दुनिया
नासा ने हाल ही में अंतरिक्ष में मुस्कुराती हुई गैलेक्सी क्लस्टर की तस्वीर शेयर की है. साइंस की भाषा में समझें कि आखिर इस तस्वीर का मतलब क्या है और अल्बर्ट आइंस्टीन की किस थ्योरी से इसे समझा जा सकता है....
कभी हमें बादलों में किसी इंसान का चेहरा नजर आता है तो कभी हम दीवार में बने किसी निशान में जानवर और चिड़िया ढूंढ लेते हैं. दरअसल हमारा दिमाग आसपास मौजूद आकारों में जाने-पहचाने पैटर्न खोजने की कोशिश करता है. साइंस की भाषा में इस टर्म को पैरेडोलिया कहा जाता है. इसमें कई बार हमें ऐसी चीजों में भी चेहरे नजर आने लगते हैं जिनका असल में किसी चेहरे से कोई लेना-देना ही नहीं होता.
अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने एक ऐसी ही तस्वीर शेयर की है जिसमें आकाशगंगाओं के एक समूह का मुस्कुराता हुआ चेहरा दिखा दे रहा है. इस तस्वीर में दो पीली आंखों के साथ मुस्कान वाला चेहरा दिखाई दे रहा है. दरअसल इस तस्वीर के पीछे एक खगोलीय घटना काम कर रही है, जिसे ग्रेविटेशनल लेंसिंग के नाम से जाना जाता है.
While observing the universe, @NASAHubble caught a galaxy cluster smiling for the camera. 😊 The smile lines are arcs caused by an effect known as gravitational lensing, where massive structures warp spacetime with their powerful gravitational forces and act as a cosmic lens. https://t.co/R3YMVpOqt4
— NASA (@NASA) October 11, 2026
नासा और यूरोपियन स्पेस एजेंसी ईएसए के हबल स्पेस टेलीस्कोप ने इस तस्वीर को कैद किया था. इसे 9 फरवरी 2015 को पब्लिक किया गया. अब नासा ने दोबारा इस तस्वीर को अपने ऑफिशियल एक्स हैंडल से शेयर किया है. इस तस्वीर के सेंटर में SDSS J1038+4849 नाम का गैलेक्सी क्लस्टर दिखाई दे रहा है. यह गैलेक्सी क्लस्टर हमारी धरती से करीब 4.5 अरब प्रकाश वर्ष दूर है. यह बिग डिपर के क्षेत्र में उर्सा मेजर की दिशा में मौजूद है.
तस्वीर में दो चमकीली नारंगी आकाशगंगाएं आंखों जैसी दिखाई दे रही हैं. इनके बीच एक छोटा चमकीला हिस्सा नाक जैसा लगता है, जबकि नीचे की ओर मुड़ी हुई रोशनी मुस्कान का आभास देती है. इस तरह पूरी तस्वीर एक मुस्कुराते चेहरे जैसी नजर आती है. आंखों जैसी दिखने वाले आकार असल में चमकीली आकाशगंगाएं हैं. वहीं चेहरे की मुस्कान उसके आसपास बना घुमाव प्रकाश के मुड़ने से बना है.
इस तस्वीर के पीछे की सबसे दिलचस्प वजह ग्रेविटेशनल लेंसिंग है. नासा के मुताबिक, ग्रेविटेशनल लेंसिंग ब्रह्मांड में घटने वाली एक ऐसी घटना है, जब एक विशाल खगोलीय पिंड अपने मजबूत ग्रेविटेशन की वजह से नेचुरल मैग्निफाइंग लेंस का काम करने लगता है.
जब किसी बहुत भारी वस्तु जैसे गैलेक्सी या गैलेक्सी क्लस्टर ग्रेविटेशन की वजह से उसके आसपास का स्पेसटाइम मुड़ जाता है. ऐसे में वहां से गुजरने वाले प्रकाश का रास्ता भी बदल जाता है. इस वजह से उसके पीछे मौजूद किसी दूर की आकाशगंगा या दूसरे खगोलीय पिंड की रोशनी हमें मुड़ी हुई, बड़ी, चमकीली या कई अलग-अलग आकृतियों में दिखाई दे सकती है. कई बार यह रोशनी गोल छल्ले जैसी बन जाती है.
ग्रेविटेशनल लेंसिंग को आइंस्टीन के थ्योरी ऑफ जनरल रिलेटिविटी से समझाया जाता है. अल्बर्ट आइंस्टीन के मुताबिक, स्पेस-टाइम एक चादर की तरह है. जब कोई बहुत भारी वस्तु जैसे सूर्य या गैलेक्सी इस चादर पर होती है तो उसके वजन से वह चादर झुक जाती है और इस झुकाव को हम ग्रेविटी कहते हैं. जब दूर किसी तारे या गैलेक्सी से आने वाला प्रकाश इस भारी वस्तु के पास से गुजरता है तो अंतरिक्ष में आए इस झुकाव की वजह से प्रकाश का रास्ता मुड़ जाता है. प्रकाश के इस तरह मुड़ने की घटना को ही ग्रेविटेशनल लेंसिंग कहते हैं जो किसी बड़े लेंस की तरह काम करती है.
ग्रेविटेशनल लेंसिंग सिर्फ अंतरिक्ष में अजीब और खूबसूरत आकृतियां देखने तक सीमित नहीं है. नासा के मुताबिक, यह एस्ट्रोनॉमर्स के लिए ब्रह्मांड को समझने का तरीका भी है. इसकी मदद से साइंटिस्ट उन दूर की आकाशगंगाओं की स्टडी कर सकते हैं जिनका प्रकाश धरती तक पहुंचते-पहुंचते बेहद कमजोर हो जाती है. जब किसी विशाल गैलेक्सी क्लस्टर का ग्रेविटेशन इस रोशनी को मोड़ता और मैग्नीफाइड करता है, तो दूर मौजूद वस्तु के बारे में ऐसी जानकारी मिल सकती है जिसे सामान्य परिस्थितियों में देख पाना मुश्किल होता है. इससे वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड के शुरुआती दौर में बनी गैलेक्सी को स्टडी करने में भी मदद मिलती है. इसके अलावा यह एक्सोप्लेनेट और डार्क मैटर की खोज में भी मददगार होता है.
यह भी पढ़ें- मौत के आठ साल बाद भी मिट्टी से नहीं मिटता हाथियों का वजूद, वो राज जिसने वैज्ञानिकों को भी किया हैरान