दुनिया
तेज मूसलाधार बारिश के बीच मैदान पर आकाशीय बिजली गिरने से 24 वर्षीय खिलाड़ी सफवान की मौत हो गई.
थाईलैंड से एक बहुत ही खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. वहां एक फुटबॉल मैच के दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 24 साल के एक उभरते हुए खिलाड़ी की मौके पर ही मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा नराथिवाट प्रांत के शांतिफाप स्टेडियम में खेले जा रहे गोलोक कप टूर्नामेंट के दौरान हुआ.
उस समय मैदान में मूसलाधार बारिश हो रही थी. सोशल मीडिया पर इस घटना का एक खौफनाक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि तेज बारिश के बीच खिलाड़ी मैदान पर भाग रहे हैं, तभी अचानक आसमान से एक जोरदार बिजली जमीन पर गिरती है और झटके के साथ आग की लपटें उठती हैं. जिस खिलाड़ी की इस हादसे में जान गई, उनका नाम सफवान अवई था.
बिजली सीधे सफवान पर ही गिरी और वे तुरंत मैदान पर गिर पड़े. यह देखते ही स्टेडियम में चीख-पुकार मच गई. वहां मौजूद दर्शक और बाकी लोग बदहवास होकर सफवान को बचाने के लिए मैदान की तरफ भागे. तुरंत इमरजेंसी मेडिकल टीम को बुलाया गया और सफवान को पास के अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
स्थानीय पुलिस अधिकारी थुन सिरिखुंट ने बताया कि आकाशीय बिजली की वजह से सफवान को बहुत गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण उनकी जान चली गई. इस हादसे का खौफनाक मंजर सिर्फ यहीं खत्म नहीं हुआ. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 12 अन्य लोग भी बुरी तरह झुलस गए हैं.
🚨 TRAGIC NEWS: Thai footballer Safwan Awae has sadly passed away after reportedly being struck by lightning during a Kolok FA Cup match in Thailand. 💔
— Pitchoral ⚽️ (@Pitchoral) August 5, 2026
Our thoughts and deepest condolences are with his family, friends, teammates, and everyone affected by this heartbreaking…
घायलों में मलेशिया के एक फुटबॉल खिलाड़ी अलिफ एजाहान जुल्किफली भी शामिल हैं, जो उस वक्त मैदान में ही मौजूद थे. सफवान अवई के लिए यह समय उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ साबित होने वाला था. हादसे से कुछ ही हफ्ते पहले ही उन्होंने थाई लीग 3 की टीम 'एफसी याला' के साथ अपना नया कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था.
सफवान के इस तरह अचानक चले जाने से उनका क्लब और फुटबॉल जगत गहरे सदमे में है. एफसी याला ने सोशल मीडिया पर बेहद भावुक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "हमारे नए खिलाड़ी सफवान अवई के परिवार के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं." देखा जाए तो खुले खेल के मैदान आकाशीय बिजली के लिहाज से बहुत ज्यादा खतरनाक माने जाते हैं.
यूरोपीय देशों में हुए एक शोध के मुताबिक, बिजली गिरने से जितने भी हादसे होते हैं, उनमें से लगभग 10 प्रतिशत घटनाएं किसी न किसी स्टेडियम, खेल के मैदान या पार्क में होती हैं. इनमें भी सबसे ज्यादा मामले फुटबॉल ग्राउंड पर ही सामने आते हैं. इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि विशाल और खुले मैदान में खिलाड़ी, लोहे के गोलपोस्ट या फ्लैग पोल ही सबसे ऊंची चीजें होते हैं, जो बिजली को बहुत जल्दी अपनी तरफ खींच लेते हैं.
ऐसी घटनाएं पहले भी खिलाड़ियों की जान ले चुकी हैं. साल 2024 में पेरू के हुआंकायो में भी एक क्षेत्रीय मैच के दौरान ऐसी ही त्रासदी हुई थी, जब मैदान पर बिजली गिरने से डिफेंडर जोस ह्यूगो डी ला क्रूज़ मेजा की जान चली गई थी और चार अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
ये भी पढ़ें- कौन था अतीक अहमद का छोटा बेटा अबान? जिसकी रोड एक्सीडेंट में हुई मौत, भाई से मिलने गया था जेल