वर्ल्ड
अमेरिका ने कैलिफोर्निया से अपनी इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल मिनटमैन III का सफल परीक्षण किया है. यह मिसाइल 24,000 किमी/घंटा की रफ्तार से चलती है और एक साथ तीन निशानों को तबाह कर सकती है. आइए जानते हैं इस मिसाइल से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी.
Minuteman III: अमेरिका ने अपनी परमाणु ताकत को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है. कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से अमेरिका ने अपनी सबसे उन्नत इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) Minuteman III का परीक्षण किया है. यह मिसाइल अमेरिका की रणनीतिक शक्ति का प्रतीक मानी जाती है और किसी भी देश के लिए एक गंभीर चेतावनी हो सकती है. यह टेस्ट अमेरिकी एयरफोर्स ग्लोबल स्ट्राइक कमांड की एयरमैन टीम द्वारा सफलतापूर्वक पूरा किया गया.
Minuteman III मिसाइल की सबसे बड़ी खासियत इसकी रफ्तार और लंबी दूरी तक हमला करने की क्षमता है. यह मिसाइल 24,000 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकती है, जो इसे बेहद घातक और खतरनाक बनाती है. इसकी अधिकतम रेंज लगभग 10,000 किलोमीटर है, यानी अमेरिका इस मिसाइल के जरिए दुनिया के किसी भी हिस्से में आसानी से हमला कर सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो मिनटमैन III में तीन अलग-अलग warheads लगाए जा सकते हैं, जिससे यह एक साथ तीन अलग-अलग ठिकानों को निशाना बना सकती है. इसका अत्याधुनिक सिस्टम इसे और भी अधिक घातक बनाता है.
इस मिसाइल का परीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार समेत कई अन्य मुद्दों पर तनाव बढ़ रहा है. मिनटमैन III का प्रदर्शन अमेरिका की रक्षा मजबूती का एक स्पष्ट संकेत है, जो विरोधी देशों के लिए एक गंभीर संदेश के साथ चेतावनी हो सकता है.
इसे रोकना किसी भी आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम के लिए लगभग नामुमकिन है. इस मिसाइल का निर्माण अमेरिका की अग्रणी डिफेंस कंपनी Boeing Defense ने किया है. इसमें तीन स्टेज सॉलिड प्रोपलैंड रॉकेट मोटर्स लगाए गए हैं, जिसमें ATK M55A1, ATK SR-19, और ATK SR-73, शामिल हैं ,जो इसकी रफ्तार और उड़ान क्षमता को सुनिश्चित करते हैं. इस मिसाइल की एक यूनिट की लागत करीब 7 मिलियन डॉलर बताई जाती है.
Minuteman III सिर्फ एक मिसाइल नहीं, बल्कि अमेरिका की वैश्विक सैन्य रणनीति का हिस्सा है. इसकी रफ्तार, रेंज और अचूकता इसे दुनिया की सबसे खतरनाक न्यूक्लियर मिसाइलों में शामिल करती है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.