दुनिया
नूरीन नियाजी ने एक इंटरव्यू के दौरान दावा किया है कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाक सेना बुरी तरह नाकाम रही थी और अपनी हार को छिपाने के लिए सेना ने जनता के सामने जीत की झूठी कहानी गढ़ी.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन नूरीन नियाजी के एक हालिया बयान ने देश की राजनीति और सैन्य गलियारों में भारी खलबली मचा दी है. नूरीन ने पाकिस्तानी सेना पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपनी नाकामियों और हार पर पर्दा डालने के लिए पाक सेना ने जनता के सामने जीत की एक मनगढ़ंत कहानी गढ़ी थी. उनके इस बयान के बाद पाकिस्तान का हुक्मरान वर्ग और सेना बेहद असहज नजर आ रहे हैं.
एक इंटरव्यू के दौरान नूरीन नियाजी ने खुलकर कहा कि चार दिनों तक चले इस सैन्य संघर्ष की जो तस्वीर पाकिस्तानी जनरलों और सरकार ने देश की जनता के सामने पेश की, असलियत उससे काफी अलग थी. उनका साफ तौर पर कहना है कि भारत का ऑपरेशन सिंदूर बेहद सफल रहा था और पाकिस्तानी फौज अपनी नाकामी को छुपाने का प्रयास कर रही है.
इस सनसनीखेज बयान के सामने आते ही पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी तुरंत एक्शन मोड में आ गई. एजेंसी ने नूरीन नियाजी को समन भेजकर जवाब तलब किया है. सरकारी नोटिस में उन पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर सेना और राज्य के अहम संस्थानों के खिलाफ झूठा, आपत्तिजनक और भड़काऊ कंटेंट फैलाया है, जिससे देश के संस्थानों की छवि खराब हुई है.
नूरीन ने ये भी कहा कि इस सैन्य टकराव को, जिसे पाकिस्तानी हुकूमत ने मआरका-ए-हक का नाम दिया था, आगे बढ़ने से रोकने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुद हस्तक्षेप करना पड़ा था. नूरीन के मुताबिक, ट्रंप के दखल की वजह से ही पाकिस्तानी नेतृत्व को अपनी साख बचाने का रास्ता मिल पाया. अगर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते तो पाकिस्तान को तबाह कर देते.
🚨 BIG STATEMENT
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) July 19, 2026
Noreen Khan Niazi, sister of former Pakistan PM Imran Khan, says "If Indian PM Narendra Modi had wanted, he would have FIXED Pakistan in May 2025."
She linked the remark to Pakistan's accession to the Abraham Accords.pic.twitter.com/qPPpBr8DeO
नूरीन नियाजी के इन बयानों के बाद सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज के नेताओं ने उनकी कड़ी निंदा की है. सरकार का कहना है कि नूरीन के बयान पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना हैं और ये पाकिस्तान के राष्ट्रीय हितों व सेना के मनोबल को नुकसान पहुंचाने की साजिश का हिस्सा हैं. इमरान खान की जेल में मौजूदगी से पाकिस्तान में पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म है, और अब उनकी बहन के इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया है.
ये भी पढ़ें- आज का मौसम, 21 जुलाई: दिल्ली-NCR में रात से हो रही झमाझम बारिश, पूरे दिन येलो अलर्ट, तापमान में 6 डिग्री की गिरावट