दुनिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर 100 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने और शी जिनपिंग से होने वाली बैठक रद्द करने की चेतावनी दी है. इस कदम से अमेरिका-चीन ट्रेड वॉर एक बार फिर शुरू हो सकता है.
अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर एक बार फिर भड़कने के आसार हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को चीन पर 100 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने की धमकी दी है. इसके साथ ही उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ इस महीने के अंत में होने वाली मुलाकात रद्द करने के भी संकेत दिए हैं. ट्रंप का कहना है कि चीन ने हाल ही में रेयर अर्थ एक्सपोर्ट (Rare Earth Export) पर नियंत्रण बढ़ाने का फैसला किया है, जो अमेरिकी हितों के खिलाफ है.
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “यह यकीन करना मुश्किल है कि चीन ऐसा कदम उठा सकता है, लेकिन अब उन्होंने ऐसा कर दिया है.” उन्होंने कहा कि 1 नवंबर से अतिरिक्त शुल्क और सॉफ्टवेयर निर्यात पर नियंत्रण लागू हो सकता है. यह बीजिंग के हालिया ‘आक्रामक कदमों’ का जवाब होगा.
रेयर अर्थ मटेरियल्स का इस्तेमाल स्मार्टफोन, इलेक्ट्रिक वाहनों, सैन्य उपकरणों और नवीकरणीय ऊर्जा तकनीक में होता है. इनका बड़ा हिस्सा चीन में तैयार होता है, जिससे बीजिंग को इस क्षेत्र में गहरा प्रभाव हासिल है. ट्रंप ने कहा कि “चीन को दुनिया को बंधक बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती.”
यह भी पढ़ें: Donald Trump को नोबेल न मिलने पर तिलमिलाया अमेरिका, शांति पुरस्कार को लेकर कही ये बात
इस घोषणा के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तुरंत असर देखा गया. अमेरिकी शेयर बाजारों में भारी गिरावट आई, जहां नैस्डैक 3.6 प्रतिशत और एसएंडपी 500 इंडेक्स 2.7 प्रतिशत नीचे चला गया. विश्लेषकों का कहना है कि अगर दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ा, तो वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है. फिलहाल अमेरिका चीन से आने वाले सामान पर 30 प्रतिशत टैरिफ लगाता है, जबकि चीन की ओर से 10 प्रतिशत टैरिफ लागू है. लेकिन अगर ट्रंप अपने नए ऐलान पर अमल करते हैं, तो यह शुल्क दोगुने से भी ज्यादा बढ़ जाएगा, जिससे ट्रेड वॉर का नया दौर शुरू हो जाएगा.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.