Advertisement

घर के किराए ने कैसे हिला दी स्पेन की सरकार? हाउसिंग क्राइसिस की पूरी कहानी

स्पेन में घरों और किराए की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हजारों लोग सड़कों पर उतरकर सस्ते किराए, बेदखली से सुरक्षा और निवेश फंडों पर रोक की मांग कर रहे हैं.

Latest News
घर के किराए ने कैसे हिला दी स्पेन की सरकार? हाउसिंग क्राइसिस की पूरी कहानी

स्पेन में मकानों की भारी कमी है और पिछले एक साल में घरों के दाम 12.2% तक बढ़ चुके हैं. (AI Image)

Add DNA as a Preferred Source

एक ऐसा देश जहां अच्छी नौकरियां हैं, हर सुविधा से लैस शहर हैं, शानदार बाजार हैं, लेकिन रहने के लिए घर नहीं, और अगर घर है भी, तो उसका किराया इतना ज्यादा कि महीने की आधी कमाई सिर्फ छत बचाने में चली जाए. अब समस्या इतनी बड़ी हो गई है कि हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं. हाथों में पोस्टर हैं, नाराजगी है और सवाल सिर्फ मकान मालिकों से नहीं, बल्कि सीधे सरकार से है कि आखिर आम आदमी अपने ही शहर में घर कैसे अफोर्ड करे? 

स्पेन में लोग सड़कों पर क्यों उतरे?

स्पेन में इन दिनों कुछ ऐसा ही हो रहा है. घर और किराए की बढ़ती कीमतों ने ऐसा राजनीतिक संकट खड़ा कर दिया है कि इसका असर अब सड़कों से निकलकर संसद तक पहुंच गया है. 2 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज की सरकार को हाउसिंग से जुड़े अहम प्रस्तावों पर संसद में हार का सामना करना पड़ा और इसके अगले ही दिन देश के कई शहरों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए. 

हाउसिंग क्राइसिस की सबसे बड़ी वजह क्या?

स्पेन में हाउसिंग क्राइसिस की सबसे बड़ी वजह बेहद सीधी है- घर कम हैं और जरूरत ज्यादा. देश में नए घर जितनी तेजी से बनने चाहिए, उतनी तेजी से नहीं बन रहे. स्पेन के केंद्रीय बैंक के अनुमान के मुताबिक देश में मांग और निर्माण के बीच करीब 7 लाख घरों की कमी है. इसका सीधा असर किराए पर पड़ा है. 2025 में स्पेन में किराए करीब 8.5 फीसदी बढ़े. 

बड़े शहरों में किराए में 9.7 फीसदी बढ़ोतरी 

प्रॉपर्टी वेबसाइट आइडियलिस्टा के अनुसार, राजधानी मैड्रिड में किराए में बढ़ोतरी करीब 9.7 फीसदी रही. बार्सिलोना में हालात और मुश्किल हैं. वहां किराया इतना बढ़ चुका है कि सामान्य नौकरी करने वाले लोगों, छात्रों और युवाओं के लिए शहर में रहना लगातार कठिन होता जा रहा है.

औसतन मैड्रिड में किराया करीब 22.70 यूरो प्रति वर्ग मीटर और बार्सिलोना में करीब 23.80 यूरो प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच गया. यानी मामला सिर्फ महंगे घर का नहीं है. सवाल अब ये है कि क्या आम इंसान को उस शहर में रहने का अधिकार भी बचा है जहां वह काम करता है? 

spain protest

87 साल की बुजुर्ग महिला कैसे बनीं प्रदर्शन का चेहरा?

स्पेन में खड़े हुए इस पूरे संकट को एक घटना ने और ज्यादा भावनात्मक बना दिया. 87 साल की महिला मारिकारेन अबास्कल को बढ़े हुए किराए का बोझ उठाना मुश्किल पड़ा और बीती 23 सितंबर 2026 को उन्हें अपने घर से निकाल दिया गया. उनकी कहानी देखते ही देखते पूरे स्पेन में चर्चा का विषय बन गई. क्योंकि ये सिर्फ एक बुजुर्ग महिला की कहानी नहीं रह गई थी.

लोगों को इसमें अपने भविष्य की तस्वीर दिखाई देने लगी कि आज किराया बढ़ा तो क्या होगा? कल मकान मालिक घर खाली करने को कह दे तो कहां जाएंगे? इस घटना को लेकर देशभर में 26 सितंबर से प्रदर्शन होने शुरू हो गए थे.

अबास्कल जिस फ्लैट में रहती थीं, उसे लेकर विवाद इतना बढ़ा कि उसकी मालिक कंपनी अर्बाजेस्टियन को आखिरकार उनके वापस लौटने और कम किराए पर रहने को लेकर बातचीत करनी पड़ी. लेकिन तब तक उनकी कहानी पूरे हाउसिंग आंदोलन का प्रतीक बन चुकी थी.  

सरकार ने क्या कदम उठाने की कोशिश की? 

प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज की गठबंधन सरकार ने बढ़ते दबाव के बीच राहत देने के लिए दो आपातकालीन हाउसिंग प्रस्ताव संसद में रखे. इनमें कमजोर और असुरक्षित किरायेदारों की बेदखली पर 2030 तक रोक जैसे प्रावधान शामिल थे. कुछ किरायेदारी समझौतों को दो साल तक बढ़ाने, टूरिस्ट अपार्टमेंट पर टैक्स बढ़ाने और निवेश फंडों द्वारा रिहायशी संपत्तियां खरीदने पर रोक लगाने जैसे कदम भी प्रस्तावित थे.

एक अहम प्रस्ताव किराए के अनुबंधों को अपने आप आगे बढ़ाने से जुड़ा था, जिसकी मांग लंबे समय से किरायेदार संगठन करते रहे हैं. सरकार को उम्मीद थी कि इन कदमों से जनता का गुस्सा कम होगा, लेकिन कहानी यहीं पलट गई. 

spain protest प्रदर्शनकारियों और पुलिस में हुई झड़प (Image Source- social media)

संसद में सरकार को क्यों मिली हार?

पेद्रो सांचेज की सोशलिस्ट पार्टी के पास संसद में अपने दम पर बहुमत नहीं है. उनकी सरकार वामपंथी सुमार गठबंधन के साथ है और बड़े फैसलों के लिए उसे दूसरी छोटी पार्टियों के समर्थन की जरूरत पड़ती है. हाउसिंग प्रस्तावों पर विपक्षी कंजर्वेटिव पीपल्स पार्टी और दक्षिणपंथी वॉक्स ने सरकार का विरोध किया. कैटेलोनिया की सेंटर-राइट ने भी प्रस्तावों का साथ नहीं दिया. नतीजा ये हुआ कि दोनों प्रस्ताव संसद में गिर गए. 

पहले प्रस्ताव पर सरकार को 172 के मुकाबले 178 वोटों से हार मिली, जबकि दूसरे प्रस्ताव को 166 के मुकाबले 184 वोट से हार मिली. यानी जिस वक्त सरकार सड़क पर बढ़ते गुस्से को शांत करने की कोशिश कर रही थी, उसी वक्त संसद में उसके पास अपने प्रस्ताव पास कराने के लिए पर्याप्त समर्थन नहीं था. यही वजह है कि हाउसिंग क्राइसिस अब सिर्फ सामाजिक समस्या नहीं रही, ये राजनीतिक संकट भी बनती जा रही है.

spain protestमैड्रिड में सबसे बड़ा प्रदर्शन हुआ. (Image Source- social media)

'वल्चर फंड' को लेकर इतना गुस्सा क्यों?

प्रदर्शनकारियों का गुस्सा सिर्फ बढ़ते किराए तक सीमित नहीं है. निशाने पर बड़े निवेश फंड भी हैं. हाउसिंग एक्टिविस्ट्स का आरोप है कि बड़े निवेशक घरों को रहने की जगह के बजाय निवेश का साधन मानते हैं. वे बड़ी संख्या में संपत्तियां खरीदते हैं और इससे बाजार में कीमतें और किराए ऊपर जाने का दबाव बढ़ता है.

प्रदर्शनकारी चाहते हैं कि निवेश फंडों के लिए रिहायशी संपत्तियां खरीदने के नियम और सख्त किए जाएं. स्पेन की सरकार भी कुछ निवेश समूहों के लिए वल्चर फंड जैसे शब्द का इस्तेमाल कर चुकी है. सरकार का तर्क है कि घर सिर्फ मुनाफा कमाने की चीज नहीं हो सकता.  

spain protest

अब आगे क्या होगा? 

स्पेन में शनिवार को करीब 50 जगहों पर हुए प्रदर्शनों ने साफ कर दिया है कि हाउसिंग का मुद्दा अब देश की राजनीति के केंद्र में है. मैड्रिड, बार्सिलोना और वालेंसिया जैसे शहरों में किरायेदारों, छात्रों, कर्मचारियों और हाउसिंग एक्टिविस्ट्स ने एक साथ आवाज उठाई.

सवाल अब सिर्फ ये नहीं है कि किराया कितना बढ़ेगा. सवाल ये है कि सरकार घरों की बढ़ती कीमतों और किराए को कैसे नियंत्रित करेगी, नए घर कहां से आएंगे और शहरों में रहने वाले आम लोगों को बेदखली से कैसे बचाया जाएगा. 

सांचेज सरकार के सामने बड़ी चुनौती

सांचेज सरकार के सामने चुनौती दोहरी है- एक तरफ सड़क पर जनता का दबाव और दूसरी तरफ संसद में बहुमत का संकट. अगले आम चुनाव की तारीख अभी तय समय के मुताबिक अगले साल गर्मियों में है, लेकिन हाउसिंग मुद्दे पर सरकार की संसद में हुई हार ने समय से पहले चुनाव की अटकलों को जरूर हवा दे दी है.

स्पेन की कहानी ये भी दिखाती है कि जब घर जैसी बुनियादी जरूरत आम आदमी की पहुंच से बाहर होने लगे, तो मामला सिर्फ रियल एस्टेट का नहीं रहता, वह सीधे राजनीति को हिला सकता है. 

ये भी पढ़ें- 'नमाज पढ़ने के बाद किया हमला', स्मित मच्छार बोले- 'भगवान हनुमान ने मुझे हिम्मत दी’, क्रैश होने से कुछ सेकंड दूर था विमान

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement