दुनिया
सूडान के 'इमरजेंसी रिस्पॉन्स रूम्स ', पत्रकारों की सुरक्षा में जुटी 'CPJ' और 'सेव द चिल्ड्रन्स' जैसी संस्थाएं नोबेल शांति पुरस्कार 2026 की दौड़ में सबसे आगे चल रही हैं.
दुनिया के सबसे बड़े और खास इनाम यानी 'नोबेल शांति पुरस्कार 2026' के विजेता के नाम का ऐलान 9 अक्टूबर को नॉर्वे देश की राजधानी ओस्लो में किया जाएगा. इस सम्मान को पाने वाले को इस बार इनाम के तौर पर 1.2 करोड़ स्वीडिश क्रोनर (जो लगभग 1.74 मिलियन डॉलर के बराबर है) की मोटी रकम दी जाएगी. इसको लेकर उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है और हर साल की तरह इस बार भी पुरस्कार वितरण समारोह आने वाली 10 दिसंबर को ही आयोजित किया जाएगा.
नोबेल पुरस्कार के लिए नामांकन एक बेहद गोपनीय प्रक्रिया होती है, जिसकी शुरुआत पुरस्कार दिए जाने से करीब एक साल पहले सितंबर महीने में होती है. नोबेल फाउंडेशन के नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति खुद को नामांकित नहीं कर सकता है. इसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विश्वविद्यालय के प्रोफेस, अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय के सदस्य, इतिहास, राजनीति विज्ञान, कानून और दर्शन जैसे क्षेत्रों से आने वाले लोग शामिल होते हैं. इसके अलावा, नामांकित व्यक्तियों और नामांकन करने वालों के नाम 50 साल तक पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं.
जब नाम भेजने का समय खत्म हो जाता है तब नार्वे की नोबेल कमेटी आए हुए सभी नामों को अच्छे से परखते हुए सही उम्मीदवारों की एक लिस्ट तैयार करती है, क्योंकि हर साल सैकड़ों नाम भेजे जाते हैं. इसके बाद, कमेटी इन नामों की गहराई से जांच करती है और सबसे तगड़े दावेदारों की एक छोटी सी लिस्ट तैयार करती है हालांकि इस लिस्ट में नाम आने का ये मतलब बिलकुल नहीं होता कि वह इंसान या संस्था इनाम जितने के बहुत करीब पहुंच चुकी है. फिर अप्रैल से अगस्त के बीच दुनिया भर के बड़े जानकारों की मदद से इन लोगों के कामों का बारीकी से लेखा-जोखा तैयार किया जाता है. इसके बाद आखिरी दौर सितंबर और अक्टूबर के बीच चलता है, जिसमें नार्वे की संसद की तरफ से चुने गए सदस्य शॉर्टलिस्ट किए गए नाम की चर्चा करने के लिए कई बैठकें करते हैं. कमेटी के ये सभी लोग मिलकर एक ही फैसले पर पहुंचना चाहते हैं, लेकिन उनके बीच कोई आखिरी समझौता नहीं हो पाता है तो विजेता का चुनाव आम वोटिंग के जरिए किया जाता है और फिर आखिरी फैसले का ऐलान नार्वे की राजधानी ओस्लो में सबके सामने कर दिया जाता है.
इस साल नोबेल शांति पुरस्कार की दौड़ में कुल 287 उम्मीदवारों के नाम आगे आए हैं, जिनमें अलग-अलग क्षेत्रों की 208 हस्तियां कुल 79 संगठन शामिल हैं. वैसे तो इस इनाम को तय करने वाली मुख्य कमेटी अपनी तरफ से आधिकारिक तौर पर कभी भी किसी के नाम का खुलासा नहीं करती और सूची को पूरी तरह छुपाकर रखती है. लेकिन फिर भी, दुनिया भर के बड़े जानकारों, विशेषज्ञों और सट्टेबाजी बाजारों के अंदाजों व कयासों के मुताबिक, इस बार इनाम पाने की होड़ में कुछ नाम सबसे आगे और चर्चा में चल रहे हैं.
इस बार इनाम पाने की होड़ में ऐसी संस्थाएं और लोग भी शामिल हैं जो जंग के मैदान में लोगों की जान बचाने और उनकी सेवा करने में दिन-रात लगे हुए हैं. इनमें सूडान का 'इमरजेंसी रिस्पॉन्स रूम्स' (ERR) नाम का संगठन सबसे आगे चल रहा है जो जंग से तबाह हो चुके इलाकों में जान जोखिम में डालकर लोगों तक खाना और दवाइयां पहुंचा रहा है. इसके साथ ही, यूक्रेन में बच्चों की भलाई और उनके हकों के लिए लड़ने वाले मिकोलाय कुलेबा (जो 'सेव यूक्रेन' संस्था के प्रमुख हैं) और 'सेव द चिल्ड्रन' संस्था का नाम भी मिलकर चर्चा में बना हुआ है. इनके अलावा पत्रकारों की सुरक्षा के लिए आवाज उठाने वाली संस्था CPJ और दुनिया भर में इंसाफ के लिए काम करने वाली बड़ी अदालतें ICJ और ICC भी इस रेस में शामिल हैं. वहीं गाजा में महिलाओं की सर्जन सर्जन सारा अल-सक्का और रूस के दिवंगत नेता की पत्नी यूलिया नवलनाया का नाम भी दावेदारों में खूब उछल रहा है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा जाहिर की है और उन्हें फिर इस साल नामांकित किया गया है. हालांकि फरवरी 2026 में अमेरिका और इजरायल के तरफ से ईरान पर शुरू की गई सैन्य कार्रवाई की वजह से उनकी दावेदारी पर सवाल उठने लगे हैं. उप्पसाला कन्फिलक्ट डेटा प्रोग्राम के वरिष्ठ विश्लेषक शॉन डेविस का मानना है कि ईरान के साथ लंबे युद्ध के कारण ट्रंप का यह पुरस्कार जितना बहुत ही मुश्किल नजर आता है.
इस साल नोबेल शांति पुरस्कार की दौड़ में कनाडा के पीएम मार्क कार्नी का नाम भी काफी चर्चा में चल रहा है, जिन्होंने अमेरिकी टैक्स और व्यापार से जुड़े भारी दबावों के आगे घुटने न टेकते हुए डटकर मुकाबला किया और पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है. टोरंटो यूनिवर्सिटी के नेलसन वाइजमैन का कहना है कि अगर कार्नी को यह सम्मान मिल जाता है तो इससे अमेरिका और कनाडा के आपसी और कूटनीतिक रिश्तों पर बड़ा असर पड़ सकता है.
ओस्लो शहर में बने पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (PRIO) के मुखिया हाकोन गेरलो का मानना है कि इस दौड़ में सबसे अलग नाम इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) का है. नवंबर साल 2000 से लगातार अंतरिक्ष में काम कर रहा यह स्टेशन अमेरिका, रूस, यूरोप, जापान और कनाडा जैसे बड़े देशों के बीच सहयोग की बड़ी मिसाल है. रूस और यूक्रेन के बीच चल रही भयंकर जंग के बाद भी अंतरिक्ष में इन देशों का आपस में मिलकर काम करना बिल्कुल बंद नहीं हुआ है. जानकारों का कहना है कि आज के दौर में जब दुनिया भर के देशों के आपसी रिश्ते बिखर रहे हैं और तनाव चरम पर है, ऐसे में ISS यह सच साबित करके दिखाता है कि धरती पर एक-दूसरे के कड़े दुश्मन और विरोधी देश भी अंतरिक्ष में एक साथ मिलकर शांतिपूर्वक काम कर सकते हैं.
नोबेल पुरस्कार की स्थापना स्वीडिश रसायनज्ञ अल्फ्रेड नोबेल ने 1895 में की थी और पहला पुरस्कार 10 दिसंबर 1901 को दिया गया था. अधिकारिक डेटा के अनुसार, 1901 से 2025 के बीच 1026 व्यक्तियों और संगठनों को यह पुरस्कार दिया गया हैं. कुछ लोगों को एक से अधिक बार यह पुरस्कार मिलने के कारण कुल व्यक्तियों की संख्या 990 और संगठनों की संख्या 28 है. वहीं, भारत और भारतीय मूल से जुड़े कुल 12 लोगों को अब तक यह सम्मान मिल चुका है.