दुनिया
जब नदियों की संख्या के मामले में बांग्लादेश दुनिया में सबसे आगे नहीं है, तो इसे नदियों की भूमि क्यों कहा जाता है...जानें वजह
नदियों को जीवनदायिनी कहा जाता है. इंसानी सभ्यताओं के विकास से लेकर खेती, व्यापार और शहरों के बसने तक में नदियों की अहम भूमिका रही है. दुनिया की कई बड़ी सभ्यताएं नदियों के किनारे विकसित हुईं. आज भी नदियां करोड़ों लोगों को पीने का पानी, भोजन और रोजगार देती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक ऐसा देश भी है जिसे नदियों की भूमि कहा जाता है.
आपको यह जानकर ताज्जुब होगा कि भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश को नदियों की भूमि कहा जाता है. लेकिन नदियों की भूमि होने का मतलब यह बिलकुल भी नहीं है कि बांग्लादेश में सबसे ज्यादा नदियां हैं. रूस जैसे विशाल देश में नदियों की संख्या बांग्लादेश से कहीं ज्यादा हैं. रूसी संघ के स्टेट वॉटर रजिस्टर के मुताबिक, देश में 25 लाख से ज्यादा नदियां हैं. इनमें से ज्यादातर छोटी नदियां हैं जिनकी लंबाई 25 किलोमीटर तक है. दूसरी ओर बांग्लादेश में कुल 1415 नदियां हैं जिसकी जानकारी शिपिंग मिनिस्टर शेख रबीउल आलम ने जून 2026 को संसद में दी थी.
फिर सवाल उठता है कि जब नदियों की संख्या के मामले में बांग्लादेश दुनिया में सबसे आगे नहीं है, तो इसे नदियों की भूमि क्यों कहा जाता है. इसका जवाब देश के भूगोल, नदियों के घने जाल और वहां रहने वाले लोगों की जिंदगी में छिपा है.
बांग्लादेश दक्षिण एशिया का एक ऐसा देश है जिसका बड़ा हिस्सा नदियों से बनी उपजाऊ मैदानी जमीन पर फैला हुआ है. यह देश गंगा, ब्रह्मपुत्र और मेघना नदी प्रणालियों के विशाल डेल्टा क्षेत्र में स्थित है. इन नदियों और उनकी सहायक धाराओं ने यहां की जमीन, खेती, बस्तियों और अर्थव्यवस्था को आकार दिया है. देश के अलग-अलग हिस्सों में छोटी-बड़ी नदियां, नहरें, जलधाराएं और उनकी शाखाएं फैली हुई हैं. इस वजह से बांग्लादेश को दुनिया के प्रमुख नदी प्रधान देशों में गिना जाता है.
वर्ल्ड एटलस के मुताबिक, बांग्लादेश का क्षेत्रफल करीब 1.48 लाख वर्ग किलोमीटर है. इतने छोटे भूभाग में 1,415 नदियों का जाल फैला हुआ है. बांग्लादेश की पहचान समझने के लिए सिर्फ नदियों की संख्या देखना ही काफी नहीं है बल्कि नदियों का घनत्व और लोगों के जीवन पर पड़ने वाला असर ज्यादा जरूरी है.
बांग्लादेश की भौगोलिक पहचान को समझने के लिए गंगा, ब्रह्मपुत्र और मेघना नदी प्रणालियों को जानना जरूरी है. इन नदियों का पानी और इनके साथ आने वाली गाद देश के बड़े हिस्से की जमीन को उपजाऊ बनाती है. गंगा भारत से बांग्लादेश में एंट्री करने के बाद पद्मा कहलाती है. वहीं, ब्रह्मपुत्र की मुख्य धारा बांग्लादेश में जमुना के नाम से जानी जाती है. ये दोनों नदियां आगे चलकर मिलती हैं और इनका फिर इनका पानी चांदपुर के पास मेघना नदी से मिलता है. इसके बाद पानी की विशाल धारा बंगाल की खाड़ी में जा गिरती है.
इस पूरे इलाके को गंगा-ब्रह्मपुत्र-मेघना नदी तंत्र कहा जाता है. इसकी खासियत यह है कि नदियां अपने साथ पहाड़ों और ऊपरी के क्षेत्रों से मिट्टी, रेत और दूसरे खनिज पदार्थ बहाकर लाती हैं. जब पानी की बहाव कम होता है तो ये चीजें नदी के किनारों और आसपास के मैदानी इलाकों में जमा होने लगती है. इस तरह से जमा होते-होते लंबे समय में इन इलाकों की जमीन उपजाऊ होने लगती है और डेल्टा का निर्माण होता है. बांग्लादेश की जमीन का बड़ा हिस्सा इस नेचुरल प्रोसेस से ही उपजाऊ बना है.
बांग्लादेश के नदियों की बात हो और इसमें गंगा-ब्रह्मपुत्र डेल्टा का जिक्र न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. इस डेल्टा को बंगाल डेल्टा या सुंदरबन डेल्टा के नाम से भी जाना जाता है और वर्ल्ड एटलस डॉट कॉम के मुताबिक, यह दुनिया का सबसे बड़ा डेल्टा है. यह डेल्टा बांग्लादेश के साथ-साथ भारत के पश्चिम बंगाल तक के हिस्सों तक भी फैला हुआ है. इस डेल्टा में नदियों की मुख्य धाराओं के अलावा उनकी कई शाखाएं, दलदली इलाके, छोटी जलधाराएं और द्वीप शामिल हैं.
नदियों से आने वाली गाद इस इलाके की मिट्टी को उपजाऊ बनाने में मदद करती है. इसकी वजह से बांग्लादेश में धान और दूसरी फसलों की खेती बड़े पैमाने पर होती है. लेकिन फसलों की उपज हमेशा बढ़िया हो, ऐसा जरूरी नहीं है. नदियां लगातार मिट्टी जमा करती हैं और कई जगह अपने किनारों को काटती भी हैं. इससे जमीन का आकार भी बदल जाता है. कहीं नई जमीन उभर आती है तो कहीं नदी के कटाव से खेत और बस्तियों में पानी भी जमा हो जाता है.
रूस और बांग्लादेश की तुलना करने पर दोनों देशों के भूगोल का अंतर साफ दिखाई देता है. रूस दुनिया का सबसे बड़ा देश है और वहां लाखों नदियां और छोटी जलधाराएं फैली हुई हैं. वोल्गा, लेना, ओब, येनिसेई और अमूर जैसी नदियां देश के अलग-अलग हिस्सों में बहती हैं. इनका इस्तेमाल जल परिवहन, जलविद्युत उत्पादन और दूसरे आर्थिक कार्यों के लिए किया जाता है. लेकिन रूस का विशाल क्षेत्रफल होने के कारण उसकी नदियां बहुत बड़े भूभाग में फैली हुई हैं.
इसके उलट, बांग्लादेश का क्षेत्रफल रूस के मुकाबले बहुत छोटा है. यहां लगभग 1,415 नदियां और उनकी शाखाएं एक ऐसे भूभाग में फैली हैं जिसका बड़ा हिस्सा डेल्टा और बाढ़ के मैदानों से बना है. यहां नदियां सिर्फ अलग-अलग इलाकों से होकर नहीं गुजरतीं, बल्कि देश की जमीन के निर्माण, खेती, भोजन, परिवहन और बसावट को भी प्रभावित करती हैं. इस वजह से बांग्लादेश को नदियों की भूमि के रूप में जाना जाता है.

बांग्लादेश को नदियों की भूमि कहे जाने की वजह नदियों की दुनिया में सबसे अधिक संख्या होना नहीं है. इसकी असली वजह नदियों का घना जाल और देश के भूगोल के साथ-साथ जनजीवन पर उनका गहरा प्रभाव है. यहां नदियां जमीन बनाती हैं, खेतों को उपजाऊ करती हैं, मछलियों और दूसरे जीवों को जीवन देती हैं और लोगों को रोजगार उपलब्ध कराती हैं. यही नदियां बाढ़ और कटाव जैसी चुनौतियां भी लाती हैं. यानी बांग्लादेश की कहानी काफी हद तक उसकी नदियों की कहानी है.
मशहूर लेखक और पत्रकार संजय हजारिका ने फ्रंटलाइन मैग्जीन को दिए इंटरव्यू में कहा था, बांग्लादेश नदियों की भूमि है और नदियों के बिना इस देश की कल्पना भी नहीं की जा सकती. यहा मुख्य रूप से 52 नदियां हैं, लेकिन मानसून में इनकी संख्या बढ़कर पांच हजार तक पहुंच जाती है. ये नदियां पूरे देश की जमीन को पानी से भर देती हैं और इन्हीं के जरिए हर जगह कम्युनिकेशन, ट्रांसपोर्ट, खाना और लोग पहुंचते हैं.
यह भी पढ़ें- धरती की सबसे ठंडी नदी कौन-सी है? जानें किन देशों को छूती है इसकी बर्फीली धारा