दुनिया
अमेरिका के दो इकोनॉमिस्ट रॉबर्ट ई हॉल और माइकल वुडफोर्ड को साल 2026 का इकोनॉमिक्स का नोबेल पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है. जानें किस काम के लिए उन्हें मिला यह सम्मान और दोनों का एकेडमिक बैकग्राउंड क्या है...
इकोनॉमी में कभी तेजी आती है तो कभी मंदी छा जाती है. कभी महंगाई लोगों की जेब पर बोझ बढ़ा देती है तो कभी कंपनियों का प्रोडक्शन घटने लगता है और फिर नौकरियों पर संकट मंडराने लगता है. ऐसे समय में दुनियाभर की सरकारों और सेंट्रल बैंकों के सामने इकोनॉमी को इन उतार-चढ़ाव से बचाने की चुनौती होती है. अमेरिका के दो इकोनॉमिस्ट रॉबर्ट ई हॉल और माइकल वुडफोर्ड ने अपने रिसर्च के जरिए इसे समझने में अहम योगदान दिया है. इस काम के लिए उन्हें साल 2026 के इकोनॉमी का नोबेल पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है.
स्वीडन की रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने सोमवार, 12 अक्टूबर को स्टॉकहोम में इकोनॉमी के नोबेल पुरस्कार का ऐलान किया. दोनों इकोनॉमिस्ट को मैक्रोइकोनॉमिक्स स्टैबलाइजेशन के माइक्रोइकोनॉमिक फाउंडेशन यानी इकोनॉमी को स्थिर रखने से जुड़े अपने रिसर्च के लिए इस अवॉर्ड के लिए चुना गया है. उनके काम से यह समझने में मदद मिली कि लोगों और कंपनियों के फैसलों का पूरी इकोनॉमी पर क्या असर पड़ता है और सरकार और सेंट्रल बैंक अपनी नीतियों से आर्थिक उतार-चढ़ाव को कैसे कम कर सकते हैं.
BREAKING NEWS The Royal Swedish Academy of Sciences has decided to award the 2026 Sveriges Riksbank Prize in Economic Sciences in Memory of Alfred Nobel to Robert E. Hall and Michael Woodford “for microeconomic foundations of macroeconomic stabilisation.” #NobelPrize https://t.co/2i7ktB1Q2b
— The Nobel Prize (@NobelPrize) October 12, 2026
रॉबर्ट ई. हॉल का जन्म साल 1943 में कैलिफोर्निया के पाओ ऑल्टो में हुआ था. वह फिलहाल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में इकोनॉमिक्स के प्रोफेसर हैं. स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की ऑफिशियल वेबसाइट पर मौजूद उनकी प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने यूसी बर्कले से इकोनॉमिक्स में बीए की डिग्री हासिल की है. इसके बाद साल 1967 में उन्होंने एमआईटी से इकोनॉमिक्स में पीएचडी की डिग्री हासिल की थी. स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पहले वह एमआईटी और यूसी बर्कले में प्रोफेसर के रूप में जुड़े रहे हैं.
माइकल वुडफोर्ड का जन्म साल 1955 में मैसाचुसेट्स के चिकोपी में हुआ था. फिलहाल वह न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल इकोनॉमी के प्रोफेसर हैं. इंटरनेशनल बिजनेस टाइम्स के मुताबिक, उन्होंने शिकागो यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है और उनके पास येल यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री भी है. साल 1983 में उन्होंने मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इकोनॉमिक्स में पीएचडी की डिग्री हासिल की है.
किसी देश की इकोनॉमी सिर्फ सरकार के फैसलों से नहीं चलती. इसमें आम लोगों, बिजनेसमैन और कंपनियों की भी बड़ी भूमिका होती है. लोग कितना खर्च करते हैं, कितना पैसा बचाते हैं और कंपनियां कितना इन्वेस्टमेंट करती हैं. इन सबका असर किसी देश की इकोनॉमी पर पड़ता है.
अगर किसी उदाहरण से समझने की कोशिश करें तो अगर लोग खर्च करना कम कर दें तो मार्केट में प्रोडक्ट की मांग घट जाती है. ऐसे में कंपनियां प्रोडक्शन कम कर देती हैं और फिर इसका असर बिजनेस और इम्प्लॉयमेंट पर पड़ता है. वहीं, अगर कंपनियां नए कारखाने लगाती हैं और लोग ज्यादा खरीदारी करते हैं तो इकोनॉमिक एक्टिविटीज बढ़ जाती हैं.
रॉबर्ट ई. हॉल और माइकल वुडफोर्ड के रिसर्च ने इकोनॉमिस्ट को यह समझने में मदद की कि लोगों और कंपनियों के फैसलों को ध्यान में रखकर पूरी इकोनॉमी की स्टडी कैसे की जाए. इससे सरकार और सेंट्रल बैंक को इकोनॉमिक पॉलिसी बनाने के लिए बेहतर आधार मिलता है.
हॉल और वुडफोर्ड को मिले अवॉर्ड का संबंध मैक्रोइकोनॉमिक्स और माइक्रोइकोनॉमिक्स, इन दोनों टॉपिक्स से है. मैक्रोइकॉनॉमिक्स में पूरे देश की इकोनॉमी की स्टडी की जाती है. इसमें महंगाई, बेरोजगारी, आर्थिक विकास और ब्याज दर जैसे विषय आते हैं. जब हम यह समझने की कोशिश करते हैं कि देश में महंगाई क्यों बढ़ रही है या आर्थिक विकास की रफ्तार क्यों धीमी पड़ रही है तो यह मैक्रोइकोनॉमिक्स का हिस्सा होता है.
वहीं, माइक्रोइकॉनॉमिक्स में आम लोगों, परिवारों और कंपनियों के आर्थिक फैसलों को समझा जाता है. जैसे कोई परिवार घर खरीदने के लिए कर्ज क्यों लेता है, लोग अपनी कमाई का कितना हिस्सा खर्च करते हैं और कंपनियां कारोबार बढ़ाने के लिए इन्वेस्टमेंट क्यों करती हैं.
1970 के दशक में तेल संकट की वजह कई देशों की इकोनॉमी पर दबाव बढ़ा. महंगाई बढ़ रही थी और आर्थिक विकास की रफ्तार धीमी पड़ रही थी. उस वक्त हॉल और वुडफोर्ड के रिसर्च ने यह समझने में मदद की कि लोगों और कंपनियों की उम्मीदें उनके आर्थिक फैसलों पर कैसे असर डालती हैं. उनके काम से यह भी समझने में मदद मिली कि सरकार और सेंट्रल बैंक अपनी नीतियों के बारे में जानकारी देकर लोगों और कंपनियों की सोच को कैसे प्रभावित कर सकते हैं. अब दोनों इकोनॉमिस्ट को कुल 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर की पुरस्कार राशि मिलेगी. इसे दोनों के बीच बराबर बांटा जाएगा.
यह भी पढ़ें- ढाई हजार साल पुरानी यूनानी कविता का वो राज जिसने ऐन कार्सन को दिलाया साहित्य का नोबेल पुरस्कार