दुनिया
हूतियों ने 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हमला किया, जिसमें कम से कम 13 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा घायल हो गए. बीते 10 साल में ये सऊदी पर सबसे बड़ा अटैक था.
सऊदी अरब और हूतियों के बीच एक बार फिर जंग छिड़ गई है. इस साल जुलाई में लड़ाई शुरू होने के बाद हूतियों ने सऊदी के कम से कम पांच एयरपोर्ट पर अटैक किया. अब तक इन हमलों में करीब 20 लोग मारे जा चुके हैं. इसके अलावा रनवे, टर्मिनल और विमानों को भी नुकसान पहुंचा है. ऐसा पहली बार नहीं है जब सऊदी और हूतियों के बीच जंग हो रही है. इससे पहले भी सऊदी दो बार यमन में अंसार अल्लाह (हूती) के खिलाफ लंबे युद्ध लड़ चुका है.
17 साल पहले सऊदी अरब ने यमन में पहली बार सेना उतारी थी. दरअसल 2004 से 2010 के बीच यमन सरकार और हूती विद्रोहियों के बीच लगातार दुश्मनी बनी रही. ये युद्ध सऊदी अरब के दक्षिणी हिस्सों तक भी फैल गया. नवंबर 2009 में हूतियों ने सऊदी सीमा चौकियों पर अटैक कर दिया, जिसमें बॉर्डर फोर्सेज के जवान मारे गए. इसके बाद सऊदी ने एफ-15 और टॉरनेडो फाइटर जेट्स से हूती ठिकानों पर हमले शुरू किए.
हूतियों के खिलाफ सऊदी की ये जंग 2010 में भी चलती रही. इसमें रियाद को भारी नुकसान हुआ. यूरेशियन टाइम्स के मुताबिक, इसमें 130 से ज्यादा सऊदी के सैनिक मारे गए. 2010 में सऊदी-हूतियों के बीच सीजफायर हुआ. हालांकि हूतियों ने यमन में अपना प्रभाव बढ़ाना जारी रखा. यहां तक कि 2014 आते-आते हूतियों ने स्ट्रैटिजिकली इंपोर्टेंट सना और अदन एयरपोर्ट्स पर कब्जा कर लिया.
मार्च 2015 में सऊदी अरब एक बार हूतियों के खिलाफ लड़ाई में कूदा. इस बार वो अकेले नहीं आया, बल्कि उसने यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर, जॉर्डन, मिस्र, मोरक्को और सूडान समेत आठ देशों का एक संगठन बनाया. इसमें अमेरिका ने भी रसद और खुफिया मदद मुहैया कराई.
सऊदी ने इस लड़ाई की शुरुआत एयर डिफेंस सिस्टम, एयरपोर्ट, मिसाइल और हूती ठिकानों को टारगेट करते हुए की. रियाद ने यमन की नौसैनिक नाकेबंदी भी लागू कर दी. इन 9 देशों ने मिलकर हूतियों की ओर से यमन की जिन संपत्तियों पर कब्जा किया था, उन्हें छुड़ाने का फैसला किया. यूरेशियन टाइम्स ने लिखा मार्च में हुए इन हमलों में यमन के कई विमान तबाह हो गए. इनमें Mi-8 हेलिकॉप्टर, दो बेल 214 ह्यूई हेलिकॉप्टर, एसयू-22 ग्राउंड अटैक फाइटर जेट, एफ-5 जेट भी नष्ट हो गए.
यमन में हूतियों के खिलाफ सऊदी सेना के नेतृत्व में हमले जारी रहे. इन सेनाओं को जब भी लगता था कि हूती मजबूत हो रहे हैं तो वो उनके ठिकानों पर बमबारी करके उन्हें तबाह कर देती थीं. सऊदी का ये अभियान 2015 से लेकर 2022 तक चलता रहा. सात साल तक चला ये ऑपरेशन रियाद और हूतियों के बीच सीजफायर के बाद खत्म हुआ. जुलाई 2026 में ये सीजफायर तब टूट गया जब रियाद ने एक बार फिर सना एयरपोर्ट पर बमबारी की ताकि ईरानी विमान की लैंडिंग को रोका जा सके. हालांकि इस बार हूतियों ने अपनी क्षमताओं को सुधार किया है और वो लगातार सऊदी के एयरपोर्ट्स, तेल रिफाइनरीज और ऑयल पाइपलाइन जैसे ठिकानों पर मिसाइलें दाग रहे हैं.
डिफेंस एक्सपर्ट जीडी बख्शी का कहना है कि हूती पीछे हटने वाला संगठन नहीं है. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि सऊदी अरब ने हूतियों के साथ आ बैल मुझे मार जैसा किया. उन्होंने कहा, 'सऊदी को खबर मिली कि हूतियों की टॉप लीडरशिप ईरानी जहाज में बैठकर खामेनेई के अंतिम संस्कार में तेहरान गए और ईरानी जहाज से ही वापस लौटकर आए. जिसके बाद अमेरिका या इजरायल, पता नहीं किसने इन्हें सलाह दी आपके पास मौका है कि इनकी लीडरशिप को खत्म कर दो, जैसे हमने ईरान की लीडरशिप खत्म की. हालांकि ईरानी जहाज को शूटडाउन करने की सऊदी की हिम्मत नहीं पड़ी तो उसने सना एयरपोर्ट पर बॉम्बिंग कर दी ताकि जहाज लैंड ही न हो सके. उनको नहीं मालूम था कि दूसरे एयरपोर्ट पर लैंडिंग करा दी जाएगी.'
जीडी बख्शी ने कहा कि पहले हूती सिर्फ उत्तरी यमन के पहाड़ों में थे. अब उन्होंने पूरा कोस्टल एरिया छीन लिया. मोखा का बंदरगाह छीन लिया. उत्तरी यमन में ऑयल और गैसफील्ड है, उसको भी अपने कब्जे में ले लिया. नॉर्थ यमन को आजाद कराके कब्जे में लिया है. उन्होंने कहा, 'हूतियों ने सऊदी के छह शहरों में मिसाइलें दागीं. अरामको की दो रिफाइनरी में आग लगा ही. इराक में शिया-मिलिशिया ग्रुप ने ईस्ट-वेस्ट यानबू की पाइपलाइन पर फायरिंग की. होर्मुज बंद होने के बाद यहीं से पूरा तेल सप्लाई हो रहा था. उन्होंने वहां रियाद एयरपोर्ट, अदन एयरपोर्ट पर हमला कर दिया है. सऊदी को लेने-देने पड़ गए हैं. उनका एक बूंद तेल बाहर नहीं जा रहा है.'
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के अनुसार, सऊदी अरब अमेरिकी हथियारों का सबसे बड़ा खरीदार है. SIPRI का कहना है कि 2021 से 2025 के बीच अमेरिका ने जितने हथियार बेचे हैं, उनमें से करीब 12 फीसदी तो अकेले सऊदी ने खरीदे हैं. सऊदी ने बीते कुछ सालों में अमेरिकी F-15 फाइटर जेट, पैट्रियट और थाड एयर डिफेंस सिस्टम और एडवांस्ड रडार और मिसाइल सिस्टम खरीदे हैं. सऊदी ने साल 2026 के बजट में मिलिट्री के लिए 83 अरब डॉलर का प्रावधान किया है. इस साल की शुरुआत में इसने वाशिंगटन के साथ 730 पैट्रियट मिसाइलों के लिए 9 अरब डॉलर का समझौता किया था.
सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज में सलाहकार रैटनी का कहना है कि हूतियों को ईरान की कठपुतली के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सऊदी अरब अब ऐसी स्थिति में है जहां उन्हें जवाब देने के साथ-साथ लड़ाई को बेकाबू होने से रोकने की कोशिश भी करनी होगी. उन्होंने कहा, 'वे जवाबी कार्रवाई किए बिना नहीं रह सकते. रियाद को हूतियों पर दबाव बनाना होगा और फिर तनाव कम करने का कोई रास्ता खोजना होगा.'
हूतियों के पास सऊदी अरब जैसी क्षमता नहीं है, लेकिन ईरान की मदद से वे यमन के करीब एक तिहाई हिस्से पर कंट्रोल रखने वाली खूंखार ताकत के रूप में उभरे हैं. यूएन का अनुमान है कि 2024 तक कम से कम 350,000 लड़ाके होंगे. साल 2015 में इनकी संख्या सिर्फ 30 हजार थी.
सऊदी अरब और यमन की सबसे लंबी जमीन की सीमा है, जोकि करीब 1200 किलोमीटर लंबी है. हूती विद्रोहियों के जरिए ईरान का प्रभाव यमन में बढ़ रहा है, जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं, जिन्हें रियाद नजरअंदाज नहीं कर सकता. इसके अलावा एक और खास वजह है, बाब-अल-मंडेब. लाल सागर में स्थित ये स्ट्रेट सऊदी अरब के तेल सप्लाई के लिए बहुत इंपोर्टेंट है, जहां पर हाल ही में हूतियों ने कब्जा कर लिया था.
इसी वजह से यमन में हूतियों को कमजोर रखने में ही सऊदी अरब का फायदा है. अगर यमन की सरकार का पतन होता है और हूती इसे अपने कब्जे में लेते हैं तो सऊदी के लिए बड़ा संकट पैदा हो जाएगा. सऊदी में पहले से ही 20 लाख से ज्यादा यमनी नागरिक हैं और आर्थिक पदन के बाद लाखों यमनी नागरिक रियाद की ओर पलायन कर सकते हैं. यमन की सरकार को बचाने के लिए सऊदी लगातार मदद भी करता है. बीते 14 सालों में उसने 12.6 अरब अमेरिकी डॉलर की मदद की है.
ये भी पढ़ें- 'यह नागरिकता के आधार पर भेदभाव है', इजरायल के नए सुरक्षा नियम पर एयर फ्रांस की 'अल्टर' यूनियन ने जताया कड़ा विरोध!