दुनिया
इजरायल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में हवाई हमले किए. इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इन हमलों से सीरिया में तनाव और बढ़ गया है, जिसके बाद क्षेत्रीय संघर्ष और जटिल होने की संभावना है.
इजरायल ने सीरिया की राजधानी दमिश्क में घातक हवाई हमले किए हैं जिसमें सीरियाई रक्षा मंत्रालय और सैन्य मुख्यालय को निशाना बनाया गया. इजरायली सेना ने इसे स्वेदा प्रांत में ड्रूज समुदाय की सुरक्षा और सीरियाई शासन के खिलाफ कार्रवाई का हिस्सा बताया. हमले के दौरान ड्रोन और गोलियों की आवाजें सुनाई दीं. यह हमला सीरिया में तनाव और स्वेदा में ड्रूज लड़ाकों के साथ झड़पों के बीच हुआ.
इजरायली सेना (IDF) ने दमिश्क में सीरियाई सैन्य मुख्यालय के प्रवेश द्वार को तहस- नहस कर दिया. इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल कैट्ज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हमले की पुष्टि करते हुए कहा, 'हमने भारी हमले शुरू किए हैं.' यह कार्रवाई सीरिया सरकार को स्वेदा से हटने की चेतावनी के कुछ घंटों बाद हुई, जहां ड्रूज और सरकारी सेनाओं के बीच अभी हिंसक झड़पें चल रही हैं.
दरअसल, हमले के दौरान सीरियाई टीवी चैनल पर लाइव प्रसारण में एक एंकर को अपनी जान बचाते देखा गया. अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा मंत्रालय पर दो ड्रोन हमले हुए, एक सामने और दूसरा पीछे. इस दौरान कई ड्रोन आसमान में मंडराते रहे और गोलियां चलने की भी आवाजें सुनाई दीं. इस हमले के बाद वहां की स्थिति की गंभीरता साफ झलक रही थी. इजरायल ने दावा किया कि यह हमला सीरियाई शासन के सैन्य काफिलों को रोकने और इजरायल की उत्तरी सीमा पर खतरों को कम करने के लिए किया गया था.
החלו המכות הכואבות pic.twitter.com/1kJFFXoiua
— ישראל כ”ץ Israel Katz (@Israel_katz) July 16, 2025
इजरायल का कहना है कि यह हमला सीरियाई शासन की सैन्य गतिविधियों को बाधित करने और क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने का हिस्सा है. बहरहाल, इन हमलों से सीरिया में तनाव और बढ़ गया है, जिसके बाद क्षेत्रीय संघर्ष और जटिल होने की संभावना है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से.