दुनिया
एफबीआई ने अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी हैप्पी पासिया को गिरफ्तार किया है. एनआईए उसे भारत लाने की तैयारी में है. वह ISI और BKI से जुड़ा रहा है और उस पर कई गंभीर आरोप हैं.
अमेरिका में गिरफ्तार खालिस्तानी आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया को भारत लाने की प्रक्रिया तेज हो गई है. एफबीआई और यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने पासिया को अमेरिका में अवैध रूप से दाखिल होने और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में सैक्रामेंटो से गिरफ्तार किया था. पासिया का नाम पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ है. एनआईए और पंजाब पुलिस लंबे समय से उसे पकड़ने की कोशिश में थीं. भारत में उसके खिलाफ कुल 33 केस दर्ज हैं, जिनमें हत्या, टारगेट किलिंग, ग्रेनेड हमले और धमाकों की योजना शामिल है. भारत में उस पर एनआईए ने कुल 10 लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है.
हैप्पी पासिया का नाम पहली बार चर्चा में तब आया जब सितंबर 2024 में उसने चंडीगढ़ में एक पुलिस अधिकारी के घर पर ग्रेनेड से हमला करवाया. इसके बाद वह लगातार आतंकी घटनाओं को अंजाम देता रहा. लुधियाना कोर्ट परिसर में बम धमाके और चंडीगढ़ में ग्रेनेड हमलों की जिम्मेदारी उसने खुद सोशल मीडिया पर ली थी. पंजाब पुलिस और एनआईए के अनुसार, पासिया पाकिस्तान में छिपे बीकेआई आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा और ISI के साथ मिलकर पंजाब में दहशत फैलाने की साजिशें रच रहा था. अमृतसर के पास के गांव पासिया का रहने वाला हरप्रीत 2018 में दुबई गया था, फिर 2020 में लंदन होते हुए मैक्सिको पहुंचा और 2021 में अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल हुआ.
पासिया ने नशे की लत में फंसे युवाओं और नाबालिगों को ग्रेनेड हमलों और फायरिंग के लिए इस्तेमाल किया. उन्हें पैसे, नशा या विदेश भेजने का लालच दिया जाता था. 24 नवंबर 2024 को अजनाला थाने को उड़ाने की साजिश में उसने दो नशे के आदी युवकों को शामिल किया था. उसने धमाका न होने पर उन्हें पैसे नहीं दिए और जान से मारने की धमकी दी.
एनआईए ने पासिया की अमृतसर स्थित 27 क्नाल 16 मरले जमीन भी कुर्क की है. उसकी मां और बहन को पहले ही अजनाला थाने को उड़ाने की कोशिश में पुलिस ने गिरफ्तार किया था और वे फिलहाल जेल में बंद हैं. इन गिरफ्तारियों के बाद पासिया ने पुलिस को और भी ज्यादा टारगेट करना शुरू कर दिया था.
कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद जब अर्शदीप सिंह गिल उर्फ अर्श डल्ला को कनाडा में गिरफ्तार किया गया, तब हैप्पी पासिया ने खालिस्तानी गतिविधियों को तेजी से अंजाम देना शुरू किया. उसने अपने साथी गोपी नवांशहरिया के साथ मिलकर कई ग्रेनेड हमलों की योजना बनाई और उन्हें अंजाम दिया. अब जबकि एफबीआई ने पासिया की गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है, एनआईए उसे जल्द भारत लाने की तैयारी में जुटी है. रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया जा रहा है, जिससे उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया और मजबूत हो सके.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से जुड़ें.