दुनिया
जर्मनी में लड़की से कथित छेड़छाड़ के आरोप, चीन में बच्चे को लात मारने और दक्षिण कोरिया में सीढ़ियों से गिरकर रोबोट के 'सुसाइड' की घटना ने ह्यूमैनॉइड रोबोट की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रोबोट को अब तक इंसानों की मदद करने वाली मशीन के तौर पर देखा जाता रहा है, लेकिन हाल के कुछ मामले चिंता बढ़ा रहे हैं. कहीं रोबोट पर लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगा, तो कहीं उसने बच्चे को लात मार दी. दक्षिण कोरिया में सीढ़ियों से गिरकर एक रोबोट के खराब होने को भी ‘सुसाइड’ का नाम दिया गया. आखिर इन मशीनों के साथ ऐसा हो क्या रहा है?
तकनीक की दुनिया में रोबोट तेजी से इंसानों के करीब आ रहे हैं. ये चल सकते हैं, डांस कर सकते हैं, लोगों से बातचीत कर सकते हैं और कई मुश्किल काम भी कर सकते हैं. लेकिन जब यही मशीनें लोगों के लिए परेशानी खड़ी करने लगें, तो सवाल उठना लाजिमी है. जर्मनी से सामने आया ताजा मामला इसी चिंता को बढ़ाने वाला है.
जर्मनी के कोलोन शहर में 11 अक्टूबर 2026 की रात एक फास्ट-फूड रेस्टोरेंट के बाहर 16 साल की लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया. पुलिस के मुताबिक, करीब 1.2 मीटर ऊंचा लाल और सुनहरे रंग का रोबोट लड़की के पीछे पहुंचा और उसकी कमर के आसपास छूने के साथ आपत्तिजनक हरकतें करने लगा.
लड़की उस समय अपनी सहेलियों के साथ थी. आरोप है कि रोबोट के 16 वर्षीय मालिक और उसके 19 साल के दोस्त ने इस घटना को रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया पर लाइव भी दिखाया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. दोनों युवकों के पास मौजूद कार की डिक्की से रोबोट बरामद किया गया.
पुलिस ने मशीन के साथ दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं. अब जांच की जा रही है कि घटना के वक्त रोबोट को रिमोट से चलाया जा रहा था या उसकी गतिविधियां किसी दूसरे तरीके से नियंत्रित की गई थीं. यहां सबसे अहम बात यही है कि अभी जांच पूरी नहीं हुई है. इसलिए यह कहना जल्दबाजी होगी कि रोबोट ने अपने आप ऐसा किया या किसी इंसान ने जानबूझकर उससे ऐसी हरकत कराई. मामले में पुलिस ने यौन प्रकृति के अपमान से जुड़े संदेह के आधार पर जांच शुरू की है.
‼️BREAKING: German police seized a robot that sexually assaulted a 16-year-old girl by touching her ass and making thrusting motions at her. Officers found it stashed in the boot of a Volkswagen. Its 16-year-old owner and a 19-year-old companion allegedly livestreamed it. https://t.co/MTUBuXcgtT
— International Cyber Digest (@IntCyberDigest) October 12, 2026
इससे पहले जुलाई 2024 में दक्षिण कोरिया के गुमी शहर में एक रोबोट की घटना ने दुनिया भर में लोगों का ध्यान खींचा था. ये रोबोट स्थानीय नगर परिषद में कर्मचारियों की मदद करता था. इसका काम दस्तावेज पहुंचाना और दफ्तर के रोजमर्रा के कामों में सहायता करना था.
20 जून को ये रोबोट सीढ़ियों के नीचे खराब हालत में मिला. बताया गया कि गिरने से पहले वह एक ही जगह गोल-गोल घूम रहा था. इसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि काम के दबाव में रोबोट ने ‘सुसाइड’ कर लिया. हालांकि, ये मजाकिया अंदाज में दिया गया नाम था. ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया कि रोबोट इंसानों की तरह मानसिक तनाव में था या उसने जानबूझकर अपनी जान लेने का फैसला किया था.
तकनीकी खराबी, नेविगेशन में गड़बड़ी या किसी दूसरी वजह की संभावना को अलग-अलग तरीके से देखा जा सकता है, लेकिन घटना का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हुआ.
एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े अपराधों पर चिंता जताई (Image- ANI)
जून 2026 में चीन के शिनजियांग क्षेत्र से भी रोबोट की एक घटना सामने आई थी. वहां एक ह्यूमनॉइड रोबोट मार्शल आर्ट जैसी गतिविधियों का प्रदर्शन कर रहा था. इसी दौरान उसके घूमकर लात मारने वाले मूवमेंट की चपेट में एक छोटा बच्चा आ गया और लात उसके पेट पर लगी.
वीडियो में बच्चा चोट लगने के बाद नीचे गिरता दिखाई दिया. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई. घटना के बाद रोबोट के प्रदर्शन और भीड़ के पास ऐसी गतिविधियां कराने की सुरक्षा पर सवाल उठे.
मार्च 2026 में चीन के विशेष प्रशासनिक क्षेत्र मकाऊ में भी एक ह्यूमैनॉइड रोबोट को लेकर विवाद हुआ. करीब 70 साल की एक महिला सड़क किनारे मोबाइल फोन देख रही थीं. तभी उनके पीछे अचानक रोबोट आकर रुक गया. महिला घबरा गईं और उन्होंने नाराजगी जताई. बाद में पुलिस ने रोबोट को वहां से हटाया और महिला को अस्पताल ले जाया गया. उन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना में महिला के साथ यौन छेड़छाड़ होने की पुष्टि नहीं हुई थी. रोबोट रास्ता बदलने में असमर्थ था और महिला के हटने का इंतजार कर रहा था. ये मामला दिखाता है कि कभी-कभी मशीन का व्यवहार नुकसान पहुंचाने की मंशा के बिना भी लोगों को डरा सकता है.

इस सवाल का जवाब तकनीक और उसे इस्तेमाल करने वाले इंसानों, दोनों में छिपा है. कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (कैलटेक) के रोबोटिक्स विशेषज्ञ प्रोफेसर आरोन एम्स के अनुसार, ह्यूमैनॉइड रोबोटों को आम जिंदगी में इस्तेमाल करने से पहले उनकी सुरक्षा पर गंभीरता से काम करना जरूरी है. उनके मुताबिक, नियंत्रित माहौल में शानदार करतब दिखाना और वास्तविक दुनिया में लोगों के बीच सुरक्षित तरीके से काम करना दो अलग बातें हैं.
आरोन एम्स का कहना है कि रोबोट के लिए बदलते माहौल को समझना और आसपास मौजूद लोगों या चीजों के हिसाब से अपनी गतिविधियां बदलना अब भी बड़ी चुनौती है. ऐसे में सुरक्षा के स्पष्ट मानक और ऐसी व्यवस्था जरूरी है, जिससे गड़बड़ी होने पर रोबोट को तुरंत रोका जा सके.
जर्मनी के मामले में भी जांच का एक अहम पहलू यही है कि रोबोट को कोई इंसान नियंत्रित कर रहा था या नहीं. अगर किसी व्यक्ति ने जानबूझकर मशीन से आपत्तिजनक हरकत कराई, तो इसे सिर्फ तकनीकी खराबी कहकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. वहीं, अगर रोबोट ने खुद गलत गतिविधि की, तो उसके सॉफ्टवेयर, सेंसर और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करनी होगी.
इन घटनाओं से यह साबित नहीं होता कि रोबोट इंसानों की तरह सोचकर गलत काम करने लगे हैं. लेकिन इतना जरूर है कि जब मशीनें इंसानों के बीच चलती हैं, तो उनकी छोटी-सी गड़बड़ी भी बड़ा नुकसान कर सकती है. इसलिए कंपनियों, आयोजकों और रोबोट चलाने वालों को सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा.
एम्स ने कहा कि आने वाले समय में रोबोट अस्पतालों, दफ्तरों, दुकानों और घरों में ज्यादा दिखाई देंगे. ऐसे में जरूरी है कि उनकी गतिविधियों पर निगरानी हो, आपात स्थिति में उन्हें तुरंत रोका जा सके और किसी घटना के लिए जिम्मेदारी तय करने के स्पष्ट नियम हों. तकनीक का मकसद इंसानों की जिंदगी आसान बनाना है, न कि उनके लिए नई मुश्किलें खड़ी करना. रोबोट कितने भी आधुनिक क्यों न हो जाएं, उनकी सुरक्षा और उनका जिम्मेदार इस्तेमाल सबसे पहली शर्त होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- गोल्ड में आज 1 लाख लगाए तो 2050 तक कितनी होगी वैल्यू? या डायमंड बेहतर ऑप्शन, एक्सपर्ट की राय