दुनिया
2026 का भौतिकी नोबेल पुरस्कार फ्रांसिस हैल्जेन को हाई-एनर्जी न्यूट्रिनो की खोज और आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी में उनके योगदान के लिए दिया गया.
अंतरिक्ष में ऐसी अनगिनत घटनाएं होती हैं, जिनका अंदाजा धरती पर बैठे इंसानों को आसानी से नहीं लग पाता. वैज्ञानिकों ने एक बेहद रहस्यमयी कण की मदद से ब्रह्मांड को समझने का नया रास्ता खोज निकाला, जो बिना रुके धरती और हमारे शरीर के आर-पार निकल जाता है. इसी खोज के लिए बेल्जियम में जन्मे वैज्ञानिक फ्रांसिस हैल्जेन को 2026 का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार दिया गया है.
रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार (6 अक्टूबर 2026) को घोषणा करते हुए बताया कि उन्हें आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी में निर्णायक योगदान और खगोलीय स्रोतों से आने वाले हाई-एनर्जी न्यूट्रिनो की खोज के लिए सम्मानित किया है.
फ्रांसिस हैल्जेन लंबे समय से न्यूट्रिनो और कॉस्मिक कणों पर काम कर रहे हैं. वह अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन-मैडिसन से जुड़े हैं और आइसक्यूब प्रोजेक्ट के प्रमुख वैज्ञानिक यानी प्रिंसिपल इन्वेस्टिगेटर हैं.
हैल्जेन का सबसे बड़ा योगदान ये रहा कि उन्होंने धरती पर मौजूद किसी नॉर्मल लैब के बजाय दक्षिणी ध्रुव की हजारों मीटर मोटी बर्फ को ही एक विशाल वैज्ञानिक डिटेक्टर की तरह इस्तेमाल करने का रास्ता दिखाया. उनका मकसद ऐसे कणों को पकड़ना था, जिन्हें पकड़ना लगभग नामुमकिन माना जाता है.
फ्रांसिस हैल्जेन को भौतिकी का नोबेल पुरस्कार मिला. (Image Source- X/@NobelPrize)
न्यूट्रिनो को आसान भाषा में अंतरिक्ष के बेहद छोटे और लगभग अदृश्य दूत समझ सकते हैं. ये कण सूरज जैसी तारकीय गतिविधियों और ब्रह्मांड की बेहद शक्तिशाली घटनाओं से पैदा होते हैं. हर पल अरबों न्यूट्रिनो हमारे शरीर और पूरी धरती के आर-पार गुजरते रहते हैं, लेकिन हमें इसका कोई एहसास नहीं होता.
ऐसा इसलिए क्योंकि न्यूट्रिनो सामान्य पदार्थ के साथ बहुत कम प्रतिक्रिया करते हैं यानी उनके रास्ते में धरती, चट्टान या हमारा शरीर आ जाए, तब भी ज्यादातर न्यूट्रिनो सीधे निकल जाते हैं. यही बात वैज्ञानिकों के लिए इन्हें खास बनाती है. न्यूट्रिनो रास्ते में बहुत कम रुकावट झेलते हैं, इसलिए वे जिस अंतरिक्षीय घटना से पैदा हुए हैं, उसकी जानकारी अपने साथ लेकर सीधे पृथ्वी पर आ सकते हैं.
पुरस्कार की घोषणा होने पर बोले फ्रांसिस हैल्जेन (Image Source- X/@NobelPrize)
सवाल अब ये था कि ऐसे कणों को पकड़ा कैसे जाए? हैल्जेन ने 1980 के दशक के आखिर में दक्षिणी ध्रुव की बर्फ में एक विशाल डिटेक्टर बनाने का विचार आगे बढ़ाया. इसी सोच से आगे चलकर आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्जर्वेटरी तैयार हुई.
आइसक्यूब करीब एक घन किलोमीटर बर्फ के अंदर लगाए गए हजारों प्रकाश सेंसरों की मदद से न्यूट्रिनो का पता लगाता है. जब कोई हाई-एनर्जी न्यूट्रिनो बर्फ में मौजूद किसी कण से टकराता है, तो उस प्रक्रिया से बेहद हल्की नीली रोशनी पैदा हो सकती है. बर्फ के अंदर लगे सेंसर इस चमक को रिकॉर्ड करते हैं. मतलब जिस बर्फ को हम सिर्फ जमे हुए पानी की मोटी परत समझते हैं, वैज्ञानिकों ने उसी को अंतरिक्ष से आने वाले कणों को पकड़ने वाली बड़ी ऑब्जर्वेटरी में बदल दिया.
फ्रांसिस हैल्जेन को लेकर क्या बोले दूसरे वैज्ञानिक?
फ्रांसिस हैल्जेन की इस खोज का सबसे बड़ा फायदा ये है कि वैज्ञानिकों को ब्रह्मांड को समझने के लिए एक नया तरीका मिल गया. पहले अंतरिक्ष की ज्यादातर जानकारी रोशनी, रेडियो तरंगों, एक्स-रे और दूसरी इलेक्ट्रोमैग्नेटिक किरणों से हासिल की जाती थी. न्यूट्रिनो ने इस तस्वीर में एक नया रास्ता जोड़ दिया.
हाई-एनर्जी न्यूट्रिनो की दिशा और ऊर्जा का अध्ययन करके वैज्ञानिक ये पता लगाने की कोशिश कर सकते हैं कि ये कण कहां से आए और वहां किस तरह की बेहद ताकतवर घटना हो रही थी. आइसक्यूब के आंकड़ों ने दूर मौजूद सक्रिय आकाशगंगाओं जैसे सोर्स और हाई-एनर्जी कणों के बनने की प्रक्रियाओं को समझने में नई जानकारी दी है.
इस तकनीक की मदद से वैज्ञानिक आगे चलकर ब्लैक होल, न्यूट्रॉन स्टार और दूसरी बेहद ऊर्जावान अंतरिक्षीय घटनाओं को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं. न्यूट्रिनो गुरुत्वाकर्षण तरंगों और रोशनी के साथ मिलकर ब्रह्मांड की घटनाओं की ज्यादा पूरी तस्वीर देने में भी मदद कर सकते हैं. इतना ही नहीं, आइसक्यूब जैसी ऑब्जर्वेटरी से मिलने वाले न्यूट्रिनो का इस्तेमाल धरती के अंदरूनी हिस्से की जांच के लिए भी किया जा रहा है. वैज्ञानिकों के मुताबिक न्यूट्रिनो धरती के अंदर से गुजरते हुए वहां मौजूद पदार्थ के बारे में संकेत दे सकते हैं.
(Image Source- https://wipac.wisc.edu)
फ्रांसिस हैल्जेन के काम ने इंसान को ब्रह्मांड देखने का एक नया नजरिया दिया है. अब अंतरिक्ष को सिर्फ उसकी रोशनी से नहीं, बल्कि वहां से धरती तक पहुंचने वाले इन रहस्यमयी न्यूट्रिनो कणों के जरिए भी समझा जा सकता है. यही छोटे-से कण आज वैज्ञानिकों के लिए दूर बैठे ब्रह्मांड की बड़ी-बड़ी पहेलियां सुलझाने का जरिया बन रहे हैं.
ये भी पढ़ें- जब साइकिल का हैंडल बना स्टडी टेबल, बीमारी को मात देकर नोबेल पुरस्कार तक पहुंचे वैज्ञानिक