दुनिया
IMF ने वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक जारी किया है. इस आउटलुक में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की लिस्ट में भारत की रैंक दो पायदान नीचे फिसल गई है. हालांकि, IMF ने भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बताया है.
भारत अब दुनिया की Top 5 Economies की लिस्ट से बाहर हो गया है. अब तक चौथी रैंक पर रहा भारत अब छठी रैंक पर आ गया है. इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड ( IMF) के वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक (WEO) में भारत को दुनिया 6th Largest Economy बताया गया है. भारत की अर्थव्यवस्था 4.15 ट्रिलियन डॉलर की है. भारत से ठीक ऊपर, यानी पांचवीं रैंक पर UK है.
IDFC First Bank के चीफ इकोनॉमिस्ट गौरा सेनगुप्ता ने WION से कहा, 'IMF ने GDP के लिए बेस ईयर का इस्तेमाल किया है. इस वजह से रैंक में बदलाव हुआ है. नए बेस ईयर में नॉमिनल जीडीपी पुराने के मुकाबले करीब 4 परसेंट नीचे है. इसके साथ ही पिछले फाइनेंशियल ईयर में रुपया डॉलर के मुकाबले 11 प्रतिशत नीचे गिरा है. इन दोनों की वजह से रैंकिंग में बदलाव हुआ है.'
दुनिया की टॉप 5 अर्थव्यवस्थाओं में पहले नंबर पर अमेरिका है. अमेरिका की GDP 32.38 ट्रिलियन डॉलर की है. दूसरे नंबर पर 20.58 ट्रिलियन डॉलर की GDP के साथ चीन है. तीसरे नंबर पर 5.45 ट्रिलियन डॉलर की GDP के साथ जर्मनी है. चौथे नंबर पर 4.38 ट्रिलियन डॉलर की GDP के साथ जापान और पांचवें नंबर पर 4.26 ट्रिलियन डॉलर की GDP के साथ यूनाइडेट किंगडम है.
भारत 4.15 ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी के साथ छठी रैंक पर है. अब तक अमेरिका, चीन और जर्मनी के बाद भारत चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी थी. अब तक माना जा रहा था कि साल 2029 तक भारत जर्मनी को ओवरटेक करके दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा. IMF की नई रैंकिंग के बाद अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत 2031 तक जर्मनी को ओवरटेक करके नंबर तीन पर जा पाएगा. यानी भारत का नंबर तीन पर जाने के लिए अब दो साल का और इंतज़ार करना पड़ सकता है.
रैंकिंग में बदलाव के बावजूद IMF ने कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है. IMF का अनुमान है कि इस साल भारत की विकास दर 6.5 प्रतिशत होगी. IMF ने कहा कि भारत में डोमेस्टिक परफॉर्मेंस मजबूत है. टैरिफ का दबाव कम हुआ है और इन दोनों की वजह से पश्चिम एशिया टेंशन का नकारात्मक असर भारत की अर्थव्यवस्था पर नहीं पड़ा है. यहां बता दें कि भारत की अनुमानित विकास दर ग्लोबल प्रोजेक्शन से दोगुनी से भी ज्यादा है. IMF का अनुमान है कि 2026 में दुनिया की अर्थव्यवस्था 3.1 प्रतिशत और 2027 में 3.2 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी.
यानी भारत की रैंकिंग भले ही फिसली है लेकिन आर्थिक विकास के मामले में भारत अभी नंबर 1 पर है.
अपनी राय और अपने इलाके की खबर देने के लिए जुड़ें हमारे गूगल, फेसबुक, x, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और वॉट्सऐप कम्युनिटी से