Advertisement

किंग-क्वीन के साथ डिनर, VIP ट्रीटमेंट... नोबेल जीतने पर मेडल और करोड़ों के अलावा क्या-क्या मिलता है?

राजा-रानी के साथ समारोह से लेकर खास बैंक्वेट और दुनिया भर में पहचान तक, नोबेल पुरस्कार सिर्फ इनाम नहीं लाता, बल्कि विजेताओं को इतिहास का हिस्सा बना देता है. 

Latest News
किंग-क्वीन के साथ डिनर, VIP ट्रीटमेंट... नोबेल जीतने पर मेडल और करोड़ों के अलावा क्या-क्या मिलता है?

नोबेल पुरस्कार विजेता को करीब 11.5 करोड़ रुपये मिलते हैं (Image Source- nobelprize.org)
 

Add DNA as a Preferred Source

दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में नोबेल प्राइज का नाम सबसे ऊपर आता है. हर साल विज्ञान, साहित्य, शांति और अर्थशास्त्र जैसे क्षेत्रों में ऐसा काम करने वाले लोगों को ये सम्मान दिया जाता है, जिसका फायदा पूरी इंसानियत को पहुंचता है. 1901 से शुरू हुई ये परंपरा आज भी जारी है और नोबेल जीतना किसी भी व्यक्ति के करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है.

नोबेल पुरस्कार के साथ मेडल और बड़ी रकम मिलती है, लेकिन कहानी सिर्फ इतनी नहीं है. विजेता को एक ऐसा अनुभव भी मिलता है, जो शायद दुनिया के किसी दूसरे पुरस्कार में देखने को नहीं मिलता. खास बात ये है कि नोबेल जीतने के बाद विजेता को स्वीडन के राजा-रानी के साथ एक खास समारोह और डिनर में शामिल होने का मौका मिलता है. आपको बताते हैं कि नोबेल विजेता को क्या-क्या मिलता है?  

करोड़ों रुपये के साथ मिलता है गोल्ड मेडल

नोबेल विजेता को सबसे पहले गोल्ड मेडल, एक खास डिप्लोमा और पुरस्कार राशि दी जाती है. 2026 में एक पूरे नोबेल पुरस्कार की रकम 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोना यानी करीब 1.2 मिलियन डॉलर (करीब 11.5 करोड़ रुपये) है. अगर पुरस्कार एक से ज्यादा लोगों के बीच बांटा जाता है तो रकम भी उसी हिसाब से शेयर होती है. 

मेडल अपने आप में बेहद खास होता है. इसके सामने वाले हिस्से पर अल्फ्रेड नोबेल की तस्वीर होती है, जबकि पीछे का डिजाइन अलग-अलग पुरस्कार देने वाली संस्थाओं के हिसाब से बदलता है.  

nobel 2026नोबेल पुरस्कार का मेडल (Image Source- nobelprize.org)

आम सर्टिफिकेट जैसा नहीं होता नोबेल डिप्लोमा 

नोबेल विजेता को मिलने वाला डिप्लोमा कोई सामान्य सर्टिफिकेट नहीं होता. हर विजेता के लिए इसे खास तौर पर डिजाइन किया जाता है. इसमें कलाकार और कैलिग्राफर भी काम करते हैं और डिजाइन साल और पुरस्कार की कैटेगरी के हिसाब से अलग हो सकता है.

साहित्य के विजेताओं का डिप्लोमा पार्चमेंट यानी खास तरीके से तैयार की गई चमड़े की शीट पर लिखा जाता है, जबकि दूसरी कैटेगरी के डिप्लोमा के लिए खास तौर पर तैयार किया गया हाथ से बना कागज इस्तेमाल किया जाता है.  

nobel 2026नोबेल पुरस्कार विजेताओं के लिए मेडल केस (Image Source- nobelprize.org)

राजा के हाथों मिलता है सम्मान

नोबेल जीतने का सबसे यादगार पल पुरस्कार समारोह होता है. हर साल 10 दिसंबर को यह समारोह होता है, क्योंकि इसी दिन अल्फ्रेड नोबेल की मृत्यु हुई थी. फिजिक्स, केमिस्ट्री, मेडिसिन, साहित्य और इकोनॉमिक्स के पुरस्कार स्वीडन के स्टॉकहोम में दिए जाते हैं. यहां स्वीडन के राजा खुद विजेताओं को मेडल और डिप्लोमा देते हैं. वहीं नोबेल पीस प्राइज का समारोह नॉर्वे के ओस्लो में होता है. 

स्वीडन के किंग-क्वीन के साथ खास डिनर

समारोह के बाद आता है नोबेल का सबसे चर्चित हिस्सा- नोबेल बैंक्वेट. स्टॉकहोम सिटी हॉल में होने वाली इस शानदार दावत में करीब 1,300 मेहमान शामिल होते हैं. इनमें नोबेल विजेता और उनके परिवार के अलावा स्वीडन के राजा-रानी और शाही परिवार के सदस्य भी मौजूद रहते हैं. इसके अलावा सरकार और संसद के प्रतिनिधि, राजनयिक, वैज्ञानिक, कलाकार और दूसरी बड़ी हस्तियां भी इस खास डिनर का हिस्सा बनती हैं. 

nobel 2026

जिंदगीभर मिलती है एक अलग पहचान

नोबेल मिलने के बाद विजेता की पहचान सिर्फ अपने देश या अपने क्षेत्र तक सीमित नहीं रहती. वह दुनिया भर में एक ऐसे नेटवर्क का हिस्सा बन जाता है, जहां वैज्ञानिक, लेखक, अर्थशास्त्री और शांति के लिए काम करने वाले बड़े नाम एक-दूसरे से जुड़ते हैं. 

नोबेल विजेताओं को अलग-अलग देशों में लेक्चर, कॉन्फ्रेंस, छात्रों के कार्यक्रम और सार्वजनिक चर्चाओं में बुलाया जाता है. इसका मकसद सिर्फ पुरस्कार का जश्न मनाना नहीं, बल्कि उनके विचार और काम को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना भी है. 

इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो जाता है नाम

सबसे बड़ी चीज शायद वह है जिसकी कोई कीमत नहीं लगाई जा सकती. नोबेल जीतने वाले व्यक्ति का नाम पुरस्कार के आधिकारिक रिकॉर्ड में हमेशा के लिए दर्ज हो जाता है. किस साल पुरस्कार मिला, किस कैटेगरी में मिला, किस काम के लिए मिला और विजेता की जानकारी- ये सब नोबेल के स्थायी रिकॉर्ड का हिस्सा बन जाता है. मेडल और पैसे तो एक नोबेल विजेता को उसी साल मिल जाते हैं, लेकिन असली सम्मान उससे कहीं लंबा चलता है.

ये भी पढ़ें- हिटलर के बमों से बचकर करते रहे पढ़ाई, फिर की ऐसी खोज जिसने बदली दवाओं की दुनिया, 96 की उम्र में मिला नोबेल

 

Advertisement
Advertisement

Advertisement