Advertisement

अल-कायदा की तस्वीरें... 2024 में उड़ान भरने से रोका गया; फिर मोरक्को एयरलाइंस से होते हुए फ्लाईदुबई तक कैसे पहुंचा अल-हम्मामी?

अल-कायदा की यमन शाखा ने 9/11 से तुलना करते हुए फ्लाईदुबाई प्लेन को क्रैश कराने की नाकाम कोशिश की तारीफ की है. ओमानी को-पायलट के कट्टरपंथ और बाहरी आतंकी नेटवर्क से उसके संभावित लिंक खंगाले जा रहे हैं.

Latest News
अल-कायदा की तस्वीरें... 2024 में उड़ान भरने से रोका गया; फिर मोरक्को एयरलाइंस से होते हुए फ्लाईदुबई तक कैसे पहुंचा अल-हम्मामी?

सऊदी अरब में पूछताछ के दौरान आरोपी हमाम अल-हमामी ने कबूला जुर्म, Photo Source: X/@IsraelWarRoom and ANI

Add DNA as a Preferred Source

30 सितंबर को फ्लाईदुबाई की फ्लाइट FZ1073 ने दुबई से इजरायल के तेल अवीव के लिए उड़ान भरी थी. विमान में लगभग 180 यात्री सवार थे. जब विमान 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी कॉकपिट के भीतर अचानक हमला हो गया. 29 वर्षीय ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने कॉकपिट में रखी इमरजेंसी क्रैश कुल्हाड़ी उठाई और मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावर को-पायलट का इरादा विमान को नियंत्रित करके उसे क्रैश या हाईजैक करने का था. 

इस दौरान विमान आसमान में बेकाबू होकर बहुत तेजी से सीधे नीचे की तरफ गोता खाने लगा और महज 30 सेकंड के भीतर ही 36,000 फीट से गिरकर करीब 17,000 फीट नीचे आ गया, जिससे विमान में बैठे लोगों की सांसें अटक गईं. 

कैप्टन स्मित मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा कैसे खोला?

गंभीर रूप से घायल होने के बाद कैप्टन स्मित मच्छार खून से लथपथ होकर कॉकपिट के फर्श पर गिर पड़े. उन्हें लगा कि शायद अब वे जिंदा नहीं बचेंगे, लेकिन उन्होंने आखिरी सांस तक हार नहीं मानी. कैप्टन स्मित ने अपनी पूरी ताकत जुटाई और घिसटते हुए कॉकपिट के दरवाजे तक पहुंचे. उन्होंने दरवाजे के नॉब को घुमाकर पहली बार खोला, लेकिन सह-पायलट ने तुरंत दरवाजा वापस बंद कर दिया और कैप्टन फिर फर्श पर गिर गए. इसके बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी बची-कुची ताकत लगाकर दूसरी बार दरवाजा खोलने में सफल रहे.

दरवाजा खुलने के बाद क्या हुआ?

दरवाजा खुलते ही विमान में सफर कर रहे इजरायल के एक प्लंबर यानिव हायून और डॉक्टर शोता मुसाएव के साथ बाकी यात्रियों और चालक दल के लोगों ने तुरंत अंदर घुसकर उस सिरफिरे हमलावर सह-पायलट को दबोच लिया और रस्सियों से कसकर बांध दिया. इसके बाद केबिन में बैठे दो पायलटों ने विमान की कमान अपने हाथों में ली जो उस वक्त ड्यूटी पर नहीं थे और सफर कर रहे थे, फिर बिना देर किए विमान का रुख सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे की तरफ मोड़कर सभी 180 यात्रियों की जान बचाते हुए उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा दी.

कौन है आरोपी पायलट अल-हमामी?

हमला करने वाले 29 साल के हमाम अल-हमामी का जन्म संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हुआ था. उसके पिता ओमान और माता सीरिया की रहने वाली थी. 'CNN' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस आरोपी पायलट ने सीरिया की लंबी आपसी लड़ाई के दिनों में अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा वहीं बिताया. इसके बाद साल 2023 में ब्रिटेन की बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी से एविएशन मैनेजमेंट की पढ़ाई की. जांचकर्ताओं को उसके डिलीट किए जा चुके सोशल मीडिया खातों (जैसे लिंक्डइन और इंस्टाग्राम) से अल-कायदा नेताओं की तस्वीरें और इजरायली विमानों के वीडियो पोस्ट मिले हैं. साथ ही, X खाते से 3,000 से अधिक इंटरनेट आर्काइव स्क्रीनशॉट मिले हैं, जिससे साफ पता चलता है कि वह धर्म के नाम पर बहुत ज्यादा कट्टर सोच रखता था और औरतों को लेकर भी उसके विचार बेहद पुराने थे. 

'मुझे मौत से डर नहीं लगता': आरोपी पायलट

पुलिस की पूछताछ में हमामी ने यह बात कबूल की है कि वह उस प्लेन को इजरायल के भीतर ले जाकर क्रैश कर देना चाहता था और उसने आगे कहा कि 'वह मौत से बिल्कुल नहीं डरता.' साथ ही उसके बैग और सामान की तलाशी में फिलिस्तीन के समर्थन की बातें लिखे हुए कई पर्चे भी मिले हैं, जिससे उसकी इस खौफनाक साजिश का सच सबके सामने खुलकर आ गया है.

फ्लाईदुबई में कैसे हुआ शामिल?

जांच में सामने आया कि वह ओमान एयर में 7 साल तक तैनात रहा, लेकिन 2024 में कट्टरपंथी वेबसाइट्स देखने के कारण उसे फ्लाइंग से हटाकर ग्राउंड रोल पर डाल दिया गया था. इसके बाद वह जून 2025 में मोरक्को की नेशनल एयरलाइन 'रॉयल एयर मारोक' से जुड़ा था. हालांकि, एयरलाइन ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि वह वहां केवल 3 महीने की प्री-एम्प्लॉयमेंट थ्योरेटिकल ट्रेनिंग पर था और ट्रेनिंग खत्म होने के बाद उसे नौकरी के लिए चुना नहीं गया था. वहां से रिजेक्ट होने के बाद, वह फरवरी 2026 में फ्लाईदुबई में शामिल हुआ. 

इस नाकाम साजिश के बाद, अल-कायदा आतंकी संगठन की यमन वाली शाखा (AQAP) ने अपने अखबार 'अल बयान' में 'Between September 11 and September 30' एक लेख छापा, जिसमें उन्होंने अमेरिका में हुए 9/11 हमलों से इस घटना की तुलना करते हुए ओमानी को-पायलट की कोशिश का समर्थन किया गया और इस विमान को 'यहूदी-यूएई विमान' बताया.

कौन थे वो पायलट जिसने मदद की?

इस घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी उन दो मददगार पायलटों के असली नाम और पहचान दुनिया के सामने नहीं आए हैं, क्योंकि Airline Company 'फ्लाईदुबई' ने उन्हें सिर्फ ऑफिस का स्टाफ बताया है जो उस वक्त ड्यूटी पर नहीं थे और साधारण से कपड़े पहनकर एक आम मुसाफिर की तरह सफर कर रहे थे. 

यात्रियों के बीच क्यों बैठे थे पायलट?

दरअसल, इन दोनों पायलटों को आगे चलकर इजरायल के तेल अवीव शहर से वापस दुबई के लिए विमान उड़ाकर लाना था और इसी वजह से वे केवल एक सवारी के रूप में हवाई जहाज में बैठे हुए थे. एविएशन इंडस्ट्री में इस पूरे तरीके को 'डेडहेडिंग' कहा जाता है. शुरुआत में तो बाकी मुसाफिरों को भनक तक नहीं थी कि उनके बीच दो असली पायलट बैठे हैं, लेकिन जैसे ही केबिन के भीतर कुल्हाड़ी से हमला हुआ और प्लेन बेकाबू होकर नीचे गिरने लगा तभी इन दोनों जांबाज पायलटों ने तुरंत मोर्चे को संभाला और विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराकर लोगों की जान बचा ली.  

कैप्टन स्मित ने पीएम मोदी से क्या कहा?

2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार ने उस डरावने मंजर की पूरी कहानी बताई और उन्होंने प्रधानमंत्री को साफ-साफ कहा कि जब वे केबिन के फर्श पर गिरे हुए थे और अपनी जिंदगी की आखिरी सांसें गिन रहे थे, तब वे मन ही मन लगातार 'हनुमान चालीसा' पढ़ रहे थे. कैप्टन स्मित ने बताया कि उस बेहद नाजुक और मुश्किल घड़ी में उनके मन में सिर्फ एक ही बात चल रही थी कि वे किसी भी हाल में अपने जहाज के बेकसूर मुसाफिरों की जान नहीं जाने देंगे और उनके इसी पक्के इरादे तथा भगवान पर भरोसे ने उन्हें उस अधमरी हालत में भी रेंगकर दरवाजा खोलने की हिम्मत और ताकत दी. प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित के अदम्य साहस, तुरंत दिखाए गए सूझबूझ और देश का मान बढ़ाने के लिए उनकी सराहना की.

इजरायली पीएम नेतन्याहू ने क्या कहा?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मछार को वीडियो कॉल मिलाई और बातचीत के दौरान उन्हें 'इजरायल, भारत और पूरी दुनिया का असली हीरो' बताया. नेतन्याहू का साफ कहना था कि कैप्टन स्मित की सूझबूझ और बहादुरी की वजह से एक बहुत बड़ी अंतरराष्ट्रीय आतंकी साजिश नाकाम हो गईऔर इसी बड़े एहसान को मानते हुए इजरायली प्रधानमंत्री ने कैप्टन स्मित मच्छार और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों को इजरायल के आने वाले स्वतंत्रता दिवस के बड़े जश्न में खास मेहमान के रूप में बुलाया है. उन्होंने यह भी बताया कि इस खास मौके पर दोनों बड़े नेता मिलकर इजरायल के समारोह की मुख्य मशाल जलाएंगे जो कि एक बहुत बड़ा सम्मान है. यह सम्मान खासकर इजरायल के लोगों को ही मिलता है. फिलहाल कैप्टन स्मित का संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अस्पताल में इलाज चल रहा है जहां वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं और तेजी से ठीक हो रहे हैं.

Advertisement
Advertisement

Advertisement