फैसला (फोटो क्रेडिट-AI)

Add DNA as a Preferred Source
  • 2009 में यूएस एयरबेस पर अंधाधुंध फायरिंग में 13 की हुई थी मौत 
  • अमेरिका में सेकेंड वर्ल्ड के दौरान दी गई थी गोली मारकर मौत की आखिरी सजा
  • यूएस आर्मी ने रेप-मर्डर के दोषी सैनिक को दी थी फांसी की सजा

अमेरिकी सेना के पूर्व मेजर और साइकेट्रिस्ट निदाल मलिक हसन को गोली मारकर मौत की सजा दी जाएगी. यूएस प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप की मंजूरी के बाद पेंटागन ने इसकी घोषणा की है. निदाल मलिक ने साल 2009 में टेक्सास के फोर्ट हूड में अंधाधुंध फायरिंग करके 13 लोगों की हत्या कर दी थी. 

पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ की सिफारिश को राष्ट्रपति ट्रंप ने मंजूरी दी है कि दोषी आतंकवादी निदाल मलिक हसन को यूएस आर्मी की फायरिंग स्क्वाड द्वारा मौत की सजा दी जाए. इस जिहादी ने 2009 में फोर्ट हूड में निहत्थे अमेरिकी सैनिकों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. हमले के दौरान 'अल्लाह-हू-अकबर' चिल्लाते हुए उसने 13 लोगों को मार डाला और 32 को घायल कर दिया.'

उन्होंने आगे कहा कि आखिरकार हसन के लिए न्याय का दिन आ ही गया. हसन को सजा देने के लिए समय और जगह आर्मी सेक्रेटरी तय करेंगे.

पेंटागन

सेकेंड वर्ल्ड वॉर के बाद पहली बार ऐसी सजा

निदाल मलिक को अगर गोली मारकर मौत की सजा दी जाती है तो ये 31 जनवरी, 1945 के बाद ऐसा पहला मामला होगा. सेकेंड वर्ल्ड वॉर के दौरान फ्रांस में अमेरिकी सेना के फायरिंग स्क्वाड ने एडी डी. स्लोविक को मौत की सजा दी थी. 

अमेरिकी सेना ने आखिरी मौत की सजा 1961 में दी थी. यूएस आर्मी के सिपाही जॉन बेनेट ने एक लड़की के साथ रेप और फिर बाद में उसका मर्डर कर दिया था. इस मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद कंसास राज्य के फोर्ट लेवेनवर्थ में बेनेट को फांसी पर लटकाकर मौत की सजा दी गई थी. 

एक प्रेग्नेंट समेत 13 सिपाहियों की मौत

टेक्सास में इतनी भयानक वारदात को अंजाम देने वाले निदाल मलिक हसन को जन्म उत्तरी वर्जीनिया में हुआ था. उसके माता-पिता फिलिस्तीनी मूल के हैं. उसने हमले के लिए यूएस आर्मी के एयरबेस फोर्ट हूड की एक मेडिकल बिल्डिंग को चुना, जहां सैनिक जांच और वैक्सीनेशन के लिए इकट्ठे हुए थे. 5 नवंबर, 2009 को बिल्डिंग में घुसते ही उसने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक प्रेग्नेंट महिला सैनिक समेत 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 32 लोग घायल हुए.

इस हमले में घायल हुए सार्जेंट पैट्रिक जिग्लर ने किलीन डेली हेराल्ड को बताया था, 'उसने मेरी आंखों में देखते हुए मुझ पर बंदूक तान दी. एक ही पल में मैं नीचे फर्श पर पड़ा हुआ था. मुझे ठीक होने में करीब एक साल का समय लगा.' सार्जेंट दो बार युद्ध में हिस्सा ले चुके थे. 

अफगानिस्तान में US युद्ध का विरोधी था निदाल हसन

निदाल हसन मलिक ने अपने कोर्ट मार्शल में अंधाधुंध गोलीबारी की बात कबूल की थी. मलिक ने 2013 में कहा था कि वो अफगानिस्तान में अमेरिका के युद्ध का विरोधी था और तालिबान के समर्थन में उसने इस हमले को अंजाम दिया था. हसन ने कहा कि वो काबुल में अमेरिकी सेना की तैनाती और मुसलमानों की हत्या रोकने की कोशिश कर रहा था. उसे भी कुछ हफ्तों बाद वहां तैनात किया जाना था. 

अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में पता चला कि गोलीबारी से पहले हसन ने यमनी-अमेरिकी स्कॉलर अनवर अल-अवलाकी के साथ ईमेल के जरिए बात की थी, जिन पर अल-कायदा के साथ संबंध रखने का आरोप है. हसन ने अपने सहयोगियों के सामने इराक और अफगानिस्तान में अमेरिकी युद्धों और सेना में मुसलमानों के साथ होने वाले व्यवहार का बार-बार विरोध भी किया था.

निदाल को 2013 में ठहराया गया था दोषी

हसन को अगस्त 2013 में  फोर्ट हूड हत्याकांड का दोषी ठहराया गया था. अदालत ने उसे मौत की सजा देने की सिफारिश की थी. बाद में उसे फोर्ट लेवेनवर्थ में ट्रांसफर कर दिया गया, जहां उसे मौत की सजा के तहत कैद रखा गया है. 

बीबीसी के मुताबिक, हसन इस समय अमेरिकी सेना की मौत की सजा पाए चार कैदियों में से एक है. अमेरिकी कानून के मुताबिक, किसी भी मिलिट्री सजा के लिए यूएस प्रेसिडेंट की मंजूरी जरूरी होती है. हालांकि राष्ट्रपति के फैसले को संघीय अदालत में चुनौती भी दी जा सकती है. अगर कोर्ट ने फैसला बदल दिया तो दोषी की फांसी की सजा को बदला जा सकता है. 

1983 में असंवैधानिक घोषित हुआ था सैन्य मृत्युदंड

साल 1983 में संघीय अदालत ने सैन्य मृत्युदंड को असंवैधानिक घोषित कर दिया था, लेकिन तत्कालीन राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन ने एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करके इसे फिर से बहाल कर दिया था. अमेरिका में ज्यादातर फांसी की सजाएं राज्य के स्तर पर दी जाती हैं, जिसमें 27 राज्य, सेना और संघीय सरकार अभी भी मौत की सजा को कानूनी रूप से विकल्प के रूप में देखते हैं. 

मौत की सजा के समर्थक हैं ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मौत की सजा के समर्थक हैं. उन्होंने जनवरी 2025 में दूसरी बार प्रेसिडेंट बनने के बाद पहले ही दिन एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करके इसे फिर से लागू कर दिया था. उनसे पहले जो बाइडेन ने संघीय स्तर पर मौत की सजा के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी. 

ये भी पढ़ें- 'गाजा' का बदला और शहीद होने की चाहत', Flydubai के ओमानी पायलट से पूछताछ में अब तक हुए क्या-क्या खुलासे

Advertisement
Advertisement

Advertisement