दुनिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सपनों पर पानी फेरते हुए नोबेल समिति ने दक्षिण अफ्रीका की जानी-मानी वकील नवनेथम नवी पिल्लई को साल 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया, जानें वह कौन हैं और उन्होंने कौन-कौन से बड़े काम किए हैं...
दक्षिण अफ्रीका की जानी-मानी वकील और ह्यूमन राइट एक्सपर्ट नवनेथम नवी पिल्लई को साल 2026 के नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया गया. नोबेल समिति ने उन्हें यह सम्मान शांति और अंतरराष्ट्रीय कानून को बढ़ावा देने के लिए किए गए उनके लंबे समय की कोशिशों के लिए दिया गया है. उन्होंने करियर में रंगभेद के खिलाफ आवाज उठाने से लेकर युद्ध अपराधों, मानवता के खिलाफ अपराधों और नरसंहार के मामलों में दोषियों को जवाबदेह ठहराने तक अहम भूमिका निभाई है.
नोबेल समिति के मुताबिक, पिल्लई ने इंटरनेशनल लॉ को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया कि गंभीर अपराध करने वाले लोग कानून से बच न सकें. उनके काम का एक अहम हिस्सा उन लोगों को न्याय दिलाना रहा है, जो युद्ध, हिंसा और भेदभाव के कारण अपने अधिकारों से वंचित रह जाते हैं. समिति के मुताबिक, उन्होंने देशों और उनके नेताओं को जवाबदेह ठहराने के साथ-साथ हिंसा और संघर्ष के पीड़ितों में उम्मीद जगाने का काम किया है.
BREAKING NEWS The Norwegian Nobel Committee has decided to award the 2026 #NobelPeacePrize to Navanethem “Navi” Pillay for her efforts to promote peace and international law. #NobelPrize https://t.co/97vurspw6z
— The Nobel Prize (@NobelPrize) October 9, 2026
नवनेथम नवी पिल्लई का जन्म साल 1941 में दक्षिण अफ्रीका के डरबन में हुआ था. उनका परिवार भारतीय तमिल मूल का है. उनका बचपन ऐसे दौर में बीता, जब दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद की नीति लागू थी. इस व्यवस्था में लोगों के अधिकार और उन्हें काम करने वाले मौके उनकी नस्ल के आधार पर तय होते थे. अश्वेत और गैर-श्वेत समुदायों को लंबे समय तक सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक भेदभाव का सामना करना पड़ा. ऐसे माहौल में पिल्लई ने कानून की पढ़ाई की और वकालत के जरिए लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का रास्ता चुना.
यूनाइटेड नेशन्स की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, नवनेथम नवी पिल्लई ने दक्षिण अफ्रीका की नेटल यूनिवर्सिटी से बीए और एलएलबी की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ लॉ और जूरिडिकल साइंस में डॉक्टरेट की पढ़ाई की. उनकी दो बेटियां हैं. नेल्सल मंडेला यूनिवर्सिटी के मुताबिक, साल 1967 में पिल्लई दक्षिण अफ्रीका के नेटल प्रांत में वकालत शुरू करने वाली पहली महिला बनीं.
उन्होंने शुरुआती करियर में रंगभेद के खिलाफ संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं और राजनीतिक कैदियों का बचाव किया, जिसमें नेल्सन मंडेला भी शामिल थे. उस समय दक्षिण अफ्रीका में नस्लीय भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को कई तरह की कानूनी और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था. पिल्लई ने इन परिस्थितियों के बावजूद अपना काम जारी रखा. उन्होंने उन लोगों की मदद की, जिन्हें नस्ल और राजनीतिक विचारों के आधार पर निशाना बनाया जा रहा था. उन्होंने रोबेन द्वीप जेल में बंद नेल्सन मंडेला और दूसरे राजनीतिक कैदियों के अधिकारों के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी और रंगभेद विरोधी कार्यकर्ताओं का बचाव किया था.
उनकी पहचान धीरे-धीरे एक ऐसी वकील के रूप में बनने लगी, जो कानून का इस्तेमाल कमजोर और वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए करती थीं. यूनाइटेड नेशन्स की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, वह दक्षिण अफ्रीका के हाई कोर्ट में जज बनने वाली पहली अश्वेत महिला बनीं.

नवी पिल्लई के करियर का एक अहम पड़ाव रवांडा के नरसंहार से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका रही. रवांडा में 1994 में हुए नरसंहार के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों की हत्या की गई थी. इसमें यौन हिंसा के मामले भी शामिल थे. इन अपराधों की जांच और सुनवाई के लिए यूनाइटेड नेशन्स ने इंटरनेशनल क्रिमिनल ट्रिब्यूनल बनाया था.
अफ्रीका ग्रुप फॉर जस्टिस एंड अकाउंटिबिलटी के मुताबिक, पिल्लई इस ट्रिब्यूनल में जज रहीं. साल 1998 में रवांडा के पूर्व मेयर जीन-पॉल अकायेसु के मामले में आए ऐतिहासिक फैसले में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. अकायेसु को नरसंहार और दूसरे अपराधों के लिए दोषी ठहराया गया था. इस फैसले में कोर्ट ने साफ किया था कि किसी संरक्षित समूह को खत्म करने के इरादे से की गई यौन हिंसा, परिस्थितियों और इरादे के आधार पर, नरसंहार का हिस्सा हो सकती है.
इस फैसले ने इंटरनेशनल लॉ में एक मिसाल कायम की. इससे यह समझ मजबूत हुई कि बलात्कार और यौन हिंसा सिर्फ व्यक्तिगत अपराध नहीं हैं, बल्कि कुछ परिस्थितियों में इनका इस्तेमाल किसी समुदाय को खत्म करने के लिए भी किया जा सकता है. पिल्लई बाद में इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट में भी जज रहीं. इस कोर्ट का काम नरसंहार, युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध जैसे गंभीर मामलों में व्यक्तियों की आपराधिक जिम्मेदारी तय करना है.
टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, नवी पिल्लई ने साल 2008 से 2014 तक यूनाइटेड नेशन्स की हाई कमिश्नर फॉर ह्यूमन राइट्स के तौर पर भी काम किया. इस पद पर रहते हुए उनकी जिम्मेदारी दुनिया भर में मानवाधिकारों की स्थिति पर नजर रखने, उल्लंघनों को सामने लाने और देशों को अपने दायित्वों की याद दिलाने की थी. उनका काम ऐसे समय में रहा, जब कई देशों में संघर्ष, राजनीतिक हिंसा और नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे अंतरराष्ट्रीय बहस का हिस्सा बने हुए थे.
हाई कमिश्नर फॉर ह्यूमन राइट्स के रूप में उन्होंने नस्लीय भेदभाव, महिलाओं के अधिकारों और कमजोर समुदायों के साथ होने वाले अन्याय जैसे मुद्दों पर काम किया. यूनाइटेड नेशन्स में उनकी भूमिका ने मानवाधिकारों से जुड़े मामलों को दुनिया के सामने लाने में मदद की. इस दौरान उन्होंने यह बात लगातार उठाई कि किसी भी देश की सरकार को अपने नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए और इसके गंभीर उल्लंघनों के मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए.
हाल के साल में नवी पिल्लई का नाम फिलिस्तीनी इलाकों खासकर गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई से जुड़े अंतरराष्ट्रीय विवादों के बीच भी सामने आया. वह संयुक्त राष्ट्र के कब्जे वाले फिलिस्तीनी इलाके से जुड़ी स्वतंत्र जांच आयोग की अध्यक्ष रहीं. इस आयोग ने 2025 में अपनी रिपोर्ट में निष्कर्ष दिया कि गाजा में इजरायल की कार्रवाई नरसंहार के दायरे में आती है. इजरायल ने इस निष्कर्ष को खारिज किया था. टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक उस समय पिल्लई ने कहा था- 'गाजा में फिलिस्तीनियों को उन तरीकों से नष्ट करने का इरादा है, जो नरसंहार के निर्धारित मानदंडों को पूरा करते हैं.'
यह भी पढ़ें- स्वीडन की बजाय नॉर्वे में क्यों दिया जाता है शांति का नोबेल?