दुनिया
नेपाल का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर भारत है. साल 2025-26 में दोनों देशों के बीच करीब 9.38 अरब डॉलर का कारोबार था. नेपाल के निर्यात का 80 से ज्यादा फीसदी हिस्सा भारत में आया.
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नवंबर में भारत दौरे पर आएंगे. बालेन ने इसी साल मार्च में पीएम पद की शपथ ली थी और करीब आठ महीने बाद उनके दिल्ली आने की उम्मीद है. नवंबर के तीसरे या चौथे सप्ताह में होने वाली ये तीन दिवसीय यात्रा नेपाल पीएम का पहला आधिकारिक द्विपक्षीय दौरा होगा. हालांकि वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए अमेरिका गए थे.
'द काठमांडू पोस्ट' की रिपोर्ट के मुताबिक, बालेन शाह के भारत दौरे के एजेंडे में कई महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, सीमा विवाद और बाढ़ से मची तबाही के बाद रि-कंस्ट्रक्शन होंगे.
पीएम शाह की इस यात्रा की तैयारियां तो चल रही हैं, लेकिन अब तक इसका कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है. द काठमांडू पोस्ट ने कहा कि बालेन शाह 23 से 25 नवंबर तक भारत में रहेंगे. हालांकि पीएम कार्यालय और विदेश मंत्रालय की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है.
विदेश मामलों में एक्सपर्ट ग्रुप कैप्टन (रिटायर्ड) उत्तम कुमार देवनाथ का कहना है कि नेपाल के पीएम का भारत आना बहुत ही पॉजिटिव डेवलेपमेंट है. उन्होंने डीएनए इंडिया हिंदी से बातचीत में कहा, 'नेपाल को मालूम है कि उसे भारत के साथ भी चलना है और चीन के साथ भी क्योंकि चीन भी उसका उत्तरी पड़ोसी है, लेकिन भौगोलिक कारणों की वजह से नेपाल हमेशा भारत के ज्यादा नजदीक रहा है. अभी भी नेपाल की आबादी में हिंदुओं की आबादी बहुत ज्यादा है. वहां के मधेशी लोग नेपाल आर्मी, पुलिस, प्रशासन और राजनीति में बहुत ही कंट्रिब्यूशन करते हैं.'
नेपाल के प्रधानमंत्री अकसर भारत को ही पहली विदेश यात्रा के रूप में चुनते आए हैं. हालांकि पुष्प कमल दहल प्रचंड ने 2008 में चीन को चुना. झालनाथ खनाल ने साल 2011 में संयुक्त राष्ट्र की बैठक के लिए तुर्किए का दौरा किया और शेर बहादुर देउबा 2021 में कॉप-26 के लिए ब्रिटेन गए. केपी शर्मा ओली ने पहले प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत को प्राथमिकता दी, लेकिन जब वो दिसंबर 2024 में दूसरी बार पीएम बने तो उन्होंने चीन को चुनकर इस परंपरा को तोड़ दिया. ओली ने दावा किया था कि भारत ने उन्हें आधिकारिक यात्रा के लिए न्योता नहीं दिया था.
बालेन शाह के भारत दौरे का समय काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने शुरुआत में भारत और चीन समेत दूसरे देशों से राजनयिकों से बातचीत करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई थी. यहां तक कि मार्च में शपथ के बाद खुद पीएम मोदी ने बालेन शाह को भारत आने का न्योता दिया था. अब शाह की ये यात्रा अगस्त में आई भोटेकोशी नदी में बाढ़ के बाद हो रही है, जिसके बाद भारत ने नेपाल में राहत सामग्री और रेस्क्यू एक्सपर्ट्स की टीम भेजी थी.
द काठमांडू की 15 अक्टूबर की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के अधिकारियों ने उन प्रोजेक्ट्स की लिस्ट एक-दूसरे को सौंपी है, जिनका उद्घाटन या शुभारंभ पीएम शाह की यात्रा के दौरान किया जा सकता है.
पीएम शाह की भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डेलीगेशन लेवल की मीटिंग होगी. इसके अलावा वह भारतीय मंत्रियों के साथ भी मुलाकात करेंगे.
नेपाल की जिन परियोजनाओं का उद्घाटन होने की संभावना है, उनमें काठमांडू के साउथ-ईस्ट में पनौती में नेपाल पुलिस अकादमी, यूपी के सुनौली बॉर्डर के पास चेक पोस्ट और महाकाली नदी पर बने पुल शामिल हैं. इनके अलावा पीएम मोदी और शाह लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना और सिलीगुड़ी-झापा पेट्रोलियम पाइपलाइन के निर्माण की शुरुआत का भी संकेत दे सकते हैं.
काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, भारत की सरकारी कंपनी एनएचपीसी से जुड़ी 750 मेगावाट की पश्चिम सेती, 480 मेगावाट की फुकॉट करनाली और 450 मेगावाट की सेती नदी-6 परियोजनाएं शामिल हो सकती हैं. इनके अलावा कोशी नदी परियोजना, अयोध्या-जनकपुर रेलवे और नेपाल के एआई सेक्टर में मदद जैसे प्रस्ताव शामिल हैं.
नेपाल को बुनियादी ढांचे और ऊर्जा सेक्टर में सहयोग के बावजूद दोनों देशों के बीच सीमा विवाद के मुद्दे अभी भी बने हुए हैं. नेपाली अखबार के मुताबिक, 'भारत और नेपाल के बीच सीमा, हवाई मार्ग, ट्रेड जैसे गंभीर और पेचीदा मुद्दे हैं, जिन पर भारतीयों के साथ चर्चा की जरूरत है. कालापानी-लिपुलेख विवाद संवेदनशील बना हुआ है, जिसमें दोनों देश अपने-अपने क्षेत्रीय दावों को लेकर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं.
भारत और नेपाल के बीच विवादों को लेकर यूके देवनाथ ने कहा कि ये सब बहुत छोटे-छोटे विवाद हैं. इन्हें द्विपक्षीय बातचीत से सुलझाया जाएगा. चीन और नेपाल के रिश्तों पर उन्होंने कहा, 'चीन, नेपाल में बहुत कोशिश कर रहा है. उसने ल्हासा से नेपाल तक एक हाईवे बना दिया है. वो जल्दी ही तिब्बत से काठमांडू तक एक रेल लाइन बना रहा है. इतना ही नहीं वो चाहता है कि नेपाल में उसकी इतनी पैंठ बन जाए कि भविष्य में वो नेपाल से बांग्लादेश तक सड़क बनाए. अगर ऐसा होता है तो भारत के चिकन नेक के एरिया है, वहां से गुजरेगा.'
26 अगस्त को नेपाल के भोटेकोशी में आई बाढ़ के बाद भारत ने मदद पहुंचाई. पीएम मोदी ने नेपाली पीएम शाह को हर संभव मदद का भरोसा दिया, जिसके बाद नई दिल्ली ने 130 टन राहत सामग्री और बचाव-फॉरेंसिक अभियानों के लिए 54 एक्सपर्ट्स को तैनात किया.
काठमांडू में भारतीय दूतावास के मुताबिक, साल 2015 में आए भूकंप से मची तबाही के बाद भारत ने बुनियादी ढांचों को फिर से तैयार करने के लिए एक अरब डॉलर रुपये दिए.
-50 हजार घरों का निर्माण कार्य 2021 तक पूरा हुआ.
-70 स्कूलों और एक लाइब्रेरी बनकर तैयार हुए.
-इसी पहल में 14 और स्कूलों का रि-कंस्ट्रक्शन शामिल किया गया है.
-125 अस्पतालों का रि-कंस्ट्रक्शन हुआ है और आठ का निर्माण कार्य चल रहा है.
-17 कल्चरल प्रोजेक्ट का काम पूरा हो चुका है और 13 पर काम चल रहा है.
नेपाल के जाजरकोट में 2023 में भूकंप के बाद भारत ने 75 मिलियन डॉलर की मदद मुहैया कराई ताकि रि-कंस्ट्रक्शन का काम हो सके. इसके अलावा भारत की मदद से नेपाल ने राष्ट्रीय पुलिस अकादमी का निर्माण किया है.
नेपाल में चुनाव के लिए भारत ने नेपाली संस्थानों को तीन हजार से ज्यादा गाड़ियां गिफ्ट कीं, जिनमें एसयूवी, पिकअप और ट्रक शामिल हैं. इसके अलावा भारत ने बड़ी संख्या में एम्बुलेंस और स्कूल बसें भी गिफ्ट में दी हैं.
साल 2006 से अब तक भारत ने नेपाल को 750 मिलियन डॉलर रुपये का लोन (LoC) दिया है. इनका इस्तेमाल रोड, हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट और घरों-दफ्तरों के निर्माण में किया जाएगा. पीआईबी के मुताबिक, नेपाल को इस लोन के तहत मिलने वाली कुल राशि का कम से कम 75 फीसदी का भारत से ही सामान खरीदना अनिवार्य होता है.
नेपाल का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर भारत है. साल 2025-26 में दोनों देशों के बीच करीब 9.38 अरब डॉलर का कारोबार था, जोकि नेपाल के कुल ट्रेड का करीब 60 फीसदी है. नेपाल के निर्यात का 80 से ज्यादा फीसदी हिस्सा भारत में आया. इतना ही नहीं भारत ही नेपाल का सबसे बड़ा विदेशी निवेश का सोर्स भी है, जोकि कुल निवेश का करीब एक तिहाई है. भारतीय दूतावास के मुताबिक, नई दिल्ली ने काठमांडू में करीब 800 मिलियन डॉलर का निवेश किया है. इनमें बैंकिंग, बीमा, पोर्ट, शिक्षा, बिजली, दूरसंचार और टूरिज्म शामिल हैं.
भारत की इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने साल 2019 में बिहार के रक्सौल और आमलेखगंज के बीच करीब 40 किमी की पेट्रोलियम पाइपलाइन तैयार की. इसके अलावा सिलीगुड़ी और झापा के बीच नई पाइपलाइन और चितवन, झापा में दो नए ग्रीनफील्ड टर्मिनल बनाने के लिए भी एमओयू साइन हुए हैं.