दुनिया
युद्ध के मुश्किल दौर में पढ़ाई जारी रखने वाले वैज्ञानिक हेनरी बी. कागन ने मिरर इमेज वाले अणुओं को नियंत्रित तरीके से बनाने की दिशा में अहम काम किया है.
घर के ऊपर बरसते बम, पूरा शहर असुरक्षित और परिवार को बार-बार अपना ठिकाना बदलना पड़ा... ऐसे ही मुश्किल दौर से निकलकर फ्रांस के वैज्ञानिक हेनरी बी. कागन ने विज्ञान की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई. उनके काम ने ये समझने में मदद की कि एक जैसे दिखने वाले अणुओं में से किसी एक खास रूप को कैसे ज्यादा मात्रा में बनाया जा सकता है. इसका असर दवाओं की दुनिया पर भी पड़ा.
2026 का केमिस्ट्री नोबेल पुरस्कार 96 साल के हेनरी बी. कागन और जापान के 76 साल के वैज्ञानिक केन्सो सोआई को दिया गया है. दोनों का काम उस समस्या से जुड़ा है जो रसायन विज्ञान में करीब 100 सालों से वैज्ञानिकों के सामने थी, मिरर इमेज जैसे दिखने वाले अणुओं में से जरूरत वाला रूप कैसे तैयार किया जाए. आपको हेनरी बी. कागन के बारे में बताते हैं.
हेनरी बी. कागन का जन्म 1930 में पेरिस के पास बोलोन-बियांकोर में हुआ था. उनके पिता इंजीनियर थे. उनके बचपन के शुरुआती साल ऐसे समय में बीते जब हिटलर की जर्मनी ने फ्रांस पर कब्जा कर रखा था. वर्ल्ड वॉर के कारण कागन की पढ़ाई किसी एक स्कूल में लगातार नहीं चल सकी. परिवार को सुरक्षा के लिए पेरिस से बाहर जाना पड़ा. वह कभी मध्य फ्रांस के ग्येरे में पढ़े, फिर पेरिस के दक्षिणी इलाके स्को में पहुंचे और युद्ध खत्म होने के करीब दोबारा पेरिस लौटे.
एक तरफ युद्ध का तनाव था और दूसरी तरफ पढ़ाई जारी रखने की कोशिश. दिलचस्प बात ये भी है कि बचपन में कागन का पहला प्यार केमिस्ट्री नहीं था. उन्हें फिजिक्स और मैथ्स ज्यादा पसंद थे. बाद में पेरिस में पढ़ाई के दौरान ऑर्गेनिक केमिस्ट्री में उनकी दिलचस्पी गहरी हुई. यहीं से उनकी वैज्ञानिक यात्रा ने नया मोड़ लिया.
हेनरी बी. कागन और केन्सो सोआई को 2026 का केमिस्ट्री नोबेल पुरस्कार मिला. (Image Source- X/@NobelPrize)
मिरर इमेज को आम भाषा में समझने के लिए जूते या चप्पल का उदाहरण सबसे बढ़िया है. आपके दाएं और बाएं पैर के जूते देखने में एक जैसे लगते हैं और एक-दूसरे का मिरर इमेज होते हैं, लेकिन अगर आप बाएं पैर का जूता सीधे दाएं पैर के जूते के ऊपर रखेंगे, तो वे एक-दूसरे पर पूरी तरह कभी फिट नहीं बैठेंगे. यही वजह है कि अगर आप गलती से दाएं पैर का जूता बाएं पैर में पहन लें, तो बिल्कुल असहज महसूस होगा.
जैसे आपके पैर का आकार ऐसा है कि उसमें सिर्फ सही तरफ का जूता ही सही फिट आता है, वैसे ही केमेस्ट्री में अणुओं का व्यवहार भी ठीक ऐसा ही होता है. हमारे शरीर के अंदर की कोशिकाएं और प्रोटीन एक खास सांचे या पैर की तरह काम करते हैं, जो सिर्फ सही बनावट वाले अणु को ही स्वीकार करते हैं.
रासायनिक प्रक्रिया में कई बार दोनों रूप एक साथ तैयार हो जाते हैं. लेकिन शरीर में दोनों का असर एक जैसा हो, ये जरूरी नहीं है. एक रूप ज्यादा असरदार हो सकता है, जबकि दूसरा कम असरदार या कुछ परिस्थितियों में नुकसान भी पहुंचा सकता है. इसलिए सवाल था कि ऐसी तरकीब कैसे बनाई जाए जिसमें मनचाहा रूप ज्यादा मात्रा में तैयार हो?
(Image source- chem-station.com)
हेनरी कागन ने इसी समस्या पर काम किया. 1986 में उन्होंने ऐसा तरीका दिखाया जिसमें रासायनिक प्रतिक्रिया के दौरान दोनों मिरर रूप बराबर मात्रा में नहीं बनते. एक रूप को बनने में बढ़त मिल सकती है. इसे ऐसे समझिए जैसे किसी दौड़ में शुरुआत में दो धावक लगभग बराबर हों, लेकिन किसी एक को रास्ते में थोड़ा फायदा मिल जाए.
कागन का काम ऐसी रासायनिक प्रक्रिया तैयार करने की दिशा में था जिसमें वैज्ञानिक उस पसंदीदा रूप को ज्यादा मात्रा में हासिल कर सकें. ये बात दवा बनाने के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि किसी दवा के अणु की बनावट उसके शरीर में काम करने के तरीके को प्रभावित कर सकती है.
केमेस्ट्री के 2026 के नोबेल प्राइज पर क्या बोले वैज्ञानिक? (Image Source- X/@NobelPrize)
जापानी वैज्ञानिक केन्सो सोआई ने इसी विचार को आगे बढ़ाया. उन्होंने ऐसी रासायनिक प्रक्रिया पर काम किया जिसमें बनने वाला एक अणु आगे अपने जैसे दूसरे अणुओं के बनने में मदद करता है. इसे ऐसे समझिए- मान लीजिए शुरुआत में दो तरह के अणु हैं और उनमें से एक की संख्या बस थोड़ी-सी ज्यादा है. सामान्य तौर पर ये छोटा अंतर शायद बहुत मायने न रखे, लेकिन अगर वही ज्यादा वाला अणु आगे अपने जैसे अणु बनाने में मदद करने लगे, तो उसकी संख्या तेजी से बढ़ सकती है.
सोआई के प्रयोगों में यही दिलचस्प बात देखने को मिली. 1995 के एक प्रयोग में शुरुआत में एक रूप को सिर्फ 2 प्रतिशत की बढ़त थी. प्रक्रिया आगे बढ़ी तो यही अंतर बढ़कर 87 प्रतिशत तक पहुंच गया. बाद के काम में इस विचार को और आगे ले जाया गया. 2003 में ऐसी प्रक्रिया दिखाई गई जिसमें एक खास रूप की मात्रा 99.99 प्रतिशत तक पहुंच सकती थी यानी शुरुआत में बेहद छोटा फर्क आखिर में लगभग पूरी तरह एक ही रूप में बदल सकता था.
दवा को आप एक चाबी की तरह समझिए और शरीर में मौजूद किसी खास रिसेप्टर को ताले की तरह. चाबी की शक्ल में थोड़ा बदलाव भी ये तय कर सकता है कि वह ताले में ठीक से फिट होगी या नहीं. यही वजह है कि अणु का कौन-सा रूप बनाया जा रहा है, ये बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है. कागन और सोआई के काम ने वैज्ञानिकों को ऐसे रासायनिक तरीकों को समझने और विकसित करने में मदद की, जिनसे किसी खास मिरर-रूप को प्राथमिकता के साथ तैयार किया जा सके.
कागन की कहानी की खास बात सिर्फ नोबेल तक पहुंचना नहीं है. इसमें एक ऐसे बच्चे की कहानी भी छिपी है जिसकी पढ़ाई युद्ध के कारण बार-बार प्रभावित हुई, लेकिन जानने की इच्छा नहीं रुकी. पेरिस के पास शुरू हुई वो वैज्ञानिक यात्रा आगे चलकर अणुओं की दुनिया की एक बड़ी पहेली सुलझाने तक पहुंची.
ये भी पढ़ें- स्पेस से आता है ये रहस्यमयी कण, शरीर को भेदकर देता है अंतरिक्ष की जानकारी, इसी खोज के लिए मिला नोबेल प्राइज