दुनिया
UAE में फ्लाईदुबई के को-पायलट अल-हम्ममी को मौत की सजा हो सकती है, क्योंकि अबू धाबी उसे सबसे कड़ी सजा देना चाहता है. जांच जारी है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि क्या उसे कहीं से कोई इंस्ट्रक्शन तो नहीं मिल रहा था.
फ्लाईदुबई के विमान को क्रैश करवाने की साजिश रचने वाले ओमानी को-पायलट हमम अल हम्मामी से पूछताछ में कई बड़े खुलासे हुए हैं. 'Times of Israel' ने जांचकर्ताओं के हवाले से बताया कि हम्मामी इजरायल के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर एयरक्राफ्ट को क्रैश करने की योजना बनाई थी. वह गाजा में इजरायल की कार्रवाई का बदला लेना चाहता था. जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी को-पायलट के पास एक 'प्लान B' भी तैयार था.
हमाम अल-हम्मामी ने बताया कि उसका इरादा कैप्टन को हटाने के बाद फ्लाईदुबई फ्लाइट को नॉर्मल तरीके से चलाने की थी. इसके बाद वह सभी जरूरी लैंडिंग क्लियरेंस लेने के बाद एयरपोर्ट पर किसी बिल्डिंग या जेट से विमान को टकराना चाहता था. आखिरी पल में वह प्लेन को इसलिए क्रैश करवाना चाहता था, जिससे उसके इरादे पर किसी को कोई शक नहीं हो और वह आसानी से अपने प्लान को अंजाम दे देता.
इन्वेस्टिगेटर्स ने बताया कि ओम्मानी ने दुबई से तेल अवीव की फ्लाइट से काफी पहले हमले की तैयारी कर ली थी. इजरायली अधिकारियों ने कहा कि उसने शुरुआत में जुलाई में हमला करने का प्लान बनाया था, लेकिन क्रू मेंबर के साथ पर्सनल कनेक्शन की वजह से उसने वह कोशिश छोड़ दी थी. जांच के मुताबिक, उसका पहला मकसद तेल अवीव के पास बेन गुरियन एयरपोर्ट पर एयरक्राफ्ट को गिराना था. जांच करने वालों का मानना है कि अगर इजरायल पहुंचना नामुमकिन हो जाता तो वह जॉर्डन में एक US मिलिट्री फैसिलिटी को टारगेट करना चाहता था.
इजरायली अधिकारियों का कहना है कि अल-हम्मामी जून की शुरुआत में ही इजरायल गया था और खुद को 'शहीद' बनने के लिए तैयार कर रहा था. जांच से जुड़े अधिकारियों के हवाले से यह भी कहा गया है कि उसने प्लान छोड़ने से पहले इजरायल जाने वाली एक फ्लाइट पर हमला करने के बारे में सोचा था.
जांच करने वालों को अभी इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि संदिग्ध किसी आतंकवादी संगठन या विदेशी सरकार के इशारे पर काम कर रहा था. अभी का अंदाजा यही है कि उसने अकेले ही यह काम किया. हालांकि अधिकारी कई देशों में उसकी यात्राओं और कॉन्टैक्ट्स की जांच कर रहे हैं. जांच एजेंसी उन देशों में उसके दौरे की भी जांच कर रहे हैं, जिन्हें इजरायल दुश्मन देश मानता है. अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या उन यात्राओं के दौरान उसकी मुलाकात किसी ऐसे व्यक्ति से हुई जिसने उसे भर्ती किया हो, उसे निर्देश दिए हों या उस पर असर डाला हो.
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के अधिकारी अलग-अलग उसके बैकग्राउंड की जांच कर रहे हैं. ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने कन्फर्म किया है कि ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, विक्टोरिया पुलिस और ऑस्ट्रेलियन सिक्योरिटी इंटेलिजेंस ऑर्गनाइजेशन की एक जॉइंट काउंटरटेररिज्म टीम ऑस्ट्रेलिया से उसके लिंक की जांच कर रही है, जहां उसके पास स्टूडेंट वीजा था और उसने 2015 से 2017 के बीच पढ़ाई की थी.
UAE के प्रेसिडेंट के सलाहकार अनवर गारगाश ने इस घटना को 'टेररिस्ट एक्ट' बताया है. वहीं, इजरायल के प्राइम मिनिस्टर बेंजामिन नेतन्याहू ने भी सस्पेक्ट को 'इस्लामिस्ट रेडिकल इंडोक्रिनेशन' करार दिया. नेतन्याहू ने कहा है कि वह इस्लामी कट्टरपंथ से प्रभावित हो गया था. हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि हमले के पीछे ईरान का हाथ था या नहीं.इस घटना के बाद फ्लाईदुबई ने UAE और इजरायल के बीच उड़ानें रोक दी हैं. यात्रियों को बाद में एक दूसरे विमान से इजरायल वापस भेज दिया गया.
इस प्लेन में लगभग 180 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे. यात्रियों को सऊदी अरब से एक स्पेशल फ्लाइट के जरिये इजरायल भेजा गया. सऊदी अरब के इजरायल के साथ कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं. स्मित मच्छार और अल-हम्ममी को UAE वापस भेज दिया गया. मच्छार का इलाज चल रहा है. वहीं, हम्मामी से पूछताछ की जा रही है. 'Ynet' न्यूज साइट ने UAE के एक सीनियर अधिकारी के हवाले से बताया कि अल-हम्ममी को मौत की सजा हो सकती है. रिपोर्ट में कहा गया है कि अबू धाबी उसे सबसे कड़ी सजा देना चाहता है.
'द टाइम्स ऑफ इजरायल' की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायल की खुफिया और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट (Shin Bet) के अधिकारी अल-हम्मामी से पूछताछ में शामिल हो रहे हैं. शिन बेट ने हालांकि अब तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है. 'Ynet' की रिपोर्ट में भी यह भी कहा गया कि इजरायली इंटेलिजेंस अधिकारी अल-हम्ममी की जांच में शामिल होने के लिए UAE में थे.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि फ्लाईदुबई हमले के लिए ईरान जिम्मेदार है तो उन्होंने जवाब दिया, 'मुझे ऐसा लगता है. मैं व्यक्तिगत रूप से ऐसा मानता हूं.' ट्रंप ने इस बात पर विस्तार से नहीं बताया कि वे इस नतीजे पर कैसे पहुंचे, लेकिन उन्होंने कहा कि अगर ईरान की इसमें भूमिका पाई गई, तो उस पर 'बहुत कड़ी' कार्रवाई की जाएगी. हालांकि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि उन्हें हमले में ईरान की भूमिका का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है. इस मामले में वह सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी के अधिकारियों की राय को प्राथमिकता देंगे.
वेंस से जब पूछा गया कि क्या उन्हें अमेरिका में विदेशी पायलटों के उड़ान भरने को लेकर चिंता है? वेंस ने कहा, 'जब भी कोई व्यक्ति अमेरिका के बाहर से आता है तो आपको अतिरिक्त सावधानी बरतनी होती है कि वह एक अच्छा इंसान हो और अमेरिकी समाज में योगदान दे सके. उन्होंने दावा किया, '9/11 के आतंकवादी हमले की कहानी यही है. हमने बहुत से ऐसे लोगों को अमेरिका में आने दिया, जिन्हें यहां नहीं होना चाहिए था और निश्चित रूप से उन्हें विमान नहीं उड़ाना चाहिए था.'
यह साजिश तब सामने आई जब 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट में को-पायलट ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर अचानक ही धारदार हथियार से जोरदार हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया. कैप्टन स्मित ने जान की बाजी लगाकर कॉकपिट का दरवाजा खोला और फिर कुछ यात्रियों ने मिलकर ओमानी को-पायलट पर काबू पाया. विमान में ज्यादातर इजरायली यात्री थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित जगह पर ले जाया गया जब एयरक्राफ्ट की सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग हुई.
कैप्टन स्मित मच्छार ने बताया कि वह यात्रियों को किसी भी कीमत में मरने नहीं दे सकते थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉल के जरिये हुई एक लंबी बातचीत में मच्छार ने बताया कि वह भगवान हनुमान के भक्त हैं और उनसे ही उन्हें उस समय भी हिम्मत मिली. घायल होने के बाद वह लगातार हनुमान चालीसा का जाप कर रहे थे और पूरी ताकत के साथ उन्होंने ओमानी पायलट का डटकर मुकाबला किया. स्मित ने बताया कि जब वह कॉकपिट में अचेत होकर नीचे गिरे थे तब उन्हें आभास हुआ कि विमान काफी तेजी से नीचे जा रही है. इसके बाद वह पूरी ताकत के साथ उठे और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया.