Advertisement

डीजल संकट से निपटने को G7 का बड़ा कदम; खोलेंगे 10 करोड़ बैरल का आपात भंडार, अमेरिका में 6.37 डॉलर पहुंचा दाम

स्ट्रैट ऑफ होर्मुज में रुकावट और मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण दुनिया भर में डीजल की किल्लत बढ़ गई है. जानिए G7 के करोड़ बैरल से बाजार को कितनी राहत मिलेगी.

Latest News
डीजल संकट से निपटने को G7 का बड़ा कदम; खोलेंगे 10 करोड़ बैरल का आपात भंडार, अमेरिका में 6.37 डॉलर पहुंचा दाम

G7 देशों ने डीजल की भारी किल्लत दूर करने के लिए अपना इमरजेंसी भंडार खोल दिया है. AI Photo

Add DNA as a Preferred Source

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और इजरायल की ईरान के साथ छिड़ा युद्ध अब सिर्फ सेनाओं की जंग नहीं रह गई है, बल्कि इसने पूरी दुनिया के सामने 1970 के दशक के बाद से सबसे बड़ा तेल और ऊर्जा संकट खड़ा कर दिया है. तनाव की वजह से तेल रिफाइनरियों और समुद्री रास्तों पर खतरा मंडरा रहा है. यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेलऔर डीजल की सप्लाई बहुत कम हो गई है, जिससे पूरी दुनिया में ऊर्जा का संकट गहराता जा रहा है.

इस मुश्किल हालात से निपटने के लिए फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की अगुवाई में दुनिया के 7 सबसे अमीर और ताकतवर देशों (G7) की एक इमरजेंसी वीडियो मीटिंग हुई, जिसमें सबने मिलकर यह बड़ा फैसला लिया कि इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) के जरिए अगले चार महीनों में अपने आपातकालीन सुरक्षित भंडारों से 10 करोड़ बैरल कच्चा तेल और डीजल बाजार में उतारा जाएगा, जिसका एक बहुत बड़ा हिस्सा शुरुआती 20 दिनों के भीतर ही बाजार में पहुंचा दिया जाएगा ताकि तेल की किल्लत और आसमान छूती कीमतों पर लगाम लगाई जा सके.

दुनिया भर में डीजल का संकट क्यों पैदा हुआ?

अक्सर तेल के संकट के समय लोग सिर्फ कच्चे तेल की ही बात करते हैं, लेकिन इस बार असली मार डीजल पर पड़ी है जिसकी बाजार में भारी किल्लत हो गई है. ऊर्जा के जानकारों की मानें तो पूरी दुनिया में डीजल की इस सप्लाई के ठप होने की तीन सबसे बड़ी वजहें हैं:

  • मिडिल ईस्ट से सप्लाई बंद: ईरान युद्ध के कारण Strait of Hormuz के रास्ते होने वाली रिफाइंड ईंधन की पूरी तरह बंद हो गई है. जिसका सबसे बड़ा झटका यूरोप को लगा है क्योंकि खाड़ी के देशों से उसे हर दिन मिलने वाला 16 लाख बैरल डीजल अब घटकर महज 3.9 लाख बैरल रह गया है.
  • डीजल निर्यात पर रूस की रोक : यूक्रेन की तरफ से रूस के तेल रिफाइनरियों पर किए गए ड्रोन हमलों की वजह से मास्को के भीतर तेल और ईंधन उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसके चलते रूस ने बाहर के देशों को बेचे जाने वाले अपने डीजल के निर्यात पर पूरी तरह से रोक लगा दी है. 
  • चीन के निर्यात में आई कमी: चीन ने भी घरेलू जरूरतों को सबसे ऊपर रखते हुए बाहर के देशों को डीजल बेचना पूरी तरह बंद कर दिया है.

G7 देशों ने इस बैठक में क्या-क्या फैसले लिए हैं?

मुश्किल समय के लिए बचाकर रखे गए सुरक्षित तेल को बाजार में उतारने के अलावा, G7 देशों के बड़े नेताओं ने इस बड़े संकट से निपटने के लिए आपस में मिलकर कई और जरूरी कदम उठाने का फैसला किया है. 

  • रिफाइनरी उपयोग बढ़ाना: सभी सदस्य देशों ने रिफाइनरियों के मेंटेनेंस शेड्यूल को तालमेल में रखने और क्षमता के अनुसार रिफाइनरी उत्पादन, विशेषकर डीजल का उत्पादन बढ़ाने को लेकर सहमति जताई है. 
  • निर्यात प्रतिबंध न लगाने का फैसला: G7  देशों ने आपस में मिलकर वादा किया है कि उनका कोई भी साथी देश ऊर्जा, तेल या डीजल को बाहर भेजने पर किसी तरह की रोक नहीं लगाएगा, क्योंकि इससे बाजार में तनाव और बढ़ सकता है
  • स्टॉक रिप्लेनिशमेंट की योजना: इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) को साफ-साफ जिम्मा सौंपा गया है कि वह अगले 20 दिनों के भीतर इस पूरे काम की अच्छे से जांच-परख करे और यह बताएं कि मुश्किल समय के लिए निकाले गए इस सुरक्षित तेल के भंडार को आगे चलकर दोबारा से कैसे भरा जाए. 

अमेरिका और यूरोप की इस योजना में क्या भूमिका है?

अमेरिका में रिटेल डीजल की औसत कीमत 14 सितंबर को 6.29 प्रति गैलन डॉलर और 1 अक्टूबर को 6.37 प्रति गैलन डॉलर पहुंच गई. जो ऊर्जा सूचना विभाग (EIA) के साल 1994 से अब तक के पिछले 32 सालों के रिकॉर्ड में सबसे ऊंचा स्तर है.

अमेरिका का कदम: अमेरिका के ऊर्जा विभाग ने मार्च में किए गए अपने वादे के मुताबिक अपने सुरक्षित तेल भंडारों (SPR) से लगभग 4 करोड़ बैरल कच्चा तेल बाजार में भेजने का काम शुरू कर दिया है, जिसकी सप्लाई नवंबर और दिसंबर के महीनों में की जाएगी. इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी साफ कर दिया है कि डीजल को बाजार में उतारने का काम तुरंत शुरू कर दिया जाएगा. 

यूरोप की तैयारी: यूरोपीय आयोग की एनर्जी यूनियन टास्क फोर्स ने अभी कल यानी 2 अक्टूबर को एक बड़ी बैठक की है, जिसमें यह बात सामने आई है कि भले ही यूरोपीय देशों में फिलहाल डीजल की सप्लाई ठीक-ठाक चल रही है, फिर भी फ्रांस और यूरोप के दूसरे देश आने वाले संकट से बचने के लिए अपने कारखानों में डीजल का उत्पादन बढ़ाने में पूरी ताकत से जुट गए हैं 

क्या G7 के 10 करोड़ बैरल तेल से कीमतें नीचे आएंगी?

G7 देशों के फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Brent Crude) के दाम कुछ समय के लिए तो 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गए थे, लेकिन बाजार के डर की वजह से वे फिर से ऊपर चढ़कर 102 डॉलर के पार पहुंच गए हैं. 'कैपिटल इकोनॉमिक्स' का साफ कहना है कि मुश्किल समय के लिए बचाकर रखे गए आपातकालीन कोटे से तेल बाहर निकालना सिर्फ एक अस्थायी मलहम की तरह है, जिससे बाजार की घबराहट और तुरंत की किल्लत तो थोड़ी कम हो जाएगी, लेकिन यह इस बड़ी मुसीबत का कोई पक्का और परमानेंट इलाज नहीं है, क्योंकि जब तक होर्मुज के समुद्री रास्ते पर जहाजों का आना-जाना पहले की तरह सामान्य नहीं हो जाता और पश्चिम एशिया की यह भीषण लड़ाई पूरी तरह रूक नहीं जाती, तब तक दुनिया के तेल बाजार में ऐसे ही उतार-चढ़ाव का माहौल बना रहेगा.

विशेषज्ञों का इस पर क्या कहना है?

Energy Policy Research Foundation के फेलो माइकल लिंच का कहना है कि यूरोप में डीजल की कमी दूर होने से अमेरिका से बाहर भेजे जाने वाले डीजल में कमी आ सकती है, जिससे अगले कुछ हफ्तों के भीतर डीजल के दामों में लगभग 25 से 50 सेंट प्रति गैलन तक की बड़ी राहत देखने को मिल सकती है. 

राइस यूनिवर्सिटी के बेकर इंस्टीट्यूट के तेल और उर्जा मामलों के जानकार जिम क्रेन का कहना है कि इस मुश्किल घड़ी में बचाकर रखा गया तेल बाजार में उतारना थोड़े समय के लिए तो एक अच्छा उपाय हो सकता है, लेकिन इससे आगे चलकर बहुत बड़ा नुकसान होने का डर है. उनका साफ मानना है कि अपने सुरक्षित भंडारों से तेल निकालने से कुछ दिनों के लिए तो आम जनता को मिलने वाले ईंधन के दाम कम हो जाएंगे, लेकिन इससे यूरोप जैसे देशों के पास अचानक आने वाली किसी बड़ी मुसीबत से निपटने के लिए तेल की भारी कमी हो जाएगी, क्योंकि आगे चलकर कभी न कभी यूरोप और बाकी G7 देशों को अपने इन खाली हो रहे सुरक्षित गोदामों को दोबारा से भरना ही पड़ेगा और अमूमन देश ऐसा तब करते हैं जब बाजार में तेल के दाम बहुत कम होते हैं, लेकिन आज के दौर में कोई नहीं जानता कि कीमतें कब कम होंगी, इसलिए यह एक बहुत बड़ा जोखिम है. 
 

Advertisement
Advertisement

Advertisement