Advertisement

ढाई हजार साल पुरानी यूनानी कविता का वो राज जिसने ऐन कार्सन को दिलाया साहित्य का नोबेल पुरस्कार

कनाडा की लेखिका ऐन कार्सन को 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है. जानें आखिर क्या है ढाई हजार साल पुरानी उस कविता का राज जिसने उन्हें दिलाया यह सम्मान...

Latest News
ढाई हजार साल पुरानी यूनानी कविता का वो राज जिसने ऐन कार्सन को दिलाया साहित्य का नोबेल पुरस्कार

साल 2026 के साहित्य का नोबेल पुरस्कार कनाडा की लेखिका ऐन कार्सन को दिया गया है. (Image: @NobelPrize)

Add DNA as a Preferred Source
  • लेखिका ऐन कार्सन को मिला 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार
  • साहित्य की तय सीमाओं में बंधकर नहीं लिखतीं कार्सन
  • साहसी और नए प्रयोगों से भरे लेखन के लिए ऐन कार्सन को मिला यह सम्मान
  • रविंद्रनाथ टैगोर और ऐन कार्सन के लेखन में है एक बड़ी समानता

प्राचीन यूनान की कविताओं, प्रेम और विरह की कहानियों को आज के दौर से जोड़ने वाली कनाडा की लेखिका ऐन कार्सन को 2026 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार दिया गया है. उनकी खासियत यह है कि वह ढाई हजार साल पुराने साहित्य को सिर्फ अनुवाद करके नहीं छोड़ देतीं, बल्कि उसे कविता, निबंध और कहानी के नए रूप में ढाल देती हैं. आखिर क्या है उनके लेखन का वह अंदाज जिसने उन्हें दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मानों में से एक साहित्य के नोबेल पुरस्कार तक पहुंचाया.

कभी-कभी हजारों साल पुरानी कोई कविता आज के इंसान की जिंदगी से इतनी जुड़ी हुई लगती है कि उसके लिखे जाने का समय मायने ही नहीं रखता. प्यार, बिछड़ने का दुख, किसी को खोने का दर्द और अपने अस्तित्व को समझने की कोशिश, ये भावनाएं आज भी वैसी ही हैं, जैसी प्राचीन यूनान के साहित्य में दिखाई देती हैं.

कनाडा की कवयित्री, निबंधकार और अनुवादक ऐन कार्सन का लेखन इन्हीं भावनाओं को सामने लाता है. वह प्राचीन यूनानी साहित्य की विद्वान हैं लेकिन उनकी पहचान सिर्फ पुराने ग्रंथों का अध्ययन करने तक सीमित नहीं है. वह उन ग्रंथों से सवाल करती हैं, शब्दों के मतलब को नए तरीके से देखती हैं और फिर उन्हें आधुनिक साहित्य का हिस्सा बना देती हैं.

8 अक्टूबर 2026 को स्वीडिश एकेडमी ने ऐन कार्सन को साहित्य का नोबेल पुरस्कार देने का ऐलान किया. उन्हें यह सम्मान उनके साहसी और नए प्रयोगों से भरे लेखन के लिए दिया गया. एकेडमी ने कहा कि वे अपनी रचनाओं में पुरानी और महान साहित्यिक परंपराओं को एक नए व अनोखे अंदाज में पेश करती हैं. इस साल साहित्य का पुरस्कार उन्हें किसी एक किताब के लिए नहीं, बल्कि उनके साहित्यिक योगदान के लिए दिया गया है.

ऐन कार्सन को क्यों मिला साहित्य का नोबेल पुरस्कार?

ऐन कार्सन के लेखन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह साहित्य की तय सीमाओं में बंधकर नहीं लिखतीं. उनकी किताबों में कविता भी मिलती है, निबंध भी, कहानी भी और प्राचीन साहित्य पर गहरा अध्ययन भी मिलता है. कई बार यह तय करना मुश्किल हो जाता है कि उनकी कोई रचना कविता है, उपन्यास है या विचारों को सामने रखने का कोई नया तरीका है.

उनके लेखन में प्राचीन यूनान के मिथक और पात्र आधुनिक जीवन के सवालों से जुड़ जाते हैं. वह पुराने साहित्य को जस का तस दोहराने के बजाय उसमें छिपे भावों और विचारों को नए संदर्भ में सामने लाती हैं.

उदाहरण के लिए, प्राचीन साहित्य में प्रेम सिर्फ दो लोगों के बीच का रिश्ता नहीं है. उसमें इच्छा, दूरी, बेचैनी और किसी चीज को पूरी तरह हासिल न कर पाने का दर्द भी शामिल है. कार्सन इन भावनाओं को अपने लेखन में इस तरह पेश करती हैं कि पाठक उन्हें अपने जीवन से जोड़ सके.

उनके काम को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि वह प्राचीन साहित्य की विद्वान होने के साथ-साथ रचनात्मक लेखिका भी हैं. वह किसी पुराने ग्रंथ का मतलब समझने के लिए उसके शब्दों, भाषा और सांस्कृतिक संदर्भों की गहराई में जाती हैं. फिर उसी अध्ययन से नए विचार और नई रचनाएं तैयार करती हैं. इस वजह से ही उनका लेखन पारंपरिक कविता से अलग दिखाई देता है. वह कविता और गद्य के बीच की दूरी कम करती हैं और पाठक को साहित्य पढ़ने का एक नया अनुभव देती हैं.

कौन हैं ऐन कार्सन?

ऐन कार्सन का जन्म 21 जून 1950 को कनाडा के टोरंटो में हुआ था. फिलहाल उनकी उम्र 76 साल है. वह कवयित्री, निबंधकार, अनुवादक और प्राचीन यूनानी साहित्य की एक्सपर्ट हैं. उन्होंने टोरंटो यूनिवर्सिटी में प्राचीन यूनानी भाषा और साहित्य की स्टडी की है. बाद में उन्होंने एकेडमिक्स में भी काम किया और उन्होंने मैकगिल, मिशिगन, न्यूयॉर्क और प्रिंसटन जैसी दुनिया की कई नामी यूनिवर्सिटी में पढ़ाया है.

पढ़ाई के बाद उनके साहित्यिक जीवन में प्राचीन भाषाओं का अध्ययन और आधुनिक कविता लिखना हमेशा एक-दूसरे से जुड़े रहे. उन्होंने कई किताबें भी लिखी हैं. उनकी रचनाओं में इरॉज द बिटरस्वीट, ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड, द ब्यूटी ऑफ हसबैंड और नॉक्स शामिल हैं. उन्होंने प्राचीन यूनानी साहित्य का अनुवाद भी किया है. उनकी रचनाओं में भाषा, प्रेम, अकेलापन, स्मृति और इंसानी रिश्तों जैसे विषय बार-बार सामने आते हैं.

उनके लेखन को समझने के लिए तीन बातें अहम हैं. पहली, प्राचीन साहित्य का गहरा अध्ययन. दूसरी, उस साहित्य का अनुवाद और उसकी व्याख्या. तीसरी, उसी से प्रेरणा लेकर अपनी मौलिक रचनाएं तैयार करना. कार्सन की खासियत यह है कि वह इन तीनों कामों को अलग-अलग खानों में नहीं रखतीं. उनके लिए अनुवाद करना सिर्फ एक भाषा के शब्दों को दूसरी भाषा में बदलना नहीं है. यह उस दौर की सोच, भावनाओं और भाषा के पीछे छिपे हुए मतलब को समझने का भी तरीका है.

ढाई हजार साल पुरानी यूनानी कविता से क्या सीखा?

ऐन कार्सन के लेखन पर प्राचीन यूनानी कवयित्री सैफो और नाटककारों की परंपरा का खास प्रभाव दिखाई देता है. सैफो को प्राचीन यूनान की सबसे चर्चित गीतात्मक कवयित्रियों में गिना जाता है. उनकी कविताओं में प्रेम, इच्छा, आकर्षण और मानवीय भावनाओं की गहरी अभिव्यक्ति मिलती है. सैफो की रचनाओं का बड़ा हिस्सा आज पूरी तरह उपलब्ध नहीं है. उनकी कई कविताएं अधूरे टुकड़ों के रूप में मिली हैं. ऐसे में उन्हें पढ़ना और अनुवाद करना सिर्फ भाषा का काम नहीं, बल्कि उन अधूरे अंशों के मतलब को समझने की कोशिश भी है.

कार्सन ने अपनी किताब 'इफ नॉट विंटर: फ्रेग्मेंट्स ऑफ सैफो' में सैफो की कविताओं के इन टुकड़ों का अनुवाद किया. इस किताब की खासियत यह है कि इसमें मूल रचनाओं के अधूरेपन को छिपाने के बजाय उसे काफी हद तक उसी रूप में सामने रखा गया है. यह तरीका बताता है कि कार्सन के लिए अनुवाद का मतलब पुराने साहित्य को सुविधाजनक बनाकर पेश करना नहीं है. वह मूल रचना की बनावट और उसमें मौजूद खाली जगहों को भी अहमियत देती हैं.

यूरिपिडीज, सोफोक्लीज और एस्किलस जैसे यूनानी नाटककारों की रचनाएं भी उस साहित्यिक दुनिया का हिस्सा हैं, जिसका कार्सन ने अध्ययन किया है. इन लेखकों के नाटकों में इंसानी इच्छाओं, पारिवारिक संघर्षों, दुख और नैतिक दुविधाओं को अहम जगह मिली है. कार्सन का लेखन भी इन जटिल भावनाओं को नए रूपों में सामने लाता है.

Nobel Prize

साहित्य के नोबेल पुरस्कार का इतिहास

साहित्य का नोबेल पुरस्कार पहली बार 1901 में दिया गया था. इस पुरस्कार को स्वीडिश एकेडमी देती है. इसका मकसद ऐसे लेखक के साहित्यिक योगदान को सम्मान देना है जिसने अपने लेखन के जरिए अहम काम किया हो. विनर का सिलेक्शन किसी एक किताब की बिक्री, लोकप्रियता या किसी खास साल में चर्चा में रहने के आधार पर नहीं होता बल्कि यह सम्मान लेखक के पूरे साहित्यिक योगदान को ध्यान में रखकर दिया जाता है.

नोबेल पुरस्कार की ऑफिशियल जानकारी के मुताबिक, 1901 से 2025 तक साहित्य का पुरस्कार 118 बार दिया गया और इसमें कुल 122 लोगों को विजेता घोषित किया गया है. कई साल यह पुरस्कार एक से ज्यादा लेखकों को भी दिया गया है. इस पुरस्कार की राशि फिलहाल 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोना बताई गई है. विजेता को पदक और डिप्लोमा भी दिया जाता है.

साहित्य का नोबेल पाने वाली पहले भारतीय कौन थे?

भारत के लिए साहित्य के नोबेल पुरस्कार सबसे पहले रविंद्र नाथ टैगोर को मिला था. उन्हें 1913 में यह सम्मान दिया गया था. वह साहित्य का नोबेल पुरस्कार पाने वाले एशिया के पहले कवि भी थी. टैगोर को यह सम्मान उनकी रचनाओं में दिखाई देने वाली संवेदनशीलता, सुंदरता और गहरी मानवीय दृष्टि के लिए मिला था. उनकी किताब 'गीतांजलि' ने दुनिया भर में पाठकों का ध्यान खींचा. टैगोर ने अपनी बांग्ला रचनाओं का अंग्रेजी में अनुवाद भी किया था जिससे उनका साहित्य इंटरनेशनल रीडर्स तक पहुंचा.

ऐन कार्सन और टैगोर के काम में एक दिलचस्प समानता यह है कि दोनों ने अनुवाद को अपने साहित्यिक जीवन का अहम हिस्सा बनाया. लेकिन दोनों की भाषाएं, साहित्यिक परंपराएं और लेखन की शैली अलग हैं. टैगोर ने भारतीय साहित्य और दर्शन के भावों को दुनिया तक पहुंचाया, जबकि कार्सन प्राचीन यूनानी साहित्य के साथ आधुनिक कविता का संवाद बनाती हैं.

टैगोर के बाद भारतीय मूल के ब्रिटिश लेखक वीएस नायपॉल को साल 2001 में साहित्य का नोबेल पुरस्कार मिला था. उनका जन्म त्रिनिदाद में हुआ था और उनके लेखन में उपनिवेशवाद, पहचान, समाज और विस्थापन के विषय दिखाई देते हैं.

यह भी पढ़ें- दक्षिण अफ्रीका की पहली अश्वेत महिला जज से लेकर नेल्सन मंडेला की कानूनी ढाल तक... कौन हैं नवी पिल्लई जिन्हें मिला शांति का नोबेल?

Advertisement
Advertisement

Advertisement