Advertisement

जब साइकिल का हैंडल बना स्टडी टेबल, बीमारी को मात देकर नोबेल पुरस्कार तक पहुंचे वैज्ञानिक

2026 में मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार 'ऑप्टोजेनेटिक्स' की खोज के लिए दिया गया है. इस तकनीक के जरिए रोशनी की मदद से दिमाग के न्यूरॉन्स को ऑन और ऑफ किया जा सकता है.

Latest News
जब साइकिल का हैंडल बना स्टडी टेबल, बीमारी को मात देकर नोबेल पुरस्कार तक पहुंचे वैज्ञानिक

अमेरिका के कार्ल डाइसेरोथ और जर्मनी के पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल को मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार मिला. (Image Source- X/@NobelPrize)

Add DNA as a Preferred Source

किसी का बचपन बीमारी की वजह से अस्पताल में बीता, तो कोई साइकिल चलाते हुए भी किताब पढ़ने से नहीं रुकता था. ये कहानियां हैं अमेरिका के वैज्ञानिक कार्ल डाइसेरोथ और जर्मनी के पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल की जिन्हें 2026 में मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार दिया गया. जिसकी घोषणा 5 अक्टूबर को की गई. 

तीन वैज्ञानिकों को किस खोज के लिए मिला नोबेल?

तीनों वैज्ञानिकों ने एक खास खोज की है जिसमें पहली बार रोशनी की मदद से दिमाग की खास नसों यानी न्यूरॉन्स को बेहद सटीक तरीके से ऑन और ऑफ किया जा सकता है. इस तकनीक को ऑप्टोजेनेटिक्स कहा गया. लेकिन इन तीनों की कहानी सिर्फ लैब, माइक्रोस्कोप और वैज्ञानिक प्रयोगों की कहानी नहीं है. इसके पीछे जुनून, मुश्किलें और बचपन की ऐसी दिलचस्प घटनाएं हैं, जो बताती हैं कि बड़े वैज्ञानिक अक्सर बहुत पहले से ही दुनिया को बाकी लोगों से थोड़ा अलग नजरिए से देख रहे होते हैं. 

कार्ल डाइसेरोथ- साइकिल के हैंडल पर पढ़ते थे किताब

सबसे पहले बात कार्ल डाइसेरोथ की. 1971 में अमेरिका के बोस्टान में जन्मे डाइसेरोथ का बचपन एक ऐसे परिवार में बीता जहां विज्ञान और मेडिकल की दुनिया पहले से मौजूद थी. उनके पिता डॉक्टर और प्रोफेसर थे, जबकि मां हाई स्कूल में केमिस्ट्री पढ़ाती थीं. लेकिन कार्ल की दिलचस्पी सिर्फ साइंस तक सीमित नहीं थी. उन्हें किताबें, कविता और साहित्य भी बेहद पसंद था.  

nobelकार्ल डाइसेरोथ, पीटर हेगेमैन और जॉर्ज नागेल को मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार दिया गया. (Image source- X@NobelPrize)

बचपन में बनना चाहते थे लेखक

उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि एक समय तो वह लेखक बनने का सपना देखते थे और किताबों के प्रति उनका जुनून कितना था, इसका अंदाजा एक मजेदार बचपन की घटना से लगाया जा सकता है. वह साइकिल चलाते हुए भी किताब पढ़ते थे. किताब साइकिल के हैंडल पर खुली रहती और कार्ल चलते-चलते पढ़ते जाते. नतीजा? कई बार उनका ध्यान रास्ते से हट जाता और वह खड़ी कारों से टकरा जाते थे. 

कीड़े-मकौड़ों को देखकर हो जाते थे हैरान

ये घटना सुनने में मजेदार लगती है, लेकिन इसमें डाइसेरोथ के व्यक्तित्व की एक झलक भी दिखाई देती है, उनका दिमाग लगातार कुछ पढ़ने, समझने और सवाल पूछने में लगा रहता था.  बचपन में उन्हें कीड़े-मकौड़ों को देखकर भी हैरानी होती थी. वह यह सोचते थे कि ये छोटे जीव आखिर अपने फैसले कैसे लेते हैं यानी सवाल सिर्फ ये नहीं था कि दुनिया में क्या हो रहा है, बल्कि सवाल ये था कि ऐसा क्यों हो रहा है? यही सवाल आगे चलकर उन्हें दिमाग तक ले गया. 

karl nobel(Image Source- https://deisseroth.com)

स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से न्यूरोसाइंस में की पीएचडी

हार्वर्ड से बायोकेमिकल साइंसेज की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से न्यूरोसाइंस में पीएचडी और मेडिकल की पढ़ाई की. बाद में वह मनोचिकित्सक भी बन गये. उनके सामने एक बड़ी पहेली थ, "दिमाग में अरबों न्यूरॉन्स हैं, ये आपस में लगातार बातचीत करते हैं, लेकिन इनमें से कौन-सी कोशिका किसी खास भावना, व्यवहार या याददाश्त के लिए जिम्मेदार है, यह ठीक-ठीक कैसे पता चले?" यहीं से डाइसेरोथ के सबसे बड़े वैज्ञानिक काम की शुरुआत हुई. 

जॉर्ज नागेल- जिनका बचपन अस्पताल में बीता

नोबेल पुरस्कार जीतने वाले दूसरे वैज्ञानिक जॉर्ज नागेल का बचपन डाइसेरोथ से बिल्कुल अलग था. 1953 में दक्षिणी जर्मनी के वेंगार्टेन में जन्मे नागेल पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े थे. लेकिन महज पांच साल की उम्र में वह गंभीर रूप से बीमार पड़ गए. उनकी बीमारी की वजह से बचपन का बड़ा हिस्सा सामान्य बच्चों की तरह नहीं बीता. नागेल ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि जब उनके भाई-बहन छुट्टियों में ऑस्ट्रिया में स्की करने जाते थे, तब नागेल कई बार अस्पताल में होते थे.  

गर्मी की छुट्टियां बीतती थीं हॉस्पिटल में

उनकी गर्मी की छुट्टियां भी अक्सर वुर्जबर्ग यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में ऑपरेशन करवाते हुए गुजरती थीं. बाद में उनकी हड्डियों में होने वाली सूजन आखिरकार इलाज के बाद नियंत्रित हो सकी. लेकिन अस्पताल में बीते इस बचपन ने उनकी नई-नई चीजों के बारे में जानने की इच्छा को रोका नहीं. बल्कि एक दूसरी दिशा दे दी. जब दूसरे बच्चे बाहर खेल रहे होते थे, नागेल घर पर विज्ञान से जुड़े प्रयोग करते थे. 

nagel nobel(Image Source- Rudi Merkl / Universität Würzburg)

कैसे आए रिसर्च की दुनिया में?

नागेल के माता-पिता हर साल उन्हें साइंस एजुकेशन किट देते थे और वह उससे कभी स्टीम इंजन बनाते, कभी रेडियो तैयार करते. स्कूल में उन्हें गणित, भौतिक विज्ञान और जीव विज्ञान पसंद था. आगे चलकर उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कोन्स्टैंज से बायोलॉजी और बायोफिजिक्स की पढ़ाई की. फिर रिसर्च की दुनिया में आए और अमेरिका की येल यूनिवर्सिटी और रॉकफेलर यूनिवर्सिटी में भी काम किया और यही वह रास्ता था जो उन्हें एक बेहद छोटे जीव- एक हरी शैवाल तक ले गया. 

कहानी पीटर हेगेमैन की

1954 में जर्मनी के मंस्टर में जन्मे पीटर हेगेमैन का पालन-पोषण आकिन में हुआ. उनका परिवार भी मेडिकल पेशे से जुड़ा था. उनके माता-पिता, दादा, भाई और परिवार के कई दूसरे लोग डॉक्टर थे. लेकिन हेगेमैन ने मेडिकल की जगह बेसिक साइंस का रास्ता चुना. उनका स्कूल का अनुभव भी कुछ दिलचस्प था. उन्हें ऐसे स्कूल में पढ़ाया गया जहां लैटिन और ग्रीक जैसी क्लासिकल भाषाओं पर काफी जोर था. हेगेमैन को ये पढ़ाई पसंद नहीं आती थी. उन्हें असली मजा केमिस्ट्री, फिजिक्स और बायोलॉजी में आता था. 

अनजान जगहों में थी ज्यादा दिलचस्पी

उन्हें खोज और अनजान जगहों की कहानियां भी खूब आकर्षित करती थीं. पहले समुद्री यात्रियों और नए महाद्वीपों की खोज करने वाले खोजकर्ताओं में दिलचस्पी हुई, फिर आर्कटिक अभियानों और नानसेन व अमुंडसेन जैसे खोजकर्ताओं को अपना आदर्श माना.  शायद यही खोजी स्वभाव आगे चलकर उनकी वैज्ञानिक जिंदगी की पहचान बन गया. 

peter nobel(Image Source- X/@NobelPrize)

एक छोटी-सी हरी शैवाल और दिमाग की सबसे बड़ी पहेली

कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा अब शुरू होता है. हेगेमैन एक सवाल का जवाब ढूंढ रहे थे- एक बेहद छोटी, एक कोशिका वाली हरी शैवाल 'क्लैमाइडोमोनास' आखिर रोशनी की दिशा में कैसे तैरती है? ये सुनने में मामूली सवाल लगता है. लेकिन विज्ञान में कई बार सबसे बड़े जवाब ऐसे ही छोटे सवालों के पीछे छिपे होते हैं. 

तीनों ने साथ मिलकर की खास खोज

हेगेमैन ने इस शैवाल की रोशनी को महसूस करने की क्षमता का अध्ययन शुरू किया. बाद में जॉर्ज नागेल के साथ मिलकर उन्होंने ऐसे प्रोटीन की पहचान की जो रोशनी पड़ने पर एक चैनल खोल देता था. इसे चैनलरोडॉप्सिन कहा गया. रोशनी पड़ते ही इस चैनल से आयन गुजरते हैं और कोशिका में इलेक्ट्रिकल सिग्नल पैदा होता है.  

सवाल अब ये था कि क्या इस प्रोटीन को दूसरी कोशिकाओं में डालकर उन्हें भी रोशनी से नियंत्रित किया जा सकता है? जवाब था- हां. यहीं से डाइसेरोथ की एंट्री होती है.

उन्होंने चैनलरोडॉप्सिन के लिए जिम्मेदार जीन को न्यूरॉन्स में पहुंचाया. इसके बाद नीली रोशनी डालने पर उन न्यूरॉन्स को सक्रिय किया जा सका. 2005 में इसका अहम प्रयोग प्रकाशित हुआ और बाद में जीवित चूहों के दिमाग में भी इस तरह न्यूरॉन्स को रोशनी से नियंत्रित किया गया. इस तकनीक को नाम मिला- ऑप्टोजेनेटिक्स. 

ऑप्टोजेनेटिक्स इतना बड़ा कमाल क्यों है?

आसान भाषा में समझें तो हमारे दिमाग में अरबों न्यूरॉन्स हैं. ये एक-दूसरे से इलेक्ट्रिकल और केमिकल सिग्नल के जरिए बात करते हैं. किसी इंसान के डरने, खुश होने, भूख लगने, कुछ याद करने या कोई फैसला लेने में अलग-अलग न्यूरल सर्किट काम करते हैं. पहले वैज्ञानिकों के पास इन सर्किट को समझने के तरीके थे, लेकिन किसी खास न्यूरॉन को इतनी सटीकता से ऑन या ऑफ करना मुश्किल था. ऑप्टोजेनेटिक्स ने ये बदल दिया. 

वैज्ञानिक अब खास न्यूरॉन्स में लाइट-सेंसेटिव प्रोटीन डालकर उन पर रोशनी डाल सकते हैं और देख सकते हैं कि किसी खास न्यूरॉन को सक्रिय करने से व्यवहार में क्या बदलाव आता है.  यानी दिमाग की वायरिंग को समझने के लिए पहली बार एक तरह का 'लाइट स्विच' मिल गया. 

इंसानी दिमाग को समझने का नया रास्ता मिला

नोबेल कमेटी के मुताबिक इस तकनीक ने वैज्ञानिकों को जीवित दिमाग में याददाश्त, भावनाओं और व्यवहार से जुड़े न्यूरल सर्किट को समझने का नया रास्ता दिया है. इसका असर सिर्फ रिसर्च तक सीमित नहीं है. वैज्ञानिक इसका इस्तेमाल दृष्टिबाधित लोगों की आंखों की रोशनी वापस लाने जैसे संभावित इलाजों में भी तलाश रहे हैं.

कार्ल डाइसेरोथ, जॉर्ज नागेल और पीटर हेगेमैन की कहानी इसलिए खास है क्योंकि तीनों एक ही रास्ते से नहीं आए. एक बच्चा किताब पढ़ने के लिए साइकिल के हैंडल को भी पढ़ने की मेज बना देता था. दूसरा बच्चा बीमारी और ऑपरेशन के बीच अपना बचपन गुजारता था, लेकिन घर बैठकर स्टीम इंजन और रेडियो बनाता था. तीसरा ऐसा छात्र था जिसे स्कूल की पारंपरिक पढ़ाई उबाऊ लगती थी, लेकिन उसे दुनिया के अनजान हिस्सों की खोज करने वाले लोग रोमांचित करते थे. बाद में इन तीनों की जिज्ञासाएं एक जगह आकर मिलीं.

एक छोटी-सी हरी शैवाल में मौजूद रोशनी को महसूस करने वाले प्रोटीन से शुरू हुई कहानी आज मानव दिमाग को समझने की दुनिया की सबसे अहम तकनीकों में शामिल है. 

ये भी पढ़ें- '270 KM का सफर, जान की परवाह नहीं', इस्लामाबाद छावनी में तब्दील! क्या है इमरान समर्थकों की मांगें? 10 बड़े अपडेट्स


 

Advertisement
Advertisement

Advertisement