दुनिया
Putin India Visit: टैरिफ विवाद के बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन अगस्त के अंत में भारत आ सकते हैं. NSA डोभाल ने मास्को में इस यात्रा की पुष्टि की, जो भारत-रूस रणनीतिक संबंधों को मजबूती देगी.
Putin India Visit: अमेरिका और भारत के बीच टैरिफ को लेकर बढ़ते तनाव के बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन जल्द भारत यात्रा पर आ सकते हैं. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने रूस की राजधानी मॉस्को में इस दौरे की आधिकारिक पुष्टि की है. डोभाल की यह यात्रा रूस के सुरक्षा परिषद प्रमुख सर्गेई शोइगू से मुलाकात के दौरान हुई, जहां उन्होंने पुतिन की संभावित यात्रा की जानकारी साझा की. यह दौरा भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मॉस्को में रूसी सुरक्षा परिषद प्रमुख सर्गेई शोइगू से मुलाकात के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन अगस्त के अंत तक भारत की यात्रा पर आ सकते हैं. यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक संबंधों को नई दिशा देने का काम करेगा. दरअसल, यह यात्रा इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा होगी. पिछली बार वह दिसंबर 2021 में भारत आए थे, जब दिल्ली में भारत-रूस 21वां वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित किया गया था. उस दौरान रक्षा, ऊर्जा और व्यापार जैसे अहम क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे.
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाया 25% का अतिरिक्त टैक्स, रूस से तेल खरीदने को बताया कारण
इस बार की यात्रा ऐसे समय हो रही है जब अमेरिका ने भारत से होने वाले आयात पर 25% अतिरिक्त टैरिफ लगाने का आदेश जारी किया है. इस फैसले के पीछे भारत द्वारा रूस से कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों का आयात बताया गया है. अब कुल टैरिफ दर 50% तक पहुंच गई है, जिससे भारत-अमेरिका के व्यापारिक रिश्तों में तल्खी साफ तौर पर देखा जा सकता है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.