दुनिया
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनकी मौजूदगी को लेकर बीते कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय मीडिया में कयासों का दौर जारी था. इसी बीच उनका नया वीडियो सामने आया है.
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रही तनातनी के बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर काफी समय से तरह-तरह की खबरें आ रही थीं. हाल ही में इजरायली मीडिया ने दावा किया था कि उनकी हालत बहुत नाजुक है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हालांकि, इन सभी अटकलों और अफवाहों पर विराम लगाने के लिए ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने मोजतबा खामेनेई का एक ताजा वीडियो जारी किया है, जिसमें वे बिल्कुल ठीक-ठाक और सेहतमंद नजर आ रहे हैं. यह वीडियो उनकी गिरती सेहत और गायब होने के दावों को झूठा साबित करने के मकसद से जारी किया गया है.
दरअसल, इजरायल के चैनल 14 और द जेरूसलम पोस्ट ने ईरान के अंदरूनी सूत्रों और राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के प्रशासन के करीबियों के हवाले से दावा किया था कि नए सुप्रीम लीडर की हालत चिंताजनक है. यहां तक कहा जा रहा था कि अगर आने वाले दिनों में उनके निधन की खबर आ जाए, तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी. इस तरह की खबरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान के भविष्य को लेकर काफी सवाल खड़े कर दिए थे.
🚨 The Islamic Republic is scrambling to hide the truth about Mojtaba Khamenei, recycling old footage to convince the public he is alive.
State media released what it presented as the “first images of the Leader,” showing Mojtaba addressing students amid mounting speculation… https://t.co/dXiFmdXz9o pic.twitter.com/ZoBwBs5wEQ— The Iran Watcher 🇮🇷 (@TheIranWatcher) August 9, 2026
मोजतबा खामेनेई अपने पिता आयतुल्लाह अली खामेनेई की सैन्य हमले में हुई मौत के तुरंत बाद ईरान के सर्वोच्च नेता बने थे. हालांकि, पद संभालने के बाद से ही वे किसी सार्वजनिक मंच या टीवी पर सामने नहीं आए थे. वे सिर्फ लिखित संदेशों के जरिए ही देश और अपनी सरकार से संवाद कर रहे थे. वे अपने पिता के अंतिम संस्कार तक में शामिल नहीं हुए.
इसके बाद सीआईए और इजरायली मीडिया में यह खबरें फैलने लगीं कि मोजतबा हमले के दौरान घायल हो गए थे और खुद को बचाने के लिए किसी अज्ञात स्थान पर चले गए हैं. बताया गया कि इजरायल के हमलों से बचने के लिए वे बहुत ही गोपनीय तरीके से बिचौलियों के जरिए ही वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क साध रहे थे.
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के एक टीवी इंटरव्यू के बाद भी सस्पेंस काफी बढ़ गया था. खबरों के मुताबिक राष्ट्रपति ने माना था कि नए सुप्रीम लीडर से सीधा संपर्क कर पाना बहुत मुश्किल हो रहा है. दावों के अनुसार, राष्ट्रपति को तेहरान में एक गुप्त जगह पर ले जाया गया था, जहां एक काली कांच वाली गाड़ी में उनकी मुलाकात एक शख्स से कराई गई, जिसे मोजतबा खामेनेई बताया गया.
हालांकि, बाद में राष्ट्रपति पेज़ेशकियान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सफाई देते हुए लिखा कि उन्होंने देश के नए सुप्रीम लीडर के साथ ढाई घंटे से ज्यादा का समय बिताया है और दोनों के बीच बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई है. अब मेहर न्यूज एजेंसी द्वारा जारी इस नए वीडियो के सामने आने के बाद ईरान ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि देश का शीर्ष नेतृत्व पूरी तरह सुरक्षित है और हालात नियंत्रण में हैं.
ये भी पढ़ें- पूरी तरह से कब खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज? ईरान ने तय कर दी शर्त, जानिए क्या है IRGC की डिमांड