वर्ल्ड
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर 2025 में भारत दौरे पर आएंगे. यह यात्रा अमेरिका-भारत तनाव और रूस-यूक्रेन युद्ध की पृष्ठभूमि में बेहद अहम मानी जा रही है.
भारत और रूस के रिश्ते पिछले कई दशकों से खास और रणनीतिक साझेदारी पर आधारित रहे हैं. अब इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए, क्रेमलिन ने शुक्रवार को घोषणा की कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर 2025 में भारत का दौरा करेंगे. बताते चलें यह दौरा ऐसे समय में तय हुआ है जब अमेरिका और भारत के बीच रूस से तेल खरीदने को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है. जानकारों के मुताबिक, पुतिन की यह यात्रा ऊर्जा, रक्षा और व्यापारिक सहयोग को नई दिशा दे सकती है.
दरअसल, क्रेमलिन अधिकारी यूरी उशाकोव ने जानकारी दी कि पुतिन सोमवार को चीन में आयोजित एक क्षेत्रीय सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. इस बातचीत में दोनों नेता दिसंबर दौरे की तैयारियों पर चर्चा करेंगे. गौरतलब है कि इससे पहले भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोवाल ने भी रूस यात्रा के दौरान इस प्रस्तावित दौरे की पुष्टि की थी. उन्होंने कहा था कि भारत रूस के साथ अपने ऐतिहासिक और विशेष रिश्तों को बेहद अहमियत देता है.
यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर रूस से सस्ता तेल खरीदने के कारण 50% तक टैरिफ लगा दिया है. ट्रंप ने भारत पर आरोप लगाया कि वह रूसी तेल को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मुनाफे के लिए बेच रहा है और यूक्रेन युद्ध की मानव त्रासदी की परवाह नहीं कर रहा. विदेश मामलों के जानकार बताते हैं कि, इस विवाद के बीच पुतिन का भारत आना कूटनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होगा.
यह भी पढ़ें: 'ईंट का जवाब पत्थर से', Donald Trump को लगेगा तगड़ा झटका, 50 देशों के लिए तैयार हो रहा ये मास्टर प्लान
हाल ही में पुतिन और मोदी के बीच फोन पर भी बातचीत हुई थी. इसमें पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका के साथ हुई अपनी बैठक की जानकारी साझा की. वहीं मोदी ने भारत के रुख को दोहराते हुए कहा कि विवादों का हल केवल शांति और कूटनीति से निकलना चाहिए. इस बार की यात्रा को भारत-रूस के रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी में नए आयाम जोड़ने वाला माना जा रहा है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.