दुनिया
इटली के वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर फेडेरिको वेरोनेसी को 'द आफ्टरमैथ' तस्वीर के लिए 'वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर ऑफ द ईयर 2026' चुना गया है. जानें इस तस्वीर में ऐसा क्या है खास...
इंसान जब दुखी होता है तो कई बार उसकी आंखों से आंसू निकल आते हैं. खुशी में वह हंसता है और किसी अपने को खोने पर उसे गहरा दुख होता है. लेकिन क्या जानवर भी अपने किसी साथी या बच्चे को खोने का दर्द महसूस करते हैं? वे मौत को किस तरह समझते हैं? इन सवालों का जवाब तलाशना वैज्ञानिकों के लिए आसान नहीं है क्योंकि जानवर अपनी भावनाओं को इंसानों की तरह शब्दों में जाहिर नहीं कर सकते. लेकिन कई बार उनके व्यवहार में इमोशन की झलक दिखाई देती है.
हाथी के एक बेहद भावुक पल को कैमरे में कैद करने वाले इटली के वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर फेडेरिको वेरोनेसी को 'वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर ऑफ द ईयर 2026' चुना गया है. उनकी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर का नाम 'द आफ्टरमैथ' है. इसमें एक हथिनी अपने सूंड और दांत के बीच एक मरे हुए हाथी के बच्चे को जकड़े हुए दिखाई दे रही है. इस तस्वीर को लंदन के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में ग्रैंड टाइटल मिला है. इस साल प्रतियोगिता में 121 देशों से कुल 65,403 तस्वीरें आई थीं जिसमें से इस तस्वीर को बेस्ट माना गया है.
फेडेरिको वेरोनेसी सितंबर 2025 में नामीबिया की हुआब नदी घाटी में हाथियों की तस्वीरें लेने गए थे. यह इलाका सूखा है और यहां नदी के कई हिस्से बड़े समय तक साल में सूखे रहते हैं. ऐसे में हाथियों को भोजन और पानी की तलाश में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है.
एक दिन वेरोनेसी को सूखी नदी के तल में जमीन पर घिसटने के निशान दिखाई दिए. पहले उन्हें लगा कि शायद कोई हाथी लकड़ी का बड़ा टुकड़ा घसीटकर ले गया होगा. लेकिन जब वह निशानों का पीछा करते हुए हाथियों के एक समूह तक पहुंचे तो उन्होंने एक ऐसा नजारा देखा जिसे वह लंबे समय तक भूल नहीं पाए.
हाथियों के समूह में मौजूद एक हथिनी अपने साथ एक मरे हुए नवजात हाथी को लेकर चल रही थी. बच्चे का एक पैर हथिनी के दांत और सूंड के बीच फंसा हुआ था. उसका शरीर जमीन से ऊपर लटक रहा था. वेरोनेसी ने देखा कि हथिनी कुछ दूर चलने के बाद बच्चे को नीचे रखती, आसपास से भोजन करती और फिर उसे उठाकर आगे बढ़ जाती.
वेरोनेसी ने बताया, 'बच्चा बहुत छोटा था और उसका शरीर अभी अकड़ा नहीं था.' इससे उन्हें लगा कि उसकी मौत हाल ही में हुई होगी. यह नजारा इतना भावुक था कि उन्हें कुछ देर के लिए ऐसा लगा कि यह हाथी का निजी पल है और शायद उन्हें इसकी तस्वीर नहीं लेनी चाहिए. लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि यह तस्वीर लोगों को हाथियों के व्यवहार और उनकी जिंदगी के उन पहलुओं के बारे में सोचने का मौका देगी, जिन पर आमतौर पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता.
पहली नजर में ऐसा लगा कि हथिनी अपने मरे हुए बच्चे को लेकर घूम रही है. लेकिन बाद में नामीबिया के रेगिस्तानी हाथियों के संरक्षण के लिए काम करने वाले एनजीओ एलिफेंट ह्यूमन रिलेशन्स एड (EHRA) के कंजर्वेशन प्रोग्राम डायरेक्टर क्रिस्टिन विंटर से बातचीत करने पर वेरोनेसी को पता चला कि मामला कुछ अलग था. विंटर के मुताबिक, तस्वीर में दिख रही हथिनी उस मरे हुए बच्चे की मां नहीं थी. 14 साल की इस हथिनी ने लगभग दो साल पहले अपना बच्चा खो दिया था. इसके बाद उसे चार अलग-अलग मौकों पर दूसरे हाथियों के मरे हुए बच्चों को उठाकर ले जाते हुए देखा गया था. यह इस इलाके में किसी हाथी के इस तरह के व्यवहार का पहला दर्ज मामला था.
लेकिन सवाल यह था कि अगर यह हथिनी इस बच्चे की मां नहीं थी तो फिर वह उसे इस तरह से लेकर क्यों घूम रही थी. इस सवाल का पक्का जवाब नहीं है. विंटर के मुताबिक, यह हथिनी की भावनात्मक प्रतिक्रिया हो सकती है और हो सकता है कि वह दूसरे जानवरों से मरे हुए बच्चे के शरीर को बचाने की कोशिश कर रही हो. ऑ

हाथियों में मौत से जुड़े कई तरह के व्यवहार देखे गए हैं. कभी वे मरे हुए हाथी के शरीर के पास देर तक रुकते हैं, कभी उसे सूंड से छूते हैं और कभी उसकी हड्डियों को उठाकर देखते हैं. कुछ मामलों में हाथियों को डेडबॉडी की रखवाली करते और उसे अपने साथ ले जाते हुए भी देखा गया है. यह व्यवहार एशियन और अफ्रीकन दोनों तरह के हाथियों में पाया गया.
वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर ऑफ द ईयर प्रतियोगिता की जूरी की अध्यक्ष कैथी मोरान ने फेडेरिको वेरोनेसी की तस्वीर की तारीफ करते हुए कहा कि यह तस्वीर कई स्तर पर असर डालती है. उन्होंने कहा, 'भावनात्मक रूप से यह बेहद मार्मिक तस्वीर है और साइंटिफिक नजरिए से यह जानवरों की चीजों को समझने, जानकारी को याद रखने और उसके आधार पर प्रतिक्रिया देने की क्षमता की ओर ध्यान खींचती है.'
हाथियों की इमोशनल और सोशल लाइफ को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने सिर्फ उनके मरे हुए साथी के प्रति ही व्यवहार की स्टडी नहीं की बल्कि वह पहले के रिसर्च में यह पत लगाने की कोशिश कर चुके हैं कि उनके सोशल लाइफ में स्टेस कैसे जुड़ा हुआ है.
तुर्कू यूनिवर्सिटी के रिसर्चर मार्टिन सेल्टमैन और उनकी टीम ने म्यांमार में लकड़ी के काम में लगे पालतू एशियाई हाथियों पर स्टडी की थी. ये हाथी जंगलों में लकड़ी के लट्ठे खींचने और धकेलने जैसे काम करते थे. ऐसे में उन्हें जंगल में रहने का मौका तो मिलता था लेकिन वे पूरी तरह से जंगली नहीं थे.
साल 2022 में जनरल एंड कंपेरेटिव इंडोक्रिनोलॉजी नाम की साइंस मैग्जीन में छपे इस रिसर्च में हाथियों के सामाजिक रिश्तों और उनके गोबर में पाए जाने वाले ग्लूकोकॉर्टिकोइड मेटाबोलाइट्स के लेवल के बीच संबंध का अध्ययन किया गया. इससे उनके स्ट्रेस रिस्पॉन्स के बारे में जानकारी मिल सकती थी. इस रिसर्च में 95 एशियन हाथियों के सामाजिक जीवन के अलग-अलग पहलुओं पर गौर किया गया.
स्टडी में पाया गया कि नर हाथियों में दूसरे हाथियों के साथ नियमित सामाजिक संपर्क कम होने पर स्ट्रेस से जुड़े अधिक संकेत मिले. हाथियों के जिन कामकाजी समूहों में नर हाथियों की संख्या मादाओं की तुलना में ज्यादा थी, वहां भी नर हाथियों में ग्लूकोकॉर्टिकोइड मेटाबोलाइट्स का लेवल ज्यादा पाया गया. वहीं हथनियों के समूह में बच्चों की मौजूदगी से उनके तनाव के स्तर में कमी पाई गई.
इस रिसर्च का सबसे अहम पहलू यह है कि हाथियों के सामाजिक रिश्ते उनके स्वास्थ्य और तनाव से जुड़े हो सकते हैं. लेकिन हर हाथी का स्वभाव, उसका अनुभव, उसकी उम्र और उसके आसपास का माहौल अलग होता है इसलिए किसी एक कन्क्लूजन को सभी हाथियों पर लागू नहीं किया जा सकता.
हाथियों के व्यक्तित्व और सामाजिक व्यवहार पर भी और भी रिसर्च हुए हैं. 2018 में रॉयल सोसायटी ओपन साइंस में छपी स्टडी में प्राकृतिक वातावरण में रहने वाले सेमी-केप्टिव एशियन हाथियों के व्यक्तित्व का आकलन किया गया. साल 2019 में साइंटिफिक रिपोर्ट्स में छपी एक और स्टडी में नर और मादा हाथियों के स्वभाव में अंतर की जांच की गई. इन स्टडी से यह समझने में मदद मिलती है कि हाथियों के व्यवहार में व्यक्तिगत और सामाजिक स्तर पर काफी विविधता हो सकती है.
यह भी पढ़ें- मंदी का DNA डिकोड करने वाले दो अमेरिकन को इकोनॉमी का नोबेल, कौन हैं रॉबर्ट हॉल और माइकल वुडफोर्ड?