दुनिया
दक्षिण कोरिया की सरकार ने अपने लोकप्रिय डिजिटल नोमैड वीजा को पायलट प्रोजेक्ट से बदलकर अब हमेशा के लिए यानी परमानेंट लागू कर दिया है.
अगर आप घर बैठे या दुनिया के किसी भी कोने से रिमोट वर्क करते हैं और घूमना-फिरना आपका शौक है, तो आपके लिए एक शानदार खबर है. साउथ कोरिया ने अपने डिजिटल नोमैड वीजा (जिसे वर्कैशन वीजा या F-1-D वीजा भी कहते हैं) को अब हमेशा के लिए यानी आधिकारिक तौर पर लागू कर दिया है.
जनवरी 2024 से मई 2026 तक चले एक सफल ट्रायल के बाद, सरकार ने इसे जून के आखिर में पूरी तरह से लॉन्च कर दिया है. इस पक्के वीजा में सरकार ने कई बड़े बदलाव किए हैं, जिससे अब वहां रहना और आसान हो गया है. आपको बताते हैं कि इस नए वीजा की शर्तें क्या हैं और यह पुराने नियमों से कितना अलग है.
इस नए वीजा में सबसे बड़ी राहत कमाई यानी इनकम की शर्तों में दी गई है. पहले जहां बहुत ज्यादा सैलरी की डिमांड थी, वहीं अब इसे काफी व्यावहारिक बना दिया गया है.
अगर आपकी उम्र 18 से 34 साल के बीच है और आप राजधानी सियोल, इनचियोन या ग्योंगी प्रांत जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से बाहर (साउथ कोरिया के अन्य क्षेत्रों में) रहने का प्लान बनाते हैं, तो आपको वहां की प्रति व्यक्ति सकल राष्ट्रीय आय (GNI) के बराबर ही कमाई दिखानी होगी. साल 2025 में यह आंकड़ा लगभग 36,963 डॉलर था. पहले यह शर्त इसकी दोगुनी थी.
ट्रायल के दौरान इस वीजा पर सिर्फ 2 साल रहने की अनुमति थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर अधिकतम 3 साल कर दिया गया है. साथ ही, इस दौरान आप जितनी बार चाहें देश में आ-जा सकते हैं. सरकार का पूरा फोकस इस बार विदेशी प्रोफेशनल्स को सियोल से बाहर के खूबसूरत और शांत इलाकों की तरफ आकर्षित करने पर है.
इस वीजा के लिए कुछ बुनियादी शर्तें तय की गई हैं-
अप्लाई करने के लिए आपको वीजा फॉर्म, 6 महीने से ज्यादा वैलिडिटी वाला पासपोर्ट, पासपोर्ट साइज फोटो, कंपनी का एम्प्लॉयमेंट लेटर, क्लीन क्रिमिनल रिकॉर्ड सर्टिफिकेट और बैंक स्टेटमेंट/टैक्स डाक्यूमेंट्स देने होंगे. आपको अपने देश में मौजूद साउथ कोरियाई दूतावास या वाणिज्य दूतावास में अपॉइंटमेंट लेना होगा, डाक्यूमेंट्स जमा करने होंगे और फीस देनी होगी.
इसे प्रोसेस होने में 10 दिनों से लेकर 4 हफ्ते तक का समय लग सकता है. फीस हर देश के हिसाब से अलग है, जैसे अमेरिकी नागरिकों के लिए यह करीब 45 डॉलर है. अगर आप भी काम के साथ-साथ कोरियन कल्चर और वहां की खूबसूरत लोकेशंस को एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो यह वीजा आपके लिए बेहतरीन मौका है.